Mahindra ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV XUV 3XO का नया CNG वर्जन XUV 3XO ZNG नाम से लॉन्च कर दिया है. KUV100 के बाद ये कंपनी की तरफ से पेश की जाने वाली पहली फैक्ट्री-फिटेड CNG पैसेंजर कार बन गई है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी गई है. इस नए CNG मॉडल के जुड़ने से अब XUV 3XO रेंज में ग्राहकों को पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक के बाद चौथा फ्यूल ऑप्शन भी मिलने लगेगा.
कंपनी ने इसे चार ट्रिम्स में पेश किया है. इनमें MX Edge ZNG की एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी गई है. जबकि REVX Edge (O) ZNG की कीमत 10.79 लाख रुपये और AX5 ZNG की कीमत 11.19 लाख रुपये है. इसके सबसे टॉप-एंड REVX A ZNG की कीमत 12.27 लाख रुपये रखी गई है.
XUV 3XO ZNG के फीचर्स
XUV 3XO ZNG में कंपनी ने मॉडर्न ट्विन-सिलेंडर CNG स्टोरेज टेक्नोलॉजी का उपयोग किया है. इसमें दो छोटे CNG सिलेंडरों को बूट फ्लोर के नीचे फिट किया गया है. ट्रेडिशनल CNG गाड़ियों से अलग, इस लेआउट की मदद से कार की डिक्की में सामान रखने के लिए काफी खाली बूट स्पेस मिल जाता है. इसके अलावा, कंपनी ने कार के स्पेयर व्हील (स्टेपनी) को बॉडी के नीचे फिट किया है. केबिन के अंदर डैशबोर्ड पर ऑटो इंजन स्टार्ट/स्टॉप बटन के ऊपर एक डेडिकेटेड CNG-Petrol स्विच बटन दिया गया है. इसके साथ ही, इसके डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को इस तरह ट्यून किया गया है कि वह स्क्रीन पर पेट्रोल और CNG दोनों के फ्यूल लेवल को एक साथ दिखाता है.

पावरफुल टर्बो इंजन और परफॉर्मेंस
Mahindra ने इस कार को अपने रिफाइंड 1.2-लीटर टर्बोचार्ज्ड MPFI पेट्रोल इंजन के साथ तैयार किया है, जो पेट्रोल और CNG दोनों फ्यूल पर आसानी से चल सकता है. CNG मोड में एक्टिव होने पर भी ये टर्बो इंजन 114 hp की मैक्सिमम पावर और 200 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी ने इसमें 10-बार इंजेक्शन प्रेशर तकनीक का उपयोग किया है, जो ऑटो इंडस्ट्री के सामान्य 5 से 6 बार प्रेशर के मुकाबले काफी अधिक है.

महिंद्रा के अनुसार, XUV 3XO ZNG 24.7 किमी/किग्रा का शानदार माइलेज दे सकती है. रफ्तार के मामले में यह मात्र 4.9 सेकंड में 0 से 60 किमी प्रति घंटे और केवल 11.8 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. CNG किट और सिलेंडरों के अतिरिक्त वजन को संभालने के लिए कंपनी ने इसके सेमी-इंडिपेंडेंट रियर सस्पेंशन को खासतौर से मजबूत और अपग्रेड किया है.

XUV 3XO ZNG की सेफ्टी और XUV 3XO ZNG मुकाबला
महिंद्रा ने इस गाड़ी की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया है. इसमें 6 एयरबैग्स, सभी सीटों के लिए सीटबेल्ट रिमाइंडर, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक्स और एक बेहद मजबूत रीइन्फोर्स्ड चेसिस दिया गया है. महिंद्रा का दावा है कि इस गाड़ी के स्ट्रक्चर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि CNG डिवाइस फिट होने के बाद भी ये क्रैश टेस्ट में अपनी 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग को पूरी तरह बरकरार रखेगी. बाजार में उतरते ही महिंद्रा की इस CNG कार का सीधा मुकाबला पहले से मौजूद Maruti Suzuki Brezza और Tata Nexon के CNG वेरिएंट्स से होने वाला है.
यह भी पढ़ें | BS-VII आते ही बैन होंगी पुरानी बाइक और कारें? इस दिन से नया नियम होगा लागू, जानें हर सवाल के जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं