Maruti Suzuki आज अपनी पहली फ्लेक्स-फ्यूल (Flex-Fuel) कार को लॉन्च कर दिया है. इस बेहद खास मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे. यह कार न सिर्फ आपके पेट्रोल के भारी-भरकम खर्च को कम करेगी, बल्कि पर्यावरण को भी प्रदूषण से बचाएगी.
क्या होता है फ्लेक्स फ्यूल टेक्नोलॉजी?
फ्लेक्स फ्यूल का सीधा और आसान मतलब है 'फ्लैक्सिबल फ्यूल'. यह एक ऐसी तकनीक है जो कार के इंजन को एक से ज्यादा तरह के ईंधन पर चलने की अनुमति देती है. आमतौर पर इसमें पेट्रोल के साथ इथेनॉल का मिश्रण इस्तेमाल किया जाता है. इस कार की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसे आप नॉर्मल पेट्रोल पर भी चला पाएंगे और E85 यानी 85 फीसदी एथेनॉल मिक्स पेट्रोल पर भी दौड़ा पाएंगे.
WagonR या Fronx: कौन सी कार होगी लॉन्च?
मारुति सुजुकी ने अभी तक अपने पहले फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल के नाम का खुलासा नहीं किया है. लेकिन ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि कंपनी अपनी पॉपुलर हैचबैक WagonR या फिर स्पोर्टी क्रॉसओवर Fronx को इस अवतार में पेश कर सकती है. आपको बता दें कि मारुति सुजुकी ने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में WagonR और Fronx के फ्लेक्स-फ्यूल कॉन्सेप्ट मॉडल को शोकेस किया था, जो कि E100 यानी 100 फीसदी एथेनॉल पर भी चलने में सक्षम थे. इसलिए रेस में इन दोनों कारों का नाम सबसे आगे चल रहा है.
कार के इंजन में क्या बदलेगा?
नॉर्मल पेट्रोल कार में सीधे इथेनॉल डालना इंजन को नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए मारुति सुजुकी ने इस नई फ्लेक्स-फ्यूल कार के इंजन में कई बड़े तकनीकी बदलाव किए हैं. इसमें इथेनॉल की प्रकृति को देखते हुए एक नया और एडवांस फ्यूल डिलीवरी सिस्टम, अपग्रेड किया गया इंजन कंट्रोल यूनिट (ECU) और मजबूत फ्यूल फिल्टर लगाया गया है. ये बदलाव कार को अलग-अलग मौसम में और खास तौर पर सर्दियों में भी एथेनॉल मिक्स ईंधन पर बिना किसी दिक्कत के स्टार्ट होने में मदद करेंगे.
इथेनॉल से देश को फायदा
भारत सरकार देश की पेट्रोल पर निर्भरता को कम करने और कच्चे तेल के आयात बिल को घटाने के लिए इथेनॉल मिक्सिंग को लगातार बढ़ावा दे रही है. इथेनॉल को गन्ने और अनाज से तैयार किया जाता है, जिससे यह पेट्रोल के मुकाबले काफी सस्ता होता है. मारुति की इस कार के आने से देश में इथेनॉल बेस्ड टेक्नोलॉजी को रफ्तार मिलेगी. इससे पहले 3 जून को ही Hero Motocorp ने देश की पहली दो फ्लेक्स-फ्यूल बाइक्स भी लॉन्च की हैं.
कीमत और माइलेज से क्या है उम्मीद?
फ्लेक्स-फ्यूल कार की कीमत इसके रेगुलर पेट्रोल मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है, क्योंकि इसके इंजन कंपोनेंट्स को खास तौर पर अपग्रेड किया जाता है. हालांकि, इथेनॉल की कीमत पेट्रोल से काफी कम होने के कारण इसकी रनिंग कॉस्ट यानी प्रति किलोमीटर का खर्च बहुत कम आएगा. माइलेज की बात करें तो इथेनॉल ब्लेंड पर कार का माइलेज पेट्रोल के मुकाबले थोड़ा सा कम जरूर हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं