- होंडा ने 2026 सिटी फेसलिफ्ट को नए 10.1-इंच के बड़े और फ्लोटिंग टचस्क्रीन के साथ लॉन्च किया है
- नई होंडा सिटी फेसलिफ्ट में फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स शामिल की गई हैं, जो गर्मी से राहत देंगी
- कार में 360-डिग्री कैमरा सिस्टम, लेनवॉच कैमरा, छह एयरबैग और दो ADAS फीचर्स दिए गए हैं
Honda City Facelift Updates: जब भी भारत में प्रीमियम और भरोसेमंद सेडान की बात होती है, तो सबसे पहले होंडा सिटी का नाम दिमाग में आता है. भले ही आजकल लोग SUV को पसंद कर रहे हैं. फिर भी सिटी कार ने ग्राहकों के दिलों में जगह और भरोसा बनाए रखा है. अब इसी सफलता को आगे बढ़ाने के लिए होंडा कंपनी ने 2026 होंडा सिटी फेसलिफ्ट को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया, जिससे ये कार और भी दमदार हो गई है. कीमत की बात करें तो इस नई नवेली सेडान की शुरुआती कीमत 11.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी है.
बड़ी बात ये है कि कंपनी ने कई सारे कॉस्मेटिक बदलावों और हाई-टेक फीचर्स को जोड़ने के बाद भी इसकी शुरुआती कीमत को पुराने मॉडल जैसे ही रखा है. हां, यहां एक सवाल जरूर बनता है कि क्या ये बदलाव सच में इतने बड़े हैं जो ग्राहकों को पसंद आ सकें. हमारा जवाब है हां. दरअसल नई होंडा सिटी फेसलिफ्ट में 5 ऐसे बड़े अपडेट्स हुए हैं, जो इसे अपने सेगमेंट में हुंडई वरना के साथ स्कोडा स्लाविया से आगे खड़ा करते हैं. इस खबर में जानते हैं कौन से 5 धांसू अपडेट्स कंपनी ने दिए हैं.
1. नया 10.1-इंच का फ्लोटिंग टचस्क्रीन
पुराने मॉडल में सबसे बड़ी कमी उसका छोटा इंफोटेनमेंट सिस्टम था. लेकिन 2026 मॉडल में होंडा ने इस कमी को दूर कर दिया. अब कार के अंदर बैठते ही एक नया 10.1‑इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो पहले से करीब 65% बड़ा है. इतना ही नहीं इसकी स्क्रीन बहुत स्मूथ काम करती है. साथ ही ये आसानी से फोन से कनेक्ट हो जाता है. इसका फ्लोटिंग डिजाइन कार के डैशबोर्ड को और ज्यादा मॉडर्न लुक देता है.
2. सिटी में फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स
भारत की तेज गर्मी को देखते हुए लोग काफी समय से होंडा सिटी में वेंटिलेटेड सीट्स का इंतजार कर रहे थे. अब कंपनी ने ग्राहकों की ये डिमांड पूरी कर ही दी. नई होंडा सिटी फेसलिफ्ट में आगे की सीटों पर वेंटिलेटेड सीट्स का फीचर दिया है. इसका मतलब कि अब गर्मी के दिनों में भी सीटें ठंडी रहेंगी और गर्मी से परेशानी बहुत हद तक कम हो जाएगी.
3. सेफ्टी का लेवल अप हुआ
इसमें कोई शक नहीं है कि सेफ्टी के मामले में होंडा हमेशा से आगे रही है, लेकिन इस बार कंपनी ने कुछ अलग ही किया है. नई सिटी में अब आपको 360-डिग्री कैमरा सिस्टम मिलेगा, जो छोटी सड़कों पर कार पार्क करने और ट्रैफिक में मुड़ने में मदद करेगा. अच्छी बात ये कि होंडा ने अपना सिग्नेचर लेनवॉच कैमरा इसमें जारी रखा है. यानी इस कार में आपको लेफ्ट मिरर के नीचे लेनवॉच कैमरा और साथ में 360-डिग्री व्यू, दोनों का कॉम्बिनेशन मिलेगा. यकीन कीजिए ऐसा फीचर्स इस सेगमेंट की किसी भी कार में नहीं है. इसके अलावा सभी वेरिएंट में 6 एयरबैग, मिड वेरिएंट से ही 2-ADAS की सुविधा मिलेगी.
4. क्रिस्टल ब्लैक कलर के हुए सभी दीवाने
युवाओं की पसंद को देखते हुए होंडा ने नई सिटी को अब नए क्रिस्टल ब्लैक पर्ल कलर में भी उतारा है, जो दिखने में स्टाइलिश है. खासतौर पर ब्लैक कलर पसंद करने वालों के लिए ये एक शानदार ऑप्शन साबित हो सकता है. कलर के अलावा इसमें नए 16‑इंच के ड्यूल‑टोन अलॉय व्हील्स मिल रहे हैं. केबिन की बात करें तो पुराने नकली लकड़ी वाले पैनल की जगह अब सैटिन सिल्वर फिनिश और नई ब्लू एम्बिएंट लाइटिंग दी है, जिससे केबिन और ज्यादा मॉडर्न हो गया है.
5. ऑल-एलईडी लाइटिंग स्टैंडर्ड
कंपनियां अब अपनी कार को प्रीमियम बनाने के लिए नई एलईडी लाइट्स का इस्तेमाल कर रही हैं. ऐसा ही कुछ नई होंडा सिटी में देखने को मिला है. अब होंडा ने अब इसके बेस वेरिएंट से लेकर टॉप वेरिएंट तक ऑल-एलईडी लाइटिंग का सेटअप दे दिया है. कंपनी ने बताया कि नई बाई-एलईडी (Bi-LED) हेडलाइट्स की रोशनी पुराने मॉडल के मुकाबले दोगुनी दूरी और चौड़ाई तक फैलती है.
इंजन में कोई बदलाव नहीं
फीचर्स के अलावा कार में कोई बदलाव नहीं किया गया, क्योंकि इसका इंजन पहले से ही शानदार माना जाता रहा है. इसमें वही पुराना 1.5-लीटर i-VTEC पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 121bhp की पावर जनरेट करता है. ये 6-स्पीड मैनुअल और CVT गियरबॉक्स के साथ आता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं