विज्ञापन
This Article is From Nov 30, 2018

जब तेलंगाना में राहुल गांधी ने KCR को कहा- ‘खाओ कमीशन राव’

मुख्यमंत्री केसीआर के नाम का दूसरा अर्थ लगाते हुए राहुल गांधी ने उन्हें कथित रूप से ‘खाओ कमीशन राव’ से पुकारा.

जब तेलंगाना में राहुल गांधी ने KCR को कहा- ‘खाओ कमीशन राव’
राहुल गांधी का केसीआर पर तीखा हमला
हैदराबाद: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि नरेंद्र मोदी ने 'ईमानदार प्रधानमंत्री' बनने के वादे के साथ ही किया गया हर एक वादा तोड़ा है. उन्होंने मोदी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर वनवासियों को नुकसान पहुंचाने के लिए आदिवासी अधिकार कानून को हल्का बनाने का आरोप लगाया. तेलंगाना में छात्र सम्मेलन और तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए गांधी ने घोर पूंजीवाद समेत विभिन्न मुद्दों पर मोदी और राव पर हमला बोला. साथ ही उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और उसकी 'सहयोगी पार्टी' हैदराबाद के सांसद असदउद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम को भाजपा की ‘बी और सी' टीम बताया. मुख्यमंत्री केसीआर के नाम का दूसरा अर्थ लगाते हुए राहुल गांधी ने उन्हें कथित रूप से ‘खाओ कमीशन राव' से पुकारा और कहा कि जिन्होंने वादा किया था कि वह राज्य का ‘पुनर्गठन' करेंगे उसके उलट उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों और ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए सिंचाई परियोजनाओं का स्वरूप बदल दिया जिससे लागत और लोगों पर बोझ बढ़ गया.    

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी और राव ने 'कई कई वादे' किए लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए कुछ नहीं किया. उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने वादा किया कि हर नागरिक के बैंक खाते में 15 लाख रुपये आ जायेंगे, हर साल युवाओें के लिए दो करोड़ नौकरियां होगीं, किसान की कर्ज माफी और किसानों की पैदावार का न्यायोचित न्यूनतम समर्थन मूल्य... . उन्होंने यह भी वादा किया था कि वह देश के ‘चौकीदार' होंगे न कि प्रधानमंत्री.' 

तेलंगाना की TRS सरकार पर सोनिया गांधी का हमला, KCR सिर्फ अपने और अपने करीबियों के लिए काम कर रहे

गांधी ने हैदराबाद में छात्रों के एक सम्मेलन में कहा, ‘आपने देखा होगा कि उन्होंने हर एक वादा तोड़ दिया है. उन्होंने ईमानदार प्रधानमंत्री होने का वादा भी तोड़ दिया.' कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने राफेल सौदे में उद्योगपति अनिल अंबानी को 30 हजार करोड़ रुपये दे दिये, लेकिन किसानों को उनका हक नहीं दिया. उन्होंने कहा, ‘अगर प्रधानमंत्री 15 लोगों के तीन लाख पचास हजार करोड़ रुपये माफ कर सकते हैं...वह भी देश के सबसे अमीर लोगों के, तो उन्हें भारत के किसानों के कर्ज माफ करने के लिए भी तैयार रहना चाहिए.' गांधी ने कहा, "मुझे अपने लोगों से झूठ बोलने की आदत नहीं है. मेरी झूठे वादे करने की आदत नहीं है. मैंने कर्नाटक और पंजाब के किसानों से कर्ज माफी का वादा किया था, और जब हम वहां सत्ता में आए, तो हमने ऐसा ही किया.' तेलंगाना के आदिवासी क्षेत्र भूपलपल्ली में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य में अनुसूचित जनजाति की आबादी के अनुपात में उनके उम्मीदवारों को सरकारी नौकरियों और सरकारी शैक्षिक संस्थानों में दाखिले में आरक्षण देने का वादा किया.    

TRS प्रमुख चंद्रशेखर राव का हमला, 'PM मोदी और BJP को है यह बीमारी...'

गांधी ने रैली में कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र में आदिवासी विधेयक को कमजोर किया और केसीआर ने राज्य में इसे हल्का किया. तेलंगाना में हमारी सरकार के गठन के साथ हम सुनिश्चित करेंगे कि आपको आपकी जमीन वापस मिले. हमने अपने चुनावी घोषणापत्र में भी इसका जिक्र किया है.''    उन्होंने कहा, ‘हम भी आरक्षण देंगे जो आपकी आबादी के समानुपातिक होगा.'    

अनुसूचित जनजाति और अन्य परंपरागत वनवासी कानून 2006 में पारित किया गया था जब संप्रग सरकार सत्ता में थी. यह कानून वन में रहने वाले समुदायों के अधिकारों से संबंधित है. विपक्ष हमेशा से आरोप लगाता आ रहा है कि मोदी सरकार ने कानून के विभिन्न प्रावधानों को कमजोर किया है. विपक्ष का आरोप है कि कानून को खनन कंपनियों एवं उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कमजोर किया गया. 

तेलंगाना चुनाव से ठीक पहले के चंद्रशेखर राव को झटका, सांसद विश्वेश्वर रेड्डी ने छोड़ा TRS का साथ, अटकलें तेज

गौरतलब है कि टीआरएस प्रमुख ने कहा था कि अगर वह चुनाव हार गए तो वह घर जाएंगे और आराम करेंगे. इस पर चुटकी लेते हुए गांधी ने कहा, ‘केसीआर निश्चित तौर पर चुनावों के बाद 300 करोड़ रुपये के भव्य बंगले में आराम करेंगे. आप आराम करिए और कांग्रेस पार्टी तेलंगाना के लोगों की मदद से राज्य की आकांक्षाएं और सपने पूरे करेगी.'    विकाराबाद जिले के पारिगी में एक चुनावी सभा में कांग्रेस अध्यक्ष ने टीआरएस और एआईएमआईएम को भाजपा की “बी और सी”टीम बताया. उन्होंने कहा कि ओवैसी ने भाजपा की जीत को आसान बनाने के लिए असम और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारे. उन्होंने कहा, “हम 2019 के आम चुनावों में भाजपा, आरएसएस और नरेंद्र मोदी को हराएंगे. टीआरएस और एआईएमआईएम भाजपा की ही बी और सी टीम है.”    वहीं अर्मूर में एक अन्य रैली में उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह जीएसटी को आसान बनाएगी और बीड़ी उद्योग पर करों का हमदर्दी से अध्ययन करेगी.    

उन्होंने अरब की खाड़ी में प्रवासी कामगारों की मदद करने के लिए 500 करोड़ रुपये का कोष बढ़ाने का भी वादा किया.    ऑल इंडिया रेडियो पर ‘मन की बात' कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा, ‘‘मोदी जी हर महीने आपको अपने ‘मन की बात' बताते हैं. लेकिन हम आप लोगों की मन की बात सुनेंगे और आपकी इच्छाओं के मुताबिक तेलंगाना को चलाएंगे.'' कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी और केसीआर ने हमेशा बैंकों के दरवाजे अमीरों के लिए खुले रखे जबकि तेलंगाना में कांग्रेस नीत सरकार किसानों के दो लाख रुपये तक के कृषि कर्ज को माफ करेगी और 17 उत्पादों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाएगी.    गांधी ने कहा कि वह हर साल दो करोड़ से ज्यादा नौकरियां देने और लोगों के बैंक खातों में 15 लाख रुपये डालने जैसे बड़े-बड़े वादे नहीं करेंगे. उन्होंने कहा, "यह मेरी विश्वसनीयता का विषय है और मैं इसे बहुत गंभीरता से लेता हूं."साथ ही गांधी ने यह भी कहा कि राव को नवनिर्मित राज्य के निर्माण का और चीजों को नए सिरे से करने का सुनहरा अवसर मिला था लेकिन “भ्रष्टाचार में लिप्त होकर और परिवार के शासन को बढ़ावा देकर” उन्होंने इसे गंवा दिया. VIDEO: तेलंगाना के सीएम ने भंग की विधानसभा
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, K Chandrasehkar Rao, PM Narendra Modi, Khao Commission Rao, KCR
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com