Hero MotoCorp ने हाल ही में लॉन्च हुई अपनी एथेनॉल से चलने वाली बाइक्स 'Hero Splendor+ Flex Fuel' और 'Hero HF Deluxe Flex Fuel' पर ₹4,000 के बंपर डिस्काउंट का ऐलान कर दिया है. यह लिमिटेड पीरियड ऑफर जुलाई 2026 तक लागू रहेगा. अगर आप भी पेट्रोल के बढ़ते दामों से परेशान हैं और एक किफायती, मजबूत और नए जमाने की तकनीक वाली बाइक ढूंढ रहे हैं, तो यह मौका आपके लिए बेस्ट साबित हो सकता है.
डिस्काउंट के बाद क्या है नया दाम?
ऑफर के बाद Hero Splendor+ Flex Fuel की प्रभावी एक्स-शोरूम कीमत घटकर मात्र ₹78,710 रह गई है, जो लॉन्चिंग के समय ₹82,710 थी. इसी तरह अगर आप Hero HF Deluxe Flex Fuel खरीदना चाहते हैं, तो अब यह बाइक आपको ₹72,792 के बजाय केवल ₹68,792 की एक्स-शोरूम कीमत पर मिल जाएगी.
इस नए डिस्काउंट के बाद एक बेहद दिलचस्प बात सामने आई है. अब फ्लेक्स-फ्यूल वाली नई स्प्लेंडर प्लस की कीमत सामान्य E20 पेट्रोल से चलने वाली स्प्लेंडर से मात्र ₹1,153 ही ज्यादा रह गई है. वहीं, दूसरी तरफ अगर आप नई HF डीलक्स फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल को देखें, तो यह अपने पुराने और स्टैंडर्ड HF Deluxe i3S कास्ट वेरिएंट से भी करीब ₹1,650 सस्ती मिल रही है.
फ्लेक्स-फ्यूल बाइकों की खासियत?
इन दोनों बाइकों की सबसे बड़ी खूबी यह है कि ये दोनों 'E85 फ्यूल' पर चलने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं. E85 का मतलब है एक ऐसा ईंधन जिसमें 85 प्रतिशत एथेनॉल और सिर्फ 15 प्रतिशत पारंपरिक पेट्रोल मिला होता है. भारत के आम बजट सेगमेंट में यह पहली बार है जब कोई बाइक इतने ज्यादा एथेनॉल मिश्रण के साथ दौड़ने के लिए तैयार की गई है. इस ईंधन के इस्तेमाल के लिए हीरो ने बाइक के अंदर एक नया फ्यूल पंप, एक एक्स्ट्रा फ्यूल फिल्टर और एक नए तरीके से कैलिब्रेट किया गया इंजन कंट्रोल यूनिट (ECU) लगाया है जो फ्यूल के हिसाब से खुद को एडजस्ट कर लेता है.
E100 फ्यूल क्या है, क्या ये पेट्रोल की जगह ले सकता है? जानिए इसके फायदे और नुकसान
इंजन और परफॉर्मेंस में भी हुआ सुधार
ताकत की बात करें तो दोनों बाइकों में कंपनी का सबसे भरोसेमंद 97.2cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है. जब आप इस बाइक को E85 एथेनॉल मोड पर चलाते हैं, तो यह इंजन 8.4 bhp की पावर और 8.3 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. हीरो मोटोकॉर्प का दावा है कि सामान्य पेट्रोल वर्जन के मुकाबले एथेनॉल ईंधन पर चलने से इस बाइक की पावर में 7 फीसदी और टॉर्क में 3 फीसदी का सुधार आता है. यानी यह बाइक न सिर्फ प्रदूषण कम करेगी बल्कि आपको पहले से बेहतर पिकअप और परफॉर्मेंस भी देगी.
जानिए कहां और कब से मिलेगी यह बाइक
अगर आप इस बाइक को खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपको इसकी उपलब्धता के बारे में भी जान लेना चाहिए. कंपनी इस लिमिटेड पीरियड डिस्काउंट के साथ Hero Splendor+ Flex Fuel और HF Deluxe Flex Fuel की बिक्री जुलाई 2026 से दिल्ली और महाराष्ट्र के कुछ चुनिंदा इलाकों में शुरू करने जा रही है. इसके बाद आने वाले कुछ महीनों में हीरो मोटोकॉर्प इस तकनीक को देश के अन्य राज्यों और बड़े शहरों में भी चरणबद्ध तरीके से बढ़ाएगी ताकि हर आम आदमी इसका फायदा उठा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं