UP News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ की दयोमी पुलिस चौकी में घुसकर अफसर स्टाइल में सरकारी कागज फाड़ने और तोड़फोड़ करने वाले शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियो देखने के बाद हर किसी के मन में यही सवाल है कि पुलिस की कुर्सी पर बेखौफ होकर बैठने वाला यह 'फर्जी थानेदार' आखिर है कौन? आइए जानते हैं इस शख्स के बारे में जो अब पुलिस की गिरफ्त में है.
कौन है वायरल वीडियो वाला शख्स?
हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी में गदर मचाने वाले इस शख्स का नाम रिंकू है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, रिंकू घटना के वक्त किसी भारी नशे की गिरफ्त में था. हैरानी की बात यह है कि वह बिना कपड़ों के ही लावारिस पड़ी पुलिस चौकी में घुस गया था. नशे की हालत में उसने चौकी प्रभारी की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया और मेज पर रखी पुलिस की कैप पहनकर खुद को अफसर समझने लगा.

Photo Credit: NDTV Reporter
अफसर स्टाइल में फाड़े कागज, घूंसे से तोड़ा शीशा
रिंकू इतने नशे में था कि उसे अंजाम का कोई होश नहीं था. कुर्सी पर बैठते ही उसने मेज पर रखे अहम सरकारी दस्तावेज फाड़ने शुरू कर दिए और कुछ कागजों को अपनी जेब में ठूंस लिया. इसके बाद उसने चौकी में रखे गमले और बेंच तोड़ डाले. जब आसपास के लोगों ने उसे रोकने के बजाय बाहर से दरवाजा बंद कर दिया, तो रिंकू ने एक जोरदार घूंसा मारकर गेट का शीशा तोड़ दिया. इसी तोड़फोड़ में वह खुद भी बुरी तरह घायल हो गया.
पुलिस कर रही नशा उतरने का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची देहात थाने की पुलिस को रिंकू पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. देहात थाना प्रभारी (SHO) पारस मलिक ने बताया कि पहली नजर में आरोपी नशीले पदार्थ के प्रभाव में लग रहा है. फिलहाल रिंकू को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है.
अभी इन सवालों के जवाब मिलना बाकी
पुलिस अब रिंकू के होश में आने का इंतजार कर रही है. पूछताछ के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि रिंकू मूल रूप से कहां का रहने वाला है? वह अर्धनग्न हालत में चौकी तक कैसे पहुंचा? फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि होश में आने के बाद आरोपी रिंकू पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें:- हाथ में गुलाब लेकर DM ऑफिस पहुंचीं स्कूली छात्राएं, मासूमियत में पूछा एक सवाल- मैडम आप IAS कैसे बनीं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं