केंद्र सरकार ने कहा है कि भारत का एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम पूरी तरह सुरक्षित है और E20 फ्यूल के इस्तेमाल से वाहन इंश्योरेंस अमान्य नहीं होगा. सरकार ने उन दावों को गलत बताया है, जिनमें कहा जा रहा था कि E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने से इंश्योरेंस क्लेम पर असर पड़ सकता है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि संबंधित पक्षों के साथ इस मामले की जांच की गई और पाया गया कि E20 फ्यूल को लेकर फैल रही ऐसी बातें सही नहीं हैं.
सरकार ने कहा कि एथेनॉल ब्लेंडिंग दुनिया के कई देशों में सफलतापूर्वक लागू है. अमेरिका, ब्राजील और जापान जैसे देशों में इसका इस्तेमाल लंबे समय से हो रहा है. सरकार के मुताबिक ब्राजील में E27 पेट्रोल स्टैंडर्ड फ्यूल के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. यानी वहां पेट्रोल में 27 % एथेनॉल मिलाया जाता है.
देश को हुआ बड़ा आर्थिक फायदा
सरकार ने बताया कि एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम की वजह से भारत को कच्चे तेल के आयात पर कम खर्च करना पड़ा है. इससे देश ने अब तक 1.4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की विदेशी मुद्रा बचाई है. इसके अलावा एथेनॉल बनाने में इस्तेमाल होने वाली कृषि फसलों की मांग बढ़ी है. इससे किसानों की आमदनी को सहारा मिला है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है.
ऊर्जा सुरक्षा और साफ पर्यावरण में मदद
सरकार ने कहा कि एथेनॉल ब्लेंडिंग से भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होती है. साथ ही कार्बन इमिशन कम करने और स्वच्छ मोबिलिटी को बढ़ावा देने में भी यह अहम भूमिका निभाता है. सरकार ने भरोसा दिलाया कि यह प्रोग्राम वैज्ञानिक तथ्यों, पारदर्शिता और सभी हितधारकों के साथ लगातार बातचीत के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: Adani AGM: मजबूत हुई वित्तीय सेहत... AI और डेटा सेंटर्स से पोर्ट्स-एयरपोर्टस तक गौतम अदाणी ने बताया भविष्य का रोडमैप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं