
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग किया, जहां कांग्रेस, भाजपा के साथ आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
सफेद कुर्ता-पायजामा और बंडी पहने राहुल ने नई दिल्ली सीट के औरंगजेब लेन स्थित बूथ संख्या 88 पर मत डाला, जहां से शीला दीक्षित उम्मीदवार हैं। अमेठी के सांसद राहुल साढ़े 10 बजे मतदान केंद्र पर पहुंचे, जहां कतार में उनसे आगे 25 लोग थे। राहुल गांधी करीब 32 मिनट कतार में खड़े रहे, जिसके बाद उनके वोट डालने की बारी आई।
औरंगजेब लेन के मतदान केंद्र पर एक ईवीएम मशीन में खराबी आ गई थी, लेकिन इसे तत्काल दुरूस्त कर लिया गया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने दिल्ली में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया था, हालांकि इसमें लोग काफी कम संख्या में आए थे। औरंगजेब लेन बूथ पर सुबह मतदान करने वालों में भारती समूह के अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल भी शामिल थे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं