Indian Wedding Click Buddy Service: भारतीय शादियों में मेहमान आमतौर पर खाना ढूंढते हैं, रिश्तेदारों से मिलते हैं या डांस वीडियो बनाने में लगे रहते हैं, लेकिन हाल ही में एक शादी में एक मेहमान को कुछ बिल्कुल अलग देखने को मिला. यहां एक ऐसी सर्विस थी, जिसमें लोगों को सिर्फ मेहमानों की इंस्टाग्राम के लिए अच्छी फोटो खींचने के लिए रखा गया था, वो भी मेहमानों के अपने फोन से ही. इस अनोखे आइडिया को X यानी ट्विटर यूजर संदीप मॉल ने शेयर किया. उन्होंने एक मारवाड़ी शादी में 'Click Buddy' नाम की सर्विस देखी. अपने वायरल पोस्ट में उन्होंने बताया कि इसमें ऐसी युवा महिलाएं थीं, जिन्हें इंस्टाग्राम स्टाइल की फोटो खींचने का अच्छा अनुभव है और मेहमान उन्हें अपना फोन देकर शानदार तस्वीरें क्लिक करवा सकते थे.
संदीप मॉल ने लिखा कि ये लोग सिर्फ फोटो क्लिक नहीं करते, बल्कि अच्छी रोशनी ढूंढते हैं, सही जगह बताते हैं और फोटो को इस तरह फ्रेम करते हैं कि वह इंस्टाग्राम पर डालने लायक हो. उन्होंने कहा कि यह सर्विस एक बड़ी समस्या का हल भी देती है. कभी हमें फोटो के लिए दूसरों से कहना पड़ता है या फिर शादी का ऑफिशियल एल्बम आने के लिए हफ्तों इंतजार करना पड़ता है.
Indians never stop surprising me with their entrepreneurial instincts and nowhere is this more visible than at weddings.
— Sandeep Mall (@SandeepMall) May 9, 2026
At the one I'm attending right now, I spotted a service called Click Buddy. The concept is elegantly simple: a team of young women, fluent in the language of… pic.twitter.com/WcdRiK8sKI
मॉल के मुताबिक, यह एक ऐसा आइडिया है जिसकी कमी पहले महसूस तो होती थी, लेकिन किसी ने इसे इस तरह से सोचकर बनाया नहीं था और यही इसे खास बनाता है. उन्होंने यह भी बताया कि समय के साथ भारतीय शादियां काफी बदल गई हैं. अपनी शादी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले ज्यादातर काम दोस्त और परिवार ही संभालते थे, लेकिन आज की शादियां पूरी तरह सर्विस पर निर्भर हो गई हैं. उन्होंने लिखा कि यह एक आम मारवाड़ी शादी थी, बहुत ज्यादा भव्य भी नहीं, लेकिन फिर भी यहां मेहमानों से ज्यादा सर्विस देने वाले लोग मौजूद थे. मॉल के मुताबिक, भारतीय शादियां चुपचाप देश में सबसे ज्यादा रोजगार देने वाले बड़े सेक्टर में से एक बनती जा रही हैं.
यह भी पढ़ें:- 'हर महीने 1.3 लाख रुपये का खर्च', बेंगलुरु के एक कपल ने कहा फिर भी कंगाल जैसा महसूस होता है, वीडियो शेयर दिया पूरा ब्योरा
यह पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. कई लोगों ने इस आइडिया को “इंडियन एंटरप्रेन्योरशिप का बेहतरीन उदाहरण” बताया. कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि भारत ने अब Instagram पर अच्छी फोटो न होने की टेंशन को भी कमाने का जरिया बना लिया है. कई लोगों ने यह भी माना कि वे शादी में अपने रिश्तेदारों से जबरदस्ती फोटो खिंचवाने के बजाय “Click Buddy” जैसी सर्विस के लिए पैसे देना ज्यादा पसंद करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं