Honda ने भारतीय बाजार में अपनी पॉपुलर मिड-साइज सेडान Honda City Facelift 2026 को लॉन्च कर दिया है. इस नई कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12 लाख रुपये रखी गई है. यह 2023 के बाद City का दूसरा बड़ा अपडेट है. कंपनी ने इस कार को भारतीय ग्राहकों के लिए और ज्यादा मॉडर्न और फीचर-लोडेड बनाने की कोशिश की है. इसके साथ कंपनी ने भारतीय बाजार में ZR-V SUV भी पेश की है.

2026 Honda City Facelift का सबसे बड़ा बदलाव इसके डिजाइन में देखने को मिलता है. कार के फ्रंट हिस्से को पूरी तरह नया लुक दिया गया है. इसमें नई स्टाइल के हेडलैंप, हनीकॉम्ब पैटर्न वाली नई ग्रिल और दोनों हेडलैंप को जोड़ती लाइट स्ट्रिप दी गई है, जो कार को मॉडर्न और प्रीमियम लुक देती है. कंपनी ने इसमें अपना नया लोगो भी लगाया है, जो बोनट और ग्रिल के बीच दिखाई देता है.
Honda ZR-V Hybrid SUV की भारत में एंट्री, जानिए कीमत, फीचर्स और क्या होगा खास
नई डिजाइन वाले बंपर में साइड पर ट्रायएंगुलर ट्रिम्स दिए गए हैं, जिससे कार ज्यादा स्पोर्टी दिखती है. साइड प्रोफाइल पहले जैसी रखी गई है लेकिन नए अलॉय व्हील्स डिजाइन के साथ इसे थोड़ा अलग बनाया गया है. पीछे की तरफ स्मोक्ड टेललाइट्स, वर्टिकल रिफ्लेक्टर यूनिट्स और क्लीनर लुक वाला बूट लिड दिया गया है, जिसमें इंटीग्रेटेड स्पॉइलर भी शामिल है. पीछे का बंपर भी नया डिजाइन किया गया है.

कार को कई आकर्षक रंगों जैसे Crystal Black Pearl, Radiant Red Metallic, Obsidian Blue Pearl, Platinum White Pearl, Lunar Silver Metallic और Meteoroid Gray Metallic में पेश किया गया है.
Honda City Facelift 2026 को कई वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है. इसकी शुरुआती कीमत SV मैनुअल वेरिएंट के लिए 11.99 लाख रुपये है. V वेरिएंट की कीमत 13.29 लाख रुपये से शुरू होती है. ZX वेरिएंट 15.25 लाख रुपये से मिलता है, जबकि ZX+ मैनुअल वेरिएंट 16.14 लाख रुपये में उपलब्ध है. CVT ऑटोमैटिक विकल्प V, ZX और ZX+ में उपलब्ध है जिनकी कीमत क्रमशः 14.29 लाख, 16.25 लाख और 17.14 लाख रुपये रखी गई है. वहीं हाइब्रिड e:HEV ZX+ वेरिएंट की कीमत 20.99 लाख रुपये है.
2026 Honda City Facelift Launch: प्रीमियम लुक और नए फीचर्स के साथ मिल रहे हैं शानदार अपग्रेड
केबिन और फीचर्स में बड़ा अपग्रेड
कार के इंटीरियर में लेआउट पहले जैसा रखा गया है लेकिन अब इसमें बड़ा 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो Android Auto और Apple CarPlay को सपोर्ट करता है. इसके अलावा कार में सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जर, फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स, 8-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, एंबिएंट लाइटिंग और फुटवेल लाइटिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
Honda ने सुरक्षा फीचर्स पर भी खास ध्यान दिया है. नई City Facelift में 360-डिग्री कैमरा, 6 एयरबैग्स, हिल होल्ड असिस्ट और ADAS (Advanced Driver Assistance System) जैसे आधुनिक सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. ये फीचर्स ड्राइविंग को सुरक्षित और आसान बनाते हैं, खासकर हाईवे और ट्रैफिक में.

इंजन और माइलेज
नई Honda City Facelift में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 121 hp की पावर और 145 Nm टॉर्क पैदा करता है. यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और CVT गियरबॉक्स ऑप्शन के साथ आता है.
हाइब्रिड वेरिएंट में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर सपोर्ट दिया गया है. यह सेटअप 126 hp पावर और 253 Nm टॉर्क जनरेट करता है. Honda City Facelift 2026 सीधे तौर पर Volkswagen Virtus, Hyundai Verna और Skoda Slavia जैसी मिड-साइज सेडान कारों को टक्कर देगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं