यह ख़बर 28 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पद गया, पार्टी से निकाले गए, गिरफ्तारी ऊपर से

खास बातें

  • तेजियान ने दलित आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में निकाले गए जुलूस की अगुवाई की थी और देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन को दो घंटे से ज्यादा समय तक रोका था।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश वन निगम के उपाध्यक्ष विनोद तेजियान को सोमवार को जुलूस का नेतृत्व कर रेल यातायात बाधित करने के आरोप में सहारनपुर में गिरफ्तार किए जाने के बाद बहुजन समाज पार्टी :बसपा: से निकाल दिया गया। प्रदेश के मंत्रिमण्डलीय सचिव शशांक शेखर सिंह ने बताया तेजियान को सहारनपुर में गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें बसपा से निष्कासित कर दिया गया है। इसी के साथ उनसे राज्यमंत्री का दर्जा भी वापस ले लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि तेजियान ने रविवार को सहारनपुर में दलित आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में निकाले गए जुलूस की अगुवाई की थी और देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन रोककर रेल यातायात को दो घंटे से ज्यादा समय तक बाधित रखा था। सूत्रों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से पथराव भी किया था। रेलवे सुरक्षा बल ने इस मामले में 500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। सिंह ने बताया कि तेजियान को बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता आरपी सिंह तथा भारत भूषण नामक एक अन्य व्यक्ति के साथ गिरफ्तार किया गया था। सिंह को निलम्बित कर दिया गया है। उधर, सहारनपुर से मिली खबर के मुताबिक आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक विनोद त्यागी बताया कि इस मामले में तेजियान, सिंह और भारत भूषण सहित 15 लोगों के खिलाफ नामजद मामला भी दर्ज कराया गया है। सहारनपुर के अपर जिलाधिकारी नीरज शुक्ला ने बताया कि तेजियान को आज अदालत में पेश किया गया और अदालत में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com