Aaj Ka Panchang,14 May 2026: देवों के देव महादेव और माता पार्वती की पूजा को समर्पित गुरु प्रदोष व्रत 14 मई 2026, गुरुवार को रखा जाएगा. गुरुवार के दिन पड़ने की वजह से इसे गुरु प्रदोष व्रत कहा जाता है. इस बार का प्रदोष व्रत बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि इस दिन अभिजीत मुहूर्त के साथ पूरे दिन सर्वार्थ सिद्धि योग का शुभ संयोग बन रहा है.
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यह योग पूजा-पाठ, मंत्र जाप और नए शुभ कार्यों की शुरुआत के लिए अत्यंत लाभकारी माना जाता है. हालांकि, शुभ योगों के बीच राहुकाल और पंचक जैसे अशुभ समय का ध्यान रखना भी जरूरी माना गया है.
गुरु प्रदोष व्रत का महत्व
प्रदोष व्रत हर माह की त्रयोदशी तिथि पर रखा जाता है. जब त्रयोदशी तिथि प्रदोष काल के दौरान रहती है, तब वह समय भगवान शिव की पूजा के लिए सबसे श्रेष्ठ माना जाता है. गुरुवार को पड़ने वाले प्रदोष व्रत को गुरु प्रदोष या बृहस्पति प्रदोष कहा जाता है. मान्यता है कि इस दिन व्रत और उपवास करने से आध्यात्मिक उन्नति, धर्म ज्ञान, शिक्षा, धन-समृद्धि और सुख की प्राप्ति होती है. यह विशेष दिन भगवान शिव के साथ देवगुरु बृहस्पति और भगवान नारायण की कृपा प्राप्त करने के लिए भी बेहद शुभ माना जाता है.
सूर्योदय, सूर्यास्त और प्रदोष काल का समय
- गुरुवार को सूर्योदय सुबह 5 बजकर 31 मिनट पर और सूर्यास्त शाम 7 बजकर 4 मिनट पर होगा.
- प्रदोष काल शाम 7 बजकर 4 मिनट से रात 9 बजकर 9 मिनट तक रहेगा.
- वहीं त्रयोदशी तिथि 14 मई की सुबह 11 बजकर 20 मिनट से शुरू होकर 15 मई की सुबह 8 बजकर 31 मिनट तक रहेगी.
अभिजीत मुहूर्त और सर्वार्थ सिद्धि योग
भक्त अभिजीत मुहूर्त में भगवान महादेव की पूजा, रुद्राभिषेक और व्रत कर सकते हैं. पूरे दिन सर्वार्थ सिद्धि योग प्रभावी रहने की वजह से पूजा-पाठ, मंत्र जाप और शुभ कार्यों के लिए यह दिन बेहद शुभ माना जा रहा है. हालांकि, राहुकाल और पंचक के दौरान किसी नए कार्य की शुरुआत करने से बचना चाहिए.
आज का शुभ मुहूर्त और योग
- शुभ मुहूर्त की बात करें तो अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 51 मिनट से दोपहर 12 बजकर 45 मिनट तक रहेगा.
- वहीं सर्वार्थ सिद्धि योग पूरे दिन प्रभावी रहेगा.
- विजय मुहूर्त दोपहर 2 बजकर 33 मिनट से 3 बजकर 27 मिनट तक रहेगा.
- अमृत काल रात 8 बजकर 20 मिनट से 9 बजकर 49 मिनट तक प्रभावी रहेगा.
- वहीं ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 7 मिनट से 4 बजकर 49 मिनट तक रहेगा. यह समय नए कार्य शुरू करने के लिए बेहद शुभ माना जाता है.
आज का राहुकाल और अशुभ समय
- अशुभ समय की बात करें तो राहुकाल दोपहर 1 बजकर 59 मिनट से 3 बजकर 41 मिनट तक रहेगा.
- पंचक सुबह 5 बजकर 31 मिनट से रात 10 बजकर 34 मिनट तक प्रभावी रहेगा.
- यमगंड सुबह 5 बजकर 31 मिनट से 7 बजकर 13 मिनट तक रहेगा.
- गुलिक काल सुबह 8 बजकर 54 मिनट से 10 बजकर 36 मिनट तक रहेगा.
- वहीं दुर्मुहूर्त सुबह 10 बजकर 2 मिनट से 10 बजकर 56 मिनट तक रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं