PM Kisan 23rd Installment: देशभर के करोड़ों किसानों के लिए 20 जून का दिन महत्वपूर्ण होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इस अवसर पर देश के लगभग 9.5 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह राशि खरीफ सीजन की बुआई से ठीक पहले किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी. साथ ही पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में देशभर में विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
पश्चिम बंगाल के हुगली से किस्त जारी करेंगे प्रधानमंत्री : शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे. दोपहर 3:45 बजे आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री देशभर के किसानों से संवाद भी करेंगे. इस दौरान करोड़ों किसानों के खातों में सहायता राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी.
20 जून को ‘पीएम किसान उत्सव दिवस' के अवसर पर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करेंगे।
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) June 18, 2026
अब तक 22 किस्तों के माध्यम से 9.5 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में ₹4.28 लाख करोड़ से अधिक की राशि… pic.twitter.com/nRJCN9Wcwg
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस बार देशभर के करीब 9.5 करोड़ किसानों को 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलेगी. उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत से अब तक 22 किस्तों के माध्यम से किसानों के खातों में लगभग 4.28 लाख करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं. यह योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता बन चुकी है.
मध्यप्रदेश के किसानों के खातों में आएंगे ₹1,634.88 करोड़
मध्यप्रदेश के किसानों को भी 23वीं किस्त का बड़ा लाभ मिलेगा. केंद्रीय कृषि मंत्री के अनुसार प्रदेश के 81 लाख 67 हजार 213 किसानों के खातों में 1,634 करोड़ 88 लाख रुपये भेजे जाएंगे. उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश के किसानों को पीएम किसान योजना के तहत 33,721 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है.
पश्चिम बंगाल के किसानों को भी बड़ा फायदा
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पश्चिम बंगाल के किसानों को पहली बार व्यापक स्तर पर लाभ मिलने जा रहा है. उन्होंने बताया कि राज्य के 44 लाख 42 हजार पात्र किसानों के खातों में लगभग 885 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे.
‘पीएम किसान उत्सव दिवस' का यह कार्यक्रम पूरे देश के सभी 731 कृषि विज्ञान केंद्रों, 113 आईसीएआर संस्थानों तथा कृषि विश्वविद्यालयों में आयोजित होगा। राज्य स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेशों के मुख्यमंत्रीगण भाग लेंगे।
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) June 18, 2026
लगभग 46 लाख किसान अलग-अलगग स्थानों से… pic.twitter.com/0uaXnJKpPm
देशभर में मनेगा ‘पीएम किसान उत्सव दिवस'
23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर पूरे देश में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा. इसके तहत ये आयोजन व कार्यक्रम निर्धारित हैं.
- 731 कृषि विज्ञान केंद्रों में कार्यक्रम
- 113 आईसीएआर संस्थानों में आयोजन
- कृषि विश्वविद्यालयों में कार्यक्रम
- जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष आयोजन
- मंडियों, PACS और FPO में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि करीब 46 लाख किसान विभिन्न स्थानों से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ेंगे.
MSP पर खरीदी को लेकर बड़ा फैसला
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार ने पीएम आशा योजना के अंतर्गत कई राज्यों को दलहन फसलों की खरीदी की अनुमति दी है. इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और गुजरात शामिल हैं. इन राज्यों में मूंग, मसूर और उड़द की फसलों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाएगी, जिससे किसानों को उचित मूल्य मिल सकेगा.
आज हमने पीएम-आशा (PM-AASHA) योजना के अंतर्गत विभिन्न राज्यों को खरीदी की अनुमति प्रदान की है। उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और गुजरात में मूंग, मसूर एवं उड़द की खरीदी MSP पर होगी।
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) June 18, 2026
- माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @ChouhanShivraj जी pic.twitter.com/z1SeKIMqO1
अल नीनो और कमजोर मानसून से निपटने की तैयारी
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार अल नीनो की संभावित परिस्थितियों और मानसून में देरी की आशंका को लेकर सतर्क है. उन्होंने बताया कि राज्यों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें हो रही हैं. प्रभावित हो सकने वाले जिलों की पहचान की गई है. कंटीजेंसी प्लान तैयार किए जा रहे हैं. कम पानी वाली वैकल्पिक फसलों की व्यवस्था की जा रही है. आवश्यक बीज और कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. सरकार का प्रयास है कि किसानों को किसी भी स्थिति में नुकसान न उठाना पड़े.
पराली प्रबंधन पर भी फोकस
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस बार पराली प्रबंधन के लिए पहले से तैयारी की जा रही है. राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाए, ताकि किसानों को पराली जलाने की आवश्यकता न पड़े. उन्होंने कहा कि पराली का उपयोग जैविक खाद, पशु चारे, बायो-सीएनजी और ऊर्जा उत्पादन जैसे कार्यों में किया जा सकता है, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय भी मिल सकती है.
किसानों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
केंद्रीय कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र, पंचायत या अन्य निर्धारित स्थलों पर आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रमों में भाग लें और प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़ें. उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने वाली देश की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है और आने वाली 23वीं किस्त खरीफ सीजन की तैयारियों में किसानों के लिए बड़ी मदद साबित होगी.
यह भी पढ़ें : PM Kisan 20th Installment: 4 महीने पूरे; पीएम किसान सम्मान निधि के ₹2000? यहां देखें 20वीं किस्त का Status
यह भी पढ़ें : PM Kisan Yojana: इन किसानों के खाते में नहीं आएंगे ₹2000, पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त कब?
यह भी पढ़ें : शौर्य चक्र विजेता ‘राम-लक्ष्मण' की जोड़ी; 155 एनकाउंटर, जहां पोस्टिंग वहीं नक्सलियों के बन जाते थे काल
यह भी पढ़ें : NEET re-exam 2026: परीक्षार्थियों के लिए रेलवे का तोहफा, MP में चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए कहां हैं स्टॉपेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं