दिवाली के नजदीक आते ही देश की कई बड़ी कार कंपनियां अपनी इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) रेंज पर भारी डिस्काउंट और कई तरह के फायदे ऑफर कर रही हैं. इन ऑफर्स में कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज और स्क्रैपेज बोनस के साथ-साथ लॉयल्टी बेनिफिट्स भी शामिल हैं. अगर आप नई EV लेने का प्लान कर रहे हैं तो आप लाखों रुपये तक की छूट पा सकते हैं. आइए, आपको इलेक्ट्रिक कारों पर मिलने वाले टॉप ऑफर्स के बारे में बताते हैं. इस लिस्ट में Tata से लेकर Hyundai तक शामिल हैं.
Tata Curvv EV पर बड़ी छूट
17.19 लाख रुपये से 19.69 लाख रुपये की रेंज में आने वाली Tata Curvv EV के प्री-सीरीज X मॉडल पर सबसे ज्यादा 3.35 लाख रुपये तक के फायदे मिल रहे हैं. इसमें 3 लाख रुपये का फ्लैट कैश डिस्काउंट और 35 हजार रुपये तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस शामिल है. वहीं इसके प्री-सीरीज X Creative वेरिएंट पर थोड़ा कम यानी 2.5 लाख रुपये का कैश डिस्काउंट मिल रहा है. जिससे इस पर टोटल फायदा 2.85 लाख रुपये का हो जाता है. इसके अलावा, Series X वेरिएंट्स पर 65 हजार रुपये तक के फायदे दिए जा रहे हैं, जिसमें 35 हजार रुपये तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस और 30 हजार रुपये का लॉयल्टी इंसेंटिव शामिल है. आपको बता दें कि प्री-सीरीज एक्स Curvv EV में 45kWh और 55kWh के बैटरी पैक्स मिलते हैं, जो सिंगल चार्ज में 430km और 502km की रेंज का दावा करते हैं.
Tata Harrier EV पर भी लाखों की बचत
Tata Harrier EV की कीमत 21.79 लाख रुपये से 29.29 लाख रुपये के बीच है. इस दिवाली इसके Fearless+ और Empowered वेरिएंट्स पर 2.75 लाख रुपये तक के बंपर फायदे मिल रहे हैं. इस ऑफर में 1 लाख रुपये का इंटरवेंशन ऑफर, 75 हजार रुपये तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस और 1 लाख रुपये तक का लॉयल्टी इंसेंटिव शामिल है. इस केAdventure वेरिएंट्स पर 75 हजार रुपये का इंटरवेंशन ऑफर दिया जा रहा है, जिससे इस पर मिलने वाला कुल फायदा 2.5 लाख रुपये हो जाता है.
वहीं इसके टॉप-स्पेक एम्पॉवर्ड AWD स्टेल्थ 75 ACFC वेरिएंट पर ये इंटरवेंशन ऑफर थोड़ा कम यानी 50 हजार रुपये है, जिससे इस पर कुल 2.25 लाख रुपये की बचत की जा सकती है. ये दमदार इलेक्ट्रिक SUV 65kWh और 75kWh के बैटरी पैक्स के साथ आती है, जहां इसका 75kWh रियर-व्हील-ड्राइव मॉडल 627km और ऑल-व्हील-ड्राइव मॉडल 622km की रेंज देता है, जबकि 65kWh मॉडल 538km की रेंज का दावा करता है.
Tata Tiago EV और Punch EV पर भी भारी डिस्काउंट
टाटा की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार Tata Tiago EV (कीमत 7.99 लाख से 11.14 लाख रुपये) के प्री-फेसलिफ्ट मॉडल के बचे हुए स्टॉक पर कुल 1.45 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है. इसमें 70 हजार रुपये का कैश डिस्काउंट, 50 हजार रुपये का इंटरवेंशन ऑफर और 25 हडार रुपये तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस शामिल है. इसके XZ+ Long Range वेरिएंट पर 1 लाख रुपये का कैश डिस्काउंट और 25 हजार रुपये का एक्सचेंज बोनस मिल रहा है, जिससे कुल बचत 1.25 लाख रुपये की होती है. वहीं मीडियम रेंज वेरिएंट्स पर 40 हजार रुपये का कैश डिस्काउंट मिल रहा है, जिससे कुल फायदा 65 हजार रुपये का हो जाता है. ये कार 19kWh और 24kWh बैटरी पैक्स के साथ आती है, जो 250km और 315km की रेंज देते हैं.
इसके साथ ही, बाजार से बाहर जा रहे Tata Punch EV (कीमत 9.99 लाख से 14.44 लाख रुपये) के लॉन्ग रेंज वेरिएंट्स पर भी 1.45 लाख रुपये तक के फायदे मिल रहे हैं, जिसमें 1.1 लाख रुपये का कैश डिस्काउंट और 35 हजार रुपये का एक्सचेंज बोनस शामिल है. इसके मीडियम रेंज वेरिएंट्स पर 90 हजार रुपये के कैश डिस्काउंट के साथ कुल 1.25 लाख रुपये की बचत हो रही है, जबकि बेस Smart वेरिएंट पर 60,000 रुपये का कैश डिस्काउंट मिल रहा है, जिससे कुल फायदा 95,000 रुपये का हो जाता है.
आपको बता दें कि ये ऑफर्स केवल पुराने मॉडल पर ही लागू हैं. इसका फायदा आप नए अपडेटेड 40kWh मॉडल पर नहीं ले सकते हैं. पुराना मॉडल 25kWh और 35kWh बैटरी पैक्स के साथ आता था. कंपनी का दावा है ये 315km और 421km की रेंज ऑफर करता है.
Hyundai Creta EV और Kia Carens Clavis EV पर ऑफर्स
18.03 लाख रुपये से 23.82 लाख रुपये के बीच आने वाली Hyundai Creta Electric के Smart (O) Long Range HC और Excellence Long Range HC वेरिएंट्स पर 65,000 रुपये तक के फायदे मिल रहे हैं, जबकि अन्य वेरिएंट्स पर 50 हजार रुपये तक की बचत की जा सकती है. इस ऑफर में कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज, बुकिंग बोनस और अपग्रेड बेनिफिट्स शामिल हैं, हालांकि कंपनी ने इनके अलग-अलग आंकड़ों का खुलासा नहीं किया है. ये कार 42kWh और 51.4kWh के बैटरी पैक्स के साथ आती है जो 420km और 510km की रेंज देते हैं.
दूसरी तरफ, Kia Carens Clavis EV (कीमत 18.04 लाख से 25 लाख रुपये) पर कंपनी 75 हजार रुपये तक के फायदे दे रही है. इस इलेक्ट्रिक MPV पर कोई कैश डिस्काउंट तो नहीं है, लेकिन इसमें 20 हजार रुपये का एक्सचेंज बेनिफिट, 20,000 रुपये का लॉयल्टी बेनिफिट, 20,000 रुपये का स्क्रैपेज बेनिफिट और 15,000 रुपये तक का कॉर्पोरेट ऑफर शामिल है. ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस में से किसी एक का फायदा उठा सकते हैं. ये गाड़ी 42kWh और 51.4kWh के बैटरी पैक्स के साथ आती है. ये 404km और 490km की रेंज का दावा करती है.
यह भी पढ़ें | 56.2 KM का माइलेज, कीमत बजट में, पूरी फैमली के लिए Hero का नया स्कूटर लॉन्च, जानें फीचर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं