Sidhi Ka Vastu Niyam: पंचतत्वों पर आधारित वास्तु शास्त्र के अनुसार किसी भी भवन में सीढ़ियों का बहुत ज्यादा महत्व होता है क्योंकि यह सिर्फ आपको एक मंजिल से दूसरी मंजिल पर पहुंचाने भर का ही जरिया नहीं होती हैं, बल्कि इसका संबंध आपके सुख-समृद्धि, सेहत और तरक्की से भी जुड़ा होता है. यदि आपने अपना पूरा मकान वास्तु के नियमों के अनुसार बनाया है और सीढ़ियां बनाते समय उसकी अनदेखी कर दी है तो निश्चित तौर पर उससे जुड़े दोष आपके कष्टों का बड़ा कारण बन सकते हैं. आइए सीढ़ी से जुड़े वास्तु नियम को विस्तार से जानते हैं.
वास्तु के अनुसार सीढ़ी की सही दिशा क्या है?
अक्सर लोगों को मकान बनाते समय इस बात को लेकर भ्रम बना रहता है कि आखिर वह अपने घर में सीढ़ी किस दिशा में बनवाए. यदि आपका भी यही प्रश्न है तो वास्तु शास्त्र के अनुसार इसका जवाब नैऋत्य कोण यानि दक्षिण-पश्चिम दिशा है. वास्तु शास्त्र के अनुसार इस दिशा में बनाई जाने वाली सीढ़ी सबसे ज्यादा शुभ मानी गई है. यदि इस स्थान पर सीढ़ी बनाना मुश्किल हो तो आप दक्षिण या फिर पश्चिम दिशा का चुनाव कर सकते हैं. वास्तु के अनुसार इस दिशा में बनी सीढ़ी वहां पर रहने वाले लोगों को आर्थिक एवं मानसिक मजबूती प्रदान प्रदान करती है.
घर में कहां नहीं बनाना चाहिए सीढ़ियां?

Photo Credit: pexels
वास्तु के अनुसार सीढ़ियों को बनाने के लिए जहां नैऋत्य कोण को अत्यंत ही शुभ माना गया है, वहीं ईशान कोण यानि उत्तर-पूर्व दिशा और घर के मध्य भाग यानि ब्रह्म स्थान पर भूलकर भी सीढ़ी नहीं बनवाना चाहिए. वास्तु के अनुसार इस नियम की अनदेखी करने वालों को अक्सर तमाम तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है. जो लोग इस वास्तु नियम को इग्नोर करते हैं, उन्हें अक्सर धनहानि, कर्ज जैसी परेशानियां झेलनी पड़ती है.
घर की सीढ़ी में कितनी पैड़ी होनी चाहिए?
अक्सर लोगों के मन में एक सवाल आता है कि किसी भी मकान में बनाई जाने वाली सीढ़ी आखिर कितनी पैड़ी या फिर कहें स्टेप्स होने चाहिए. इस संबंध में वास्तु शास्त्र कहता है कि घर में हमेशा विषम संख्या में जैसे 11, 15, 17 पैड़ी बनाना चाहिए और सम संख्या में बनाने से बचना चाहिए.
सीढ़ी से जुड़े इन वास्तु नियमों का भी रखें ख्याल

- वास्तु शास्त्र के अनुसार घर की सीढ़ियां हमेशा बाएं ओर से दाएं ओर मुड़ते हुए होनी चाहिए.
- वास्तु शास्त्र के अनुसार सीढ़ियों के नीचे कभी भी बाथरूम, किचन या पूजा घर नहीं बनवाना चाहिए.
Vastu Tips: वास्तु दोष से भी बिगड़ते हैं रिश्ते, जानें खुशियों को बढ़ाने वाले सरल सहज उपाय
- वास्तु के अनुसार घर की सीढ़ियां कभी भी अधूरी बनी हुई न हों और न ही उनकी पैड़ी टूटी हो.
- वास्तु के अनुसार सीढ़ियों पर हमेशा समुचित प्रकाश की व्यवस्था होनी चाहिए, वहां पर कभी भी अंधेरा न रहे.
- वास्तु के अनुसार सीढ़ियों के नीचे कभी भी मोटर, इन्वर्टन न रखें, बल्कि उसे साफ-सुथरा रखें.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं