- नोएडा की एक हाई राइज सोसाइटी में 16वीं मंजिल से कूदकर 24 साल की लड़की ने जान दे दी
- कामिनी की शादी 1 महीने पहले हुई थी. वह नोएडा में पति के साथ किराये पर रहती थी
- नवविवाहिता ने 16वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली
नोएडा की एक हाई राइज सोसाइटी में आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी की है. यहां पर एक नवविवाहिता ने 16वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान 24 साल की कामिनी कुमारी के तौर पर हुई है. उसकी शादी करीब एक महीने पहले 11 जुलाई को हुई थी.
16वीं मंजिल से महिला ने लगाई छलांग
थाना प्रभारी सेक्टर 39 डीपी शुक्ला ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कामिनी ने सोसाइटी के लिली टावर की 16वीं मंजिल से छलांग लगा दी. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
थाना सेक्टर-39 के प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पति संग किराये पर रहती थी कामिनी
पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि कामिनी मूल रूप से यूपी के एटा की रहने वाली थी. वह अपने पति मंथन धीमान के साथ सेक्टर-108 स्थित सोसाइटी के फ्लैट नंबर 1602 में किराये पर रह रही थी. मंथन मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है. वह एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करता है.

पुलिस के मुताबिक, मंथन ने पूछताछ में बताया कि कामिनी पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में थी. उसका इलाज चल रहा था. वह पहले एक बीपीओ में नौकरी करती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी.
पति पर दहेज हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले भी नोएडा पहुंचे. परिजनों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें-आज कहानी खत्म कर देंगे... 9 साल के बेटे ने मामा को वीडियो कॉल कर बताया- पापा ने मां को गोली मार दी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं