विज्ञापन

Google से मृत पिता का डेटा मांगने पहुंचा बेटा, मिला यह जवाब

परिवार के किसी सदस्य की मौत के बाद, जब उनका गूगल अकाउंट एक्सेस करने की बात आती है तो उसमें कई प्रकार की परेशानियां आती हैं. इससे कैसे बचें और समस्या आने पर कैसे निकलें, इसका तरीका बताया गया है.

Google से मृत पिता का डेटा मांगने पहुंचा बेटा, मिला यह जवाब
किसी के मौत के बाद उसका गूगल अकाउंट एक्सेस कैसे करें? इसके बारे में सारी जानकारी पढ़ें (सांकेतिक तस्वीर)

Trending: किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके Gmail या Google अकाउंट को बंद करने, उसका डेटा पाने और खाते से जुड़े फंड के लिए परिवार को क्या करना होगा? ये वो सवाल है जिसका जवाब इंडिया में हर डिजिटल कंटेंट क्रिएटर की फैमिली पूछ रही है. इंटरनेट पर जानकारी ढूंढकर लोग Google Help के जरिए ऑफिशियल फॉर्म तो सब्मिट कर देते हैं, लेकिन चैलेंज वहां आता है जब परिवार से Google LLC के नाम U.S. कोर्ट का एक ऑर्डर लाने के लिए कहा जाता है.

रेडिट पर यूजर ने मांगी सलाह

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit के r/LegalAdviceIndia फॉरम पर MelodyAndMechanics नाम के एक यूजर ने एक ऐसी ही एक समस्या के बारे में लोगों से सलाह मांगी है. उसने लिखा, 'मेरे पिता का निधन हो गया है, और मैं उनके Gmail अकाउंट के कंटेंट की एक कॉपी पाना चाहता हूं. मुझे अकाउंट का पासवर्ड या कंट्रोल नहीं चाहिए. मैं बस अपने परिवार के लिए उनके ईमेल, यादें और जरूरी जानकारी सुरक्षित रखना चाहता हूं. शुरू में Google ने मुझसे सरकारी ID मांगी, जो मैंने दे दी. मेरी रिक्वेस्ट की जांच करने के बाद, उन्होंने बताया कि वे पासवर्ड तो नहीं दे सकते, लेकिन अकाउंट के कंटेंट की कॉपी दे सकते हैं. हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के लिए मुझे Google LLC के नाम U.S. कोर्ट का एक ऑर्डर लेना होगा, जिसमें कुछ खास कानूनी बातें लिखी हों, तभी वे कोई Gmail कंटेंट देंगे.'

Google is asking me (an Indian citizen) for a U.S. court order to access my late father's Gmail. What can I do?
by u/MelodyAndMechanics in LegalAdviceIndia

यूजर ने लिखा, 'समस्या यह है कि मैं भारत में रहने वाला एक भारतीय नागरिक हूं. मेरे पिता भी भारतीय नागरिक थे. Gmail अकाउंट भारत में रहने वाले व्यक्ति का है. मेरे पास डेथ सर्टिफिकेट पहले से है और मैं भारतीय अधिकारियों द्वारा जारी कोई भी डॉक्यूमेंट दे सकता हूं. मैंने Google को यह बात समझाई और पूछा कि क्या U.S. कोर्ट ऑर्डर के बजाय कोई भारतीय कानूनी प्रक्रिया या दूसरा डॉक्यूमेंट इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन उन्होंने फिर से वही कहा कि सिर्फ़ U.S. कोर्ट ऑर्डर ही माना जाएगा. क्या U.S. के बाहर, खासकर भारत से, किसी ने यह प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की है? मुझे जानना है कि भारत में बैठकर यूएस में वकील हायर करने से कोई मदद मिलेगी, या यह असल में नामुमकिन है? मैं Google की पॉलिसी को बायपास करने की कोशिश नहीं कर रहा हूं. मैं बस अपने पिता के ईमेल सुरक्षित रखना चाहता हूं, अगर ऐसा करने का कोई कानूनी तरीका हो. कोई भी सलाह या निजी अनुभव बहुत काम आएगा.'

कैलिफोर्निया के वकील ने दिया जवाब

ठीक ऐसी ही सवाल दिसंबर 2024 में एक शख्स ने Justia Ask A Lawyer नाम की फॉरम पर पूछा था, जिसका जवाब कैलिफोर्निया के वकील जेम्स एल. एरस्मिथ ने दिया था. उन्होंने लिखा था, 'अमेरिकी कोर्ट का आदेश लेने के लिए, आपको अमेरिकी फ़ेडरल कोर्ट में एक याचिका दायर करनी होगी. सबसे प्रैक्टिकल तरीका यह होगा कि आप अमेरिका में रहने वाले किसी वकील को हायर करें जो आपकी ओर से यह याचिका दायर कर सके. आपको व्यक्तिगत रूप से अमेरिका जाने की जरूरत नहीं होगी. कैलिफ़ोर्निया, जहां Google का हेडक्वार्टर है, में ऐसे वकीलों को खोजें जो डिजिटल एस्टेट के मामलों को संभालते हों. अमेरिका में भारतीय दूतावास ऐसे वकीलों के बारे में सुझाव दे सकता है जो अक्सर भारतीय क्लाइंट्स के साथ काम करते हैं. कोर्ट के आदेश की प्रक्रिया शुरू करने से पहले, सभी जरूरी दस्तावेज इकट्ठा कर लें. आपके पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र (अगर जरूरत हो तो अंग्रेजी में ट्रांसलेट करवा लें), इस बात का सबूत कि आप कानूनी उत्तराधिकारी हैं (जैसे कि भारतीय कोर्ट से सक्सेशन सर्टिफिकेट या लेटर ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन), और इस बात का सबूत कि ईमेल अकाउंट का एक्सेस क्यों जरूरी है. आप चाहें तो पहले भारत में अमेरिकी दूतावास से भी संपर्क कर सकते हैं. वे कभी-कभी ऐसे सीमा-पार कानूनी मामलों के लिए गाइडेंस देते हैं और आपको उपयोगी संसाधनों के बारे में बता सकते हैं.'

क्या कहते हैं गूगल के नियम?

Google की नई पॉलिसी के अनुसार, अगर कोई अकाउंट लगातार 2 साल तक इन-एक्टिव रहता है, तो उसे ऑटोमैटिकली डिलीट कर दिया जाता है. इस प्रोसेस में उस अकाउंट से रिलेटेड ईमेल्स, गूगल ड्राइव की फाइलें, फोटो, सेव किए हुए कार्ड्स, डॉक्यूमेंट्स और अकाउंट से जुड़ी सारी जानकारी खत्म कर दी जाती हैं. हालांकि, इस प्रोसेस को शुरू करने से पहले Google कई वार्निंग और नोटिफिकेशन भेजता है, ताकि यूजर दोबारा एक्टिव हो सके और अकाउंट बचा सके.

इतना ही नहीं, Inactive Account Manager नाम की एक सुविधा भी गूगल यूजर्स को देता है, जिसके जरिए आप खुद अकाउंट डिलीशन की टाइमलाइन 3, 6, 12 या 18 महीने पर सेट कर सकते हैं. इस टाइमलाइन के पूरा होने पर Google आपके ईमेल या मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश करेगा. अगर तय समय में कोई जवाब नहीं मिलता, तो अकाउंट को इनएक्टिव मान लिया जाएगा और डिलीशन के प्रोसेस की तरफ बढ़ जाएगा.

10 लोगों को बनाएं अपने गूगल अकाउंट का उत्तराधिकारी

गूगल के नियमों के मुताबिक, आप अपने अकाउंट के उत्तराधिकारी के तौर पर कुल 10 लोगों तक को चुन सकते हैं. आप हर व्यक्ति के लिए अलग-अलग चुन सकते हैं कि उसे आपके किस गूगल डेटा (जैसे जीमेल, गूगल फोटोज, ड्राइव या यूट्यूब आदि) का एक्सेस मिलेगा. आप जीमेल के लिए एक ऑटोमैटिक मैसेज भी सेट कर सकते हैं जो आपके इनऐक्टिव होने पर आपके संपर्कों को भेजा जाएगा. ऐसा करने पर अकाउंट डिलीशन से पहले गूगल उन चुनिंदा लोगों को मैसेज भेजेगा और जरूरी चीजें सेव करने के लिए 3 महीने का वक्त देगा. इसके बाद वो अकाउंट परमानेंटली डिलीट कर दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें:- 92 सालों में भी नहीं बदली इंडियन्स की आदत, भारतीय ट्रेनों के AC डक्ट में आज भी डालते हैं कचरा; वीडियो वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Google, US Court, Deceased Account, Google LLC, California
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com