Arjuna Award Announced: प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार के लिए 17 खिलाड़ियों के नाम का ऐलान किया गया है. इस लिस्ट में वर्ल्ड कप जीतने वाली शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, डेकाथलीट और हाई जम्पर तेजस्विन शंकर और शटलर गायत्री गोपीचंद शामिल हैं. अर्जुन पुरस्कार के लिए नॉमिनेशन लिस्ट में ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती, गायत्री गोपीचंद की महिला डबल्स पार्टनर ट्रेसा जॉली, ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले बॉक्सर नरेंद्र और युवा डेफ राइफल शूटर धनुष श्रीकांत भी शामिल हैं.
𝐀𝐑𝐉𝐔𝐍𝐀 𝐀𝐖𝐀𝐑𝐃𝐒 𝐀𝐍𝐍𝐎𝐔𝐍𝐂𝐄𝐃! 🇮🇳
— India_AllSports (@India_AllSports) August 18, 2026
Prominent athletes:
Tejaswin Shankar (Athletics)
Gayathri Gopichand & Treesa Jolly (Badminton)
Divya Deshmukh & Vidit Gujarathi (Chess)
Lalremsiami (Hockey)
Akhil Sheoran (Shooting)
Complete list ⬇️ #ArjunaAwards pic.twitter.com/7Sp0zMMLRg
भारत के उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति (सेवानिवृत) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर, सरकार ने अलग-अलग श्रेणी में खिलाड़ियों, कोच और संस्थाओं को अवॉर्ड देने का फैसला किया है.
अर्जुन पुरस्कार 2025 के विजेता
अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), मुहम्मद अजमल वी (एथलेटिक्स), प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), ट्रीसा जॉली (बैडमिंटन), पुलेला गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), नरेंद्र (बॉक्सिंग), विदित संतोष गुजराती (शतरंज), दिव्या जितेंद्र देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (डेफ शूटिंग), लालरेमसियामी (हॉकी), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), पूजा (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा-शूटिंग), एकता भ्यान (पैरा एथलेटिक्स), अरविंद सिंह (रोइंग), अखिल श्योराण (शूटिंग) का नाम चुना गया है.
‘अर्जुन पुरस्कार' खेल के क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में अच्छे प्रदर्शन और नेतृत्व, खेल-भावना और अनुशासन की भावना दिखाने वाले एथलीटों को दिया जाता है.
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025, आई अरुमनायगम (फुटबॉल) को दिया गया है. यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को सम्मान देने और प्रेरित करने के लिए दिया जाता है जिन्होंने खेल के क्षेत्र में योगदान दिया है और खेल से संन्यास के बाद किसी न किसी रूप में जुड़कर उसे बढ़ावा देने में योगदान देते रहते हैं.
द्रोणाचार्य अवॉर्ड 2025
द्रोणाचार्य अवॉर्ड 2025, परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (बॉक्सिंग), और नेहा नंदकुमार चव्हाण (शूटिंग) को दिया गया है. द्रोणाचार्य अवॉर्ड उन प्रशिक्षकों (कोचों) को दिया जाता है जो लगातार बेहतरीन और काबिलियत भरा काम करते हैं और खिलाड़ियों को इंटरनेशनल इवेंट्स में बेहतर करने में मदद करते हैं.
द्रोणाचार्य अवॉर्ड (लाइफटाइम) 2025 के लिए धर्मेंद्र सिंह यादव (बॉक्सिंग) और वीरेंद्र कुमार (कुश्ती) का नाम निश्चित किया गया है.
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025, आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को दिया जाएगा. यह सम्मान उन कॉर्पोरेट एंटिटी (सार्वजनिक, निजी) और गैर-सरकारी संस्थान (एनजीओ) को दिया जाता है, जिन्होंने खेल को बढ़ावा देने और विकास के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाई हो. राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रत्येक वर्ष खेलों में बतौर खिलाड़ी और प्रशिक्षक बेहतर प्रदर्शन करने वालों को दिया जाता है.
हालांकि, खेल मंत्रालय ने इस साल मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए किसी भी खिलाड़ी का नाम नहीं चुना है.
(IANS इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं