EV यानी इलेक्ट्रिक व्हीकल का क्रेज धीरे-धीर ही सही लेकिन बढ़ रहा है. मौजूदा समय की बात करें तो भारत में Kia और Hyundai Motor दोनों की इलेक्ट्रिक कारें मौजूद हैं. हालांकि, Kia India इस समय Hyundai Motor India पर बढ़त बनाती हुई नजर आती है. इसकी वजह है Hyundai Motor India के पास फिलहाल सिर्फ दो इलेक्ट्रिक कारें- Hyundai Creta Electric और Hyundai IONIQ 5 मौजूद हैं.
वहीं, Kia India के पोर्टफोलियो में चार इलेक्ट्रिक मॉडल- Kia Carens Clavis EV (7-सीटर), Kia EV6, Kia EV9 और हाल ही में लॉन्च हुई Kia Syros EV शामिल हैं. अगर बाजार की बात करें, तो Hyundai Creta Electric काफी लोकप्रिय है क्योंकि यह लोकप्रिय Creta का इलेक्ट्रिक अवतार है और इसके डाइमेंशन भी लगभग समान हैं.
दूसरी ओर, Kia Syros EV भले ही Hyundai Creta Electric से आकार में छोटी हो, लेकिन इसमें वही बैटरी पैक दिए गए हैं, फीचर्स ज्यादा मिलते हैं और इसकी कीमत भी कम है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या Hyundai Creta Electric खरीदने वाले ग्राहक अब Kia Syros EV की ओर रुख करेंगे?
भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में Hyundai Creta Electric और Kia Syros EV दो ऐसे विकल्प हैं, जिनकी तुलना कोरियन कार खरीदने वाला खरीदार जरूर करेगा. दोनों SUVs एक जैसे बैटरी पैक, पावर और चार्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ आती हैं, लेकिन कीमत, रेंज और वैल्यू फॉर मनी के मामले में इन दोनों में काफी अंतर देखने को मिलता है. आइए जानते हैं कि आपके लिए कौन-सी इलेक्ट्रिक SUV बेहतर साबित हो सकती है.
कीमत में कितना अंतर?
अगर कीमत की बात करें तो Kia Syros EV यहां साफ बढ़त बनाती है. Kia Syros EV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 13.49 लाख रुपये है, जबकि इसके टॉप वैरिएंट की कीमत 19.99 लाख रुपये तक जाती है. वहीं, Hyundai Creta Electric की शुरुआती कीमत 18.03 लाख रुपये है और टॉप मॉडल की कीमत 24.70 लाख रुपये तक जाती है. यानी Creta Electric की तुलना में Syros EV लगभग 4.54 लाख रुपये तक सस्ती है.

बैटरी पैक और पावर
दोनों इलेक्ट्रिक SUVs में लगभग समान तकनीक देखने को मिलती है.
- 42 kWh बैटरी पैक
- 51.4 kWh बैटरी पैक
- छोटी बैटरी के साथ दोनों में 135 PS की पावर मिलती है, जबकि बड़े बैटरी पैक के साथ 171 PS की अधिकतम पावर मिलती है. दोनों का अधिकतम टॉर्क 255 Nm है.
रेंज में कौन आगे?
अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा रेंज है, तो Kia Syros EV बेहतर विकल्प साबित होती है.
Kia Syros EV
- 42 kWh बैटरी: 443 किमी
- 51.4 kWh बैटरी: 526 किमी
Hyundai Creta Electric
- 42 kWh बैटरी: 390 किमी
- 51.4 kWh बैटरी: 473 किमी
यानी Syros EV दोनों बैटरी विकल्पों में Creta Electric से अधिक क्लेम्ड ड्राइविंग रेंज ऑफर करती है.
चार्जिंग
चार्जिंग के मामले में दोनों SUVs लगभग बराबरी पर हैं. 50 kW DC फास्ट चार्जर से 10% से 80% चार्ज होने में लगभग 58 मिनट का समय लगता है. दोनों में 11 kW AC चार्जर का सपोर्ट भी मिलता है, जिससे घर या ऑफिस में सुविधाजनक चार्जिंग की जा सकती है.
BaaS में कौन ज्यादा किफायती?
अगर आप कम शुरुआती कीमत में EV खरीदना चाहते हैं, तो Battery-as-a-Service (BaaS) एक अच्छा विकल्प है. इसमें बैटरी की कीमत अलग होती है और उसके लिए प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान करना पड़ता है.
Kia Syros EV के BaaS मॉडल की कीमत 7.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जबकि Hyundai Creta Electric की शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये है.
बैटरी रेंटल की बात करें तो Kia Syros EV के 42 kWh वेरिएंट पर 3.30 रुपये प्रति किमी और 51.4 kWh वैरिएंट पर 3.80 रुपये प्रति किमी का शुल्क है. वहीं, Hyundai Creta Electric के लिए 3.90 रुपये प्रति किमी का भुगतान करना होगा. यानी, कम शुरुआती कीमत और कम बैटरी रेंटल के मामले में Kia Syros EV का BaaS मॉडल Hyundai Creta Electric से ज्यादा किफायती नजर आता है.
कौन बेहतर?
अगर बजट महत्वपूर्ण है तो Kia Syros EV बेहतर विकल्प है. इसकी शुरुआती कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये कम है. जबकि अगर आपको रेंज चाहिए तो Syros EV आगे है. बड़ी बैटरी के साथ 526 किमी की क्लेम्ड रेंज मिलती है, जबकि Creta Electric 473 किमी तक जाती है.
अगर ब्रांड, सर्विस नेटवर्क और प्रीमियम SUV फील चाहिए तो दोनों ही गाड़ियां बेहतर हैं. अगर वैल्यू फॉर मनी देख रहे हैंतो Kia Syros EV बेहतर डील साबित होती है क्योंकि कम कीमत में ज्यादा रेंज और लगभग समान पावरट्रेन मिलता है.
ये भी पढ़ें: अब ये लग्जरी कार ब्रांड करेगा छंटनी! 8000 लोगों की एक झटके में जाएगी जॉब, रिपोर्ट में हैरान कर देने वाला दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं