विज्ञापन

बचपन में तारों को निहारने से स्पेस तक का सफर, भारत की बेटी कल्पना चावला की कहानी, आज के दिन ही पहुंची थीं अंतरिक्ष

19 नवंबर 1997 भारत के अंतरिक्ष इतिहास का एक यादगार दिन है. इसी दिन हरियाणा के करनाल में जन्मीं कल्पना चावला ने नासा के स्पेस शटल कोलंबिया के मिशन STS-87 के जरिए पहली बार अंतरिक्ष में पहुंची थीं.

बचपन में तारों को निहारने से स्पेस तक का सफर, भारत की बेटी कल्पना चावला की कहानी, आज के दिन ही पहुंची थीं अंतरिक्ष
जब अंतरिक्ष पहुंची भारत की बेटी
NDTV
  • कल्पना चावला पहली भारतीय मूल की महिला थीं, जिन्होंने 19 नवंबर 1997 को अंतरिक्ष में उड़ान भरी
  • उनका जन्म 17 मार्च 1962 को हरियाणा के करनाल में हुआ था, जहां वे बचपन में तारों को निहारती थीं
  • उन्होंने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी

साल था 1997 और तारीख थी 19 नवंबर, जब भारत की बेटी कल्पना चावला ने इतिहास रच दिया था. नासा के स्पेस शटल कोलंबिया से मिशन एसटीएस-87 के जरिए वे पहली बार अंतरिक्ष में पहुंचीं. इसके साथ ही वह अंतरिक्ष में जाने वाली भारतीय मूल की पहली महिला बन गईं। यह सिर्फ एक अंतरिक्ष उड़ान नहीं थी बल्कि करोड़ों भारतीयों के लिए गर्व और सपनों की उड़ान का क्षण था.

बचपन में तारों को निहारती थीं कल्पना

17 मार्च 1962 को हरियाणा के करनाल में बनारसी लाल और संजयोती के घर कल्पना चावला का जन्म हुआ था. बचपन में कल्पना छत पर लेटकर घंटों तारों को निहारती रहतीं और सोचती थीं कि वे कितने दूर हैं, फिर भी हमारे कितने पास हैं. टैगोर बाल निकेतन की लाइब्रेरी उसकी दूसरी दुनिया हुआ करती थी. वर्ष 1976 में कल्पना ने पढ़ाई पूरी की. उनके पिता चाहते थे कि वो डॉक्टर या अध्यापक बनें लेकिन उनके मन में तो कुछ और चल रहा था.

कल्पना ने 1982 में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद आर्लिंगटन के टेक्सास विश्वविद्यालय से मास्टर्स किया और फिर कोलोराडो विश्वविद्यालय से पीएचडी की. वर्ष 1991 में कल्पना ने अमेरिका की नागरिकता ले ली.

नासा के एम्स रिसर्च सेंटर में काम किया

कल्पना ने नासा के एम्स रिसर्च सेंटर में काम किया, जहां कम्प्यूटेशनल फ्यूड डाइनामिक पर रिसर्च किया. वर्ष 1993 में ओवरसेट मेथड्स आईएनसी में वाइस प्रेसिडेंट बन गईं. यहां उन्होंने मल्टी-बॉडी सिमुलेशन पर काम किया. वर्ष 1994 में नासा ने उनको चुना तो करनाल सहित पूरा देश गर्व से झूम उठा. मार्च 1995 में कल्पना ने स्पेस सेंटर से ट्रेनिंग शुरू की. उन्होंने दो साल की कठिन ट्रेनिंग पूरी की.

19 नवंबर 1997 को कल्पना पहली बार अंतरिक्ष मिशन एसटीएस 87 के जरिए पहली बार अंतरिक्ष में पहुंचीं. यह पूरे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण था, क्योंकि वह अंतरिक्ष में जाने वाली पहली भारतीय मूल की पहली महिला बनीं. इस मिशन को अंजाम देने के लिए नासा के स्पेस शटल कोलंबिया का इस्तेमाल किया गया.

कल्पना ने अपने पहले मिशन में 1.04 करोड़ किलोमीटर या 65 लाख मील का सफर तय करके 365 घंटों में पृथ्वी की 252 परिक्रमाएं कीं. अंतरिक्ष से पृथ्वी को देखकर उन्होंने कहा था कि यहां से सब सीमाएं मिट जाती हैं. सिर्फ एक नीला गोला दिखता है, हमारा घर. उनकी पहली उड़ान 16 दिनों की थी. यह मिशन 5 दिसंबर 1997 को संपन्न हुआ था.

16 जनवरी 2023 को कल्पना चावला ने एसटीएस-107 मिशन पर अंतरिक्ष के लिए दूसरी बार उड़ान भरी थी. 1 फरवरी 2003 को पृथ्वी पर वापस लौटते वक्त 'कोलंबिया' यान भीषण हादसे का शिकार हो गया था. पृथ्वी पर लैंडिंग से महज 16 मिनट की दूरी पर स्पेसक्राफ्ट में कुछ तकनीकी दिक्कत आ गई. यान के बाएं पंखे में छेद होने की वजह से बाहर की गैस अंतरिक्ष यान के अंदर तेजी से भरने लगी. यान में गैस भरने से सेंसर ने काम करना बंद कर दिया और स्पेसक्राफ्ट हादसे का शिकार हो गया. कल्पना इस मिशन से कभी नहीं लौटी.

यह भी पढ़ें | International Women's Day 2026: भारत की 10 मह‍िलाएं, ज‍िन्‍होंने तोड़ी बंद‍िशें और गढ़े नए मकाम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kalpana Chawala, Kalpana Chawla, Kalpana Chawla Achievements, Kalpana Chawla Achievements And Awards, Kalpana Chawla Achievements In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com