यह ख़बर 19 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

धोनी लड्डू, सचिन बर्फी और सहवाग खीर!

खास बातें

  • भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के गृह नगर रांची में भारत को विश्व कप जिताने के लिए पूजा और मन्नतें तो हो ही रही हैं, साथ ही क्रिकेटरों के नाम की मिठाइयां भी बेची जा रही हैं।
रांची:

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के गृह नगर रांची में भारत को विश्व कप जिताने के लिए पूजा और मन्नतें तो हो ही रही हैं, साथ ही क्रिकेटरों के नाम की मिठाइयां भी बेची जा रही हैं। रांची में मिठाई के एक बड़े दुकानदार ने अपने यहां कप्तान धोनी के नाम पर धोनी लड्डू, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम पर सचिन बर्फी और वीरेंद्र सहवाग के नाम पर सहवाग खीर बना रखे हैं। दुकान के मालिक राजेंद्र साहू ने बताया, रांची माही की गृह नगरी है और यहां लोगों में माही को विश्व विजेता बनाने की होड़ है। मैं भी उनका नाम विश्व क्रिकेट में स्वर्णाक्षरों में लिखा देखना चाहता हूं, लेकिन इसके लिए पहले उनके नाम की मिठाई बनाकर मैं शुभ मुहूर्त करना चाहता था। धोनी के नाम के लड्डू ग्राहक भी बड़े शौक से खा रहे हैं और लोगों में बांट भी रहे हैं। साहू की देखादेखी रांची में अनेक अन्य दुकानों में भी हलवाइयों ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के नाम पर मिठाइयां बनानी प्रारंभ कर दी हैं। इससे उनकी बिक्री भी बढ़ गई है। धोनी के अलावा यहां मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम पर बर्फी और सहवाग के नाम पर खीर भी तैयार की जा रही है। मिठाई खा रही स्मिता ने कहा भारतीय क्रिकेट टीम के विश्व कप जीतने के लिए ही हम लोग इतने चाव से अपने खिलाड़ियों के नाम की मिठाई से मुंह मीठा कर रहे हैं, लेकिन इसकी मिठास तब और बढ़ जाएगी, जब टीम विश्व कप जीतकर लाएगी। इस बीच, धोनी और उनके धुरंधरों की जीत के लिए धोनी के अपने आस्था के केंद्र रांची के दिउड़ी मंदिर में शनिवार को विशेष पूजन का आयोजन किया गया। लोगों ने यहां माता रानी का पूजन कर भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता के लिए दुआएं मांगी। धोनी जब भी रांची आते हैं, तो इस प्राचीन मंदिर में सपरिवार मत्था टेकने जाते हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com