अगर आप एडवेंचर और ऑफ-रोड बाइकिंग के दीवाने हैं, और आपके पास नई कावासाकी KLX230 बाइक है, तो आपके लिए एक बेहद मजेदार खबर सामने आई है. Kawasaki India ने 'Road To Himalaya 2026' प्रोग्राम की घोषणा कर दी है. यह प्रोग्राम खासतौर से MY26 Kawasaki KLX230 के ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है. इस प्रोग्राम के जरिए राइडर्स को न सिर्फ अपनी बाइक की असली ताकत पहचानने का मौका मिलेगा, बल्कि वे देश भर के राइडर्स से भी जुड़ सकेंगे.
सिर्फ 100 राइडर्स को मिलेगा मौका
कावासाकी का यह शानदार प्रोग्राम पूरे भारत के KLX230 मालिकों के लिए खुला है, लेकिन इसमें सिर्फ 100 सीटें ही उपलब्ध हैं. इसके लिए रजिस्ट्रेशन 22 जून 2026 को शाम 6 बजे से शुरू हो चुके हैं और 30 जून 2026 शाम 6 बजे तक बंद हो जाएंगे. जो भी राइडर पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर रजिस्टर करेगा, उसे मौका मिलेगा. इसके बाद 1 से 5 जुलाई के बीच चुने गए राइडर्स के नामों की पुष्टि की जाएगी.
Aprilia ने लॉन्च की Aprilia Tuono 457 Special Edition बाइक, फीचर्स देखकर राइडर्स बोलेंगे - पैसा वसूल
कौन ले सकता है भाग?
इस इवेंट में भाग लेने के लिए राइडर के पास कुछ जरूरी दस्तावेज होने चाहिए. आपके पास एक वैलिड ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) और कोड ऑफ कंडक्ट के अनुसार पूरे राइडिंग गियर होने चाहिए. रजिस्ट्रेशन के समय राइडर्स को नियम और शर्तें, राइडर कोड ऑफ कंडक्ट, प्रोग्राम गाइडलाइंस और मेडिकल डिस्क्लेमर जैसे जरूरी दस्तावेजों पर साइन करना होगा.
फेज 1: बेंगलुरु में मिलेगी मुफ्त ऑफ-रोड ट्रेनिंग
इस प्रोग्राम को दो चरणों में बांटा गया है. पहला चरण 'राइडर डेवलपमेंट प्रोग्राम' है, जो पूरी तरह से फ्री है और यह बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा. इसमें तीन अनिवार्य ट्रेनिंग सेशन होंगे.
सेशन 1 (जुलाई के अंत में): इसमें बॉडी पोजीशनिंग, बैलेंस, कंट्रोल और ब्रेकिंग जैसी ऑफ-रोड की बुनियादी चीजें सिखाई जाएंगी.
सेशन 2 (अगस्त के मध्य में): इसमें राइडर्स को पहाड़ी चढ़ाई, उतराई, मोड़ों पर टर्निंग और मुश्किल रास्तों को समझने की एडवांस्ड ट्रेनिंग दी जाएगी.
सेशन 3 (सितंबर की शुरुआत में): इसमें राइडर्स की सहनशक्ति और तकनीकी क्षमता का टेस्ट लिया जाएगा. ध्यान रहे कि तीनों सेशन में शामिल होना अनिवार्य है.
दादा-परदादा के जमाने की 5 Bikes, जिनकी आज भी है ठाठ! जानिए इन विंटेज बाइकों का इतिहास
फेज 2: एडवांस्ड रैली कैंप और फाइनल सिलेक्शन
पहले चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले राइडर्स दूसरे चरण में पहुंचेंगे, जिसे 'एडवांस्ड रैली प्रिपरेशन कैंप' नाम दिया गया है. यह 3 दिनों का कैंप भी बेंगलुरु में होगा. इस स्टेज पर राइडर्स के लिए ₹7,000 की फीस रखी गई है. इस कैंप में रैली राइडिंग, नेविगेशन, गाड़ी का मैनेजमेंट और कॉम्पिटिटिव राइडिंग तकनीक सिखाई जाएगी. इसके बाद फाइनल इवैल्यूएशन होगा और टॉप राइडर्स को 'रैली ऑफ हिमालया' (अक्टूबर 2026) में कावासाकी का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना जाएगा.
सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
कावासाकी ने साफ कर दिया है कि इस पूरे प्रोग्राम के दौरान राइडर्स की सुरक्षा सबसे ऊपर रहेगी. सभी राइडर्स के लिए ईसीई (ECE) या स्नेल (SNELL) अप्रूव्ड फुल-फेस हेलमेट, राइडिंग जैकेट, राइडिंग पैंट, ग्लव्स, मोटोक्रॉस बूट्स (कम से कम 15 इंच लंबे) और गॉगल्स पहनना अनिवार्य है. सुरक्षा नियमों का पालन न करने वाले किसी भी राइडर को तुरंत अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं