भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट के लिए मई 2026 का महीना बेहद शानदार रहा है. देश के लोगों ने जमकर नई गाड़ियों की खरीदारी की है. इस बार भी सेल्स चार्ट में एक बार फिर Maruti Suzuki का राज देखने को मिला. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने न सिर्फ टॉप 3 पोजीशन पर कब्जा जमाया, बल्कि टॉप 10 की लिस्ट में अपनी 6 गाड़ियों को शामिल करने में कामयाबी हासिल की है. वहीं, Tata Moters, Mahindra और Hyundai ने भी अपने पॉपुलर मॉडल्स के दम पर मारुति को कड़ी टक्कर दी है. आइए जानते हैं कि मई 2026 में भारतीयों ने सबसे ज्यादा कौन-सी कारें खरीदीं.

नंबर 1 बनी Maruti Desire, Fronx ने चौंकाया
मई 2026 के महीने में भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार Maruti Suzuki Dzire रही है. इस कॉम्पैक्ट सेडान ने 24,546 यूनिट्स की बिक्री के साथ सालाना आधार पर 36 प्रतिशत की बेहतरीन ग्रोथ दर्ज की है. दूसरे नंबर पर Maruti Fronx रही है, जिसने 20,686 यूनिट्स बेचकर सबको चौंका दिया है. Fronx ने सालाना आधार पर 52 प्रतिशत की धमाकेदार ग्रोथ हासिल की है, जिससे यह बाजार में सबसे तेजी से बढ़ने वाली गाड़ी बन गई है.

Ertiga और Tata Punch की ऊंची छलांग
लंबे समय से बड़े परिवारों की पसंदीदा रही Maruti Suzuki Ertiga तीसरे स्थान पर बनी हुई है. Ertiga ने मई में 20,350 यूनिट्स की बिक्री की है, जो पिछले साल के मुकाबले 26 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं, Tata Moters की सबसे पॉपुलर माइक्रो SUV Tata Punch अपने EVवर्जन के साथ चौथे नंबर पर रही. Punch ने 54 प्रतिशत की जबरदस्त सालाना ग्रोथ के साथ 20,208 गाड़ियां बेची हैं. इसके ठीक पीछे पांचवें नंबर पर Tata Nexon रही, जिसकी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक मॉडल को मिलाकर कुल 19,100 यूनिट्स बिकीं. Nexon ने 46 प्रतिशत की मजबूत सालाना बढ़त हासिल की है.

Baleno ने मारी 58 प्रतिशत की सबसे बड़ी बाजी
इस लिस्ट में सबसे ज्यादा फायदा Maruti की प्रीमियम हैचबैक Baleno को हुआ है. Baleno छठे नंबर पर रही और इसने 18,396 यूनिट्स की बिक्री के साथ टॉप 10 कारों में सबसे ज्यादा यानी 58 प्रतिशत की सालाना ग्रोथ दर्ज की है. इसके बाद सातवें नंबर पर Maruti की सदाबहार Wagon R रही, जिसने 18,076 यूनिट्स की सेल की. वहीं, युवाओं की पसंदीदा Maruti Swift 24 फीसदी की बढ़त और 17,519 यूनिट्स की बिक्री के साथ आठवें स्थान पर कब्जा जमाने में कामयाब रही.

Mahindra Scorpio और Hyundai Creta भी लिस्ट में शामिल
SUV लवर्स के बीच Scorpio Classic और Scorpio N का क्रेज कम होने का नाम नहीं ले रहा है. यह पॉपुलर एसयूवी 15,774 यूनिट्स की बिक्री और 10 प्रतिशत की सालाना ग्रोथ के साथ नौवें नंबर पर रही. लिस्ट को पूरा करते हुए दसवें नंबर पर मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट की किंग Hyundai Creta रही. कड़े मुकाबले के बावजूद Creta ने मई 2026 में 15,253 गाड़ियां बेचीं और 3 प्रतिशत की सालाना ग्रोथ दर्ज करते हुए टॉप 10 में अपनी जगह पक्की की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं