अब तक लोगों के पास पेट्रोल-इलेक्ट्रिसिटी से चार्ज होने वाले स्कूटर का ही ऑप्शन होता था. लेकिन अब एक नया ऑप्शन उनके पास जुड़ गया है. इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में एक नया और अलग तरह का स्कूटर पेश किया गया है. कैलिफोर्निया की कंपनी Otherlab ने अपना नया इलेक्ट्रिक कार्गो स्कूटर Lightfoot लॉन्च किया है.
इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कंपनी ने सीधे बॉडी पर दो सोलर पैनल लगाए हैं, जिनकी मदद से यह धूप से भी चार्ज हो सकता है. ये स्कूटर शहर में छोटी दूरी तय करने वालों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसमें दो लोग आराम से बैठ सकते हैं. इसके अलावा सामान रखने के लिए बड़ा लॉक होने वाला स्टोरेज भी मिलता है.
बॉडी पर लगे हैं दो सोलर पैनल
Lightfoot को Vespa और Volkswagen Bus जैसे क्लासिक व्हीकल्स से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है. इसमें एयरक्राफ्ट ग्रेड एल्यूमिनियम फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है, जिसके दोनों तरफ 120-120 वॉट के दो सोलर पैनल लगे हैं. कंपनी का दावा है कि अच्छी धूप मिलने पर ये सोलर सिस्टम हर दिन करीब 18 मील यानी लगभग 30 किलोमीटर तक की अतिरिक्त ड्राइविंग रेंज दे सकता है. वहीं, एक घंटे की अच्छी धूप में स्कूटर को लगभग 3 मील यानी करीब 5 किलोमीटर तक की रेंज मिल सकती है. इसका मतलब ये नहीं कि स्कूटर पूरी तरह सोलर एनर्जी पर ही चलेगा, लेकिन अगर इसे नियमित रूप से धूप में पार्क किया जाए तो चार्जिंग की जरूरत काफी कम हो सकती है.

सामान रखने के लिए मिलेगा बड़ा स्टोरेज
इस स्कूटर में पीछे की तरफ 45.2 लीटर का बड़ा लॉक होने वाला और मौसम से सुरक्षित कार्गो कंपार्टमेंट दिया गया है. इसमें करीब 20 किलोग्राम तक का सामान रखा जा सकता है. इसमें किराने का सामान, ऑफिस बैग, हेलमेट या रोजमर्रा की जरूरत की अन्य चीजें आसानी से रखी जा सकती हैं. कंपनी ने स्टोरेज को स्कूटर के बीच वाले हिस्से में रखा है, जिससे वजन का संतुलन बेहतर बना रहता है और कम स्पीड पर भी स्कूटर चलाने में आसानी होती है.
एक बार चार्ज करने पर 60Km तक चलेगा
सोलर चार्जिंग के अलावा Lightfoot में लिथियम-आयन बैटरी भी दी गई है. कंपनी के मुताबिक, यह बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 37 मील यानी लगभग 60 किलोमीटर तक की रेंज देती है. जब चार्जर से चार्ज किया जाता है, तो बैटरी करीब 90 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है. स्कूटर में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग भी दी गई है, जो ब्रेक लगाने के दौरान कुछ ऊर्जा वापस बैटरी में भेजती है. इसके अलावा इसमें 2.8 इंच का वॉटरप्रूफ टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया गया है, जिस पर स्पीड, बैटरी लेवल, लाइटिंग स्टेटस और दूसरी जरूरी जानकारी दिखाई देती है.

डुअल मोटर और कई सेफ्टी फीचर्स
Lightfoot में दोनों पहियों में 750-750 वॉट के ब्रशलेस हब मोटर लगाए गए हैं. यह स्कूटर अधिकतम 32 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकता है. इसमें ट्विस्ट-एंड-गो थ्रॉटल दिया गया है, इसलिए गियर या क्लच की जरूरत नहीं पड़ती. बेहतर सुरक्षा के लिए इसमें हाइड्रोलिक डिस्क ब्रेक, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, 10 इंच के पहिए और मोटरसाइकिल स्टाइल फ्रंट और रियर सस्पेंशन दिए गए हैं. स्कूटर का कुल वजन 62 किलोग्राम है.
इसके अलावा इसमें 2,000 लुमेन की फ्रंट लाइट, एक्सेलेरोमीटर से एक्टिव होने वाली रियर लाइट, 120 डेसिबल का हॉर्न और इलेक्ट्रॉनिक व्हील लॉक जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं. Lightfoot की शुरुआती कीमत 4,995 डॉलर (लगभग 4.75 लाख रुपये) रखी गई है. अभी इस स्कूटर को अमेरिकी बाजार में पेश किया गया, भारतीय बाजार में लॉन्चिंग को लेकर कंपनी की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है. अमेरिका में इसे कंपनी की वेबसाइट के जरिए खरीदने, रिजर्व करने और प्री-ऑर्डर करने का ऑप्शन उपलब्ध है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं