पूर्णिया जिला मुख्यालय के खजांची हाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर में रविवार की रात एक बैंक कर्मी पति ने शिक्षिका पत्नी से हुए विवाद के बाद गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया. पति ने इस घटना को अपने दो बच्चों के सामने अंजाम दिया. इसके बाद 09 वर्षीय बेटे ने हत्या की जानकारी अपने मामा को दी और फिर इसकी सूचना पड़ोसियों को दी गई. मृतिका की पहचान श्रीनगर प्रखण्ड में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका शालिनी (34) के रूप में हुई है जबकि पति राजकुमार यादव पूर्णिया में ही कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत है.
'झगड़े के बाद पति ने कहा था आज कहानी खत्म कर देंगे'
परिजनों के अनुसार, शालिनी और राजकुमार के बीच अलग-अलग कारणों से अक्सर विवाद हुआ करता था. रविवार की शाम में भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. इस झगड़े की वजह दो कट्ठा जमीन बतायी जा रही है, जिसे राजकुमार और शालिनी ने मिलकर खरीदा था. राजकुमार जमीन में निवेश किए गए अपने हिस्सा का पैसा शालिनी से वापस मांग रहा था जबकि शालिनी यह रकम देने में असमर्थता जता रही थी. रविवार की शाम दोनों के बीच विवाद बढ़ गया तो राजकुमार ने बेटों के सामने ही शालिनी की जमकर पिटाई कर दी. प्रत्यक्षदर्शी बड़े बेटे ने बताया कि जाते-जाते पापा ने कहा था कि आज कहानी ही खत्म कर देते हैं.
बेटे ने वीडियो कॉल कर मामा को दी हत्या की जानकारी
पत्नी शालिनी से मारपीट के बाद राजकुमार गुस्से में घर से बाहर चला गया. उसके बाद रात करीब 08 बजे के बाद जब वह वापस लौटा तो बच्चे घर में पढ़ रहे थे, जबकि शालिनी खाना बना रही थी. राजकुमार ने बेटे के सामने शालिनी को गोली मार दी और फरार हो गया. इसके बाद बड़े बेटे ने अपने मामा विक्रम आनंद को वीडियो कॉल कर बताया कि पापा ने मां को गोली मार दी है. उस वक्त शालिनी जमीन पर नीचे गिरी हुई थी और कराहते हुए अपने भाई से बोली ' अब क्या करेंगे, हमको गोली मार दिया है '.
अब हम की करबे... गोली मायर देलके : मृतिका का भाई
मृतिका के भाई विक्रम आनंद बताया कि बहन ने कॉल पर बताया कि पति ने लड़ाई की है और मारने की धमकी दिया था. फिर शाम में घर से निकलकर चला गया. विक्रम आनंद ने बताया कि रात में जब हम वीडियो कॉल किए थे उस समय बच्चा (भांजा) पढ़ रहा था. बताया कि मां खाना बना रही है. कुछ देर बाद बच्चा फ़ोन किया कि मामाजी, पापा ने मां को गोली मार दी है. मेरी बहन दरी पर गिरी हुई थी और जहां गोली लगी थी, वहां हाथ रखकर बोली, अब हम की करबे, गोली मायर देलके. वहीं प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी का कहना है कि हम लोगों को पता चला कि गोली मार दिया गया है. बच्चा बोला कि पापा गोली मारकर भाग गए. उसके बाद हम लोग अस्पताल ले गए.
यह भी पढ़ें : अरवल में ऑटो से खींचकर वकील के पत्नी को मारी गोली; मौके पर ही तोड़ा दम, कोर्ट से गवाही देकर लौट रही थी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं