भारत के दोपहिया वाहन बाजार ने जुलाई 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. घरेलू बाजार में दोपहिया वाहनों की बिक्री 19.23 लाख यूनिट से ज्यादा रही. पिछले साल जुलाई में 15.69 लाख यूनिट की बिक्री के मुकाबले इस बार सालाना आधार पर 22.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
कुल दोपहिया बिक्री की बात करें तो जुलाई 2026 में 24.77 लाख से ज्यादा यूनिट भेजी गईं और सालाना आधार पर 23.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई. देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Hero MotoCorp की एंट्री-लेवल कम्यूटर बाइक Splendor ने जुलाई 2026 में एक बार फिर टॉप-10 दोपहिया वाहनों की बिक्री में पहला स्थान हासिल किया
77,777 रुपये से कीमत शुरू
यानी Hero Splendor एक बार फिर देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक रही. आपको बता दें कि Hero Splendor की बिक्री हमेशा से काफी ज्यादा रही है. यानी लोग इसको काफी पसंद करते हैं. इसकी कीमत की बात करें तो दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 77,777 रुपये से शुरू होती है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इसको जल्द नए अपग्रेड के साथ कंपनी रिलॉन्च कर सकती है.
Hero Splendor की बिक्री में 35.9% की बढ़ोतरी
Hero Splendor ने जुलाई 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. इसकी बिक्री जुलाई 2025 की 2,46,715 यूनिट से बढ़कर जुलाई 2026 में 3,35,346 यूनिट हो गई. इस तरह बाइक की बिक्री में सालाना आधार पर करीब 35.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. इस प्रदर्शन के साथ Splendor ने देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली दोपहिया गाड़ी का अपना स्थान बरकरार रखा. आपको बता दें कि Hero Splendor में 97.2cc की इंजन मिलती है. कंपनी का दावा है कि ये 70 kmpl तक का माइलेज देती है.

Honda Activa दूसरे नंबर पर
Honda Activa 2,06,170 यूनिट की बिक्री के साथ दूसरे नंबर पर रही. हालांकि, इसकी बिक्री में सालाना आधार पर 13.1 प्रतिशत की गिरावट आई. जुलाई 2025 में Activa की 2,37,413 यूनिट बिकी थीं. बिक्री में गिरावट के बावजूद Activa टॉप-10 में दूसरे स्थान पर अपनी जगह बनाए रखने में सफल रही.
Honda Shine की बिक्री में 20.2% बढ़ोतरी
Honda Shine ने भी तीसरे स्थान पर अपनी पकड़ बनाए रखी. जुलाई 2026 में इसकी 1,91,950 यूनिट बिकीं, जबकि जुलाई 2025 में 1,59,658 यूनिट की बिक्री हुई थी. इस तरह Shine की बिक्री में सालाना आधार पर 20.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई. इसके बाद TVS Jupiter चौथे नंबर पर रही. जुलाई 2025 में इसकी 1,24,876 यूनिट बिकी थीं, जो जुलाई 2026 में बढ़कर 1,48,595 यूनिट हो गईं. इसकी बिक्री में 19 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई.
Suzuki Access और Bajaj Pulsar की बिक्री
Suzuki Access ने 82,505 यूनिट की बिक्री के साथ पांचवां स्थान हासिल किया. जुलाई 2025 में इसकी 68,172 यूनिट बिकी थीं. इस तरह स्कूटर की बिक्री में 21 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई. वहीं Bajaj Pulsar 66,156 यूनिट की बिक्री के साथ छठे स्थान पर रही. जुलाई 2025 में इसकी 79,817 यूनिट बिकी थीं. यानी इसकी बिक्री में 17.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई. Bajaj भारत में Pulsar नाम से टोटल 11 मोटरसाइकिल बेचती है.
TVS Apache की बिक्री में जबरदस्त उछाल
TVS Apache जुलाई 2026 में सातवें नंबर पर रही. इसकी बिक्री जुलाई 2025 की 37,566 यूनिट से बढ़कर 59,404 यूनिट हो गई.
इस तरह Apache की बिक्री में सालाना आधार पर 58.1 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज हुई. TVS iQube ने जुलाई 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. इलेक्ट्रिक स्कूटर की 59,386 यूनिट बिकीं, जबकि जुलाई 2025 में इसकी 23,029 यूनिट बिकी थीं. इस तरह iQube की बिक्री में सालाना आधार पर 157.9 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई. iQube टॉप-10 दोपहिया वाहनों की सूची में शामिल इकलौता इलेक्ट्रिक मॉडल रहा. करीब 60 हजार यूनिट की बिक्री के साथ इसने किसी भी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन के लिए रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की.
ये भी पढ़ें- Mahindra BE6 Sporteq लॉन्च, कीमत 11.45 लाख से शुरू, अंदर से फ्लाइट केबिन जैसी दिखती है गाड़ी, देखें फोटो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं