केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में आयोजित BRICS देशों के कृषि मंत्रियों की बैठक को लेकर अहम जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह सम्मेलन छोटे किसानों के सशक्तिकरण, खाद्य सुरक्षा और कृषि क्षेत्र में नवाचार को नई दिशा देने वाला साबित होगा. उन्होंने कहा कि यह बैठक भारत की वैश्विक भूमिका और कृषि नेतृत्व को मजबूत करने का बड़ा मंच है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत विकास के साथ-साथ अपनी विरासत को भी आगे बढ़ा रहा है.
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि BRICS देशों में दुनिया की लगभग आधी आबादी रहती है और इन देशों की कृषि व्यवस्था में छोटे किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है. ऐसे में सम्मेलन का मुख्य फोकस किसानों की आय बढ़ाने, खेती को अधिक टिकाऊ और उत्पादक बनाने और खाद्य एवं पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने पर रहेगा. उन्होंने कहा कि केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है. साथ ही कृषि में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और युवाओं को आधुनिक तकनीक व नवाचार के जरिए खेती की ओर आकर्षित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा.
उन्होंने यह भी कहा कि जलवायु परिवर्तन, डिजिटल कृषि और उन्नत तकनीकों के उपयोग जैसे अहम मुद्दे बैठक के केंद्र में रहेंगे, जिन पर मंत्री स्तर पर गहन चर्चा कर ठोस फैसले लिए जाएंगे. इसके अलावा विदेशी प्रतिनिधियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराने के लिए उन्हें मांडू का दौरा भी कराया जाएगा. चौहान ने विश्वास जताया कि सम्मेलन के अंत में जारी होने वाला ‘इंदौर डिक्लेरेशन' वैश्विक कृषि, खाद्य सुरक्षा और किसानों के हितों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
ये भी पढ़ें : Paddy Nursery Preparation: धान की खेती से चाहिए बंपर मुनाफा? नर्सरी डालने से पहले खेत को ऐसे करें तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं