New Delhi:
कालेधन को वापस लाने के मुद्दे पर बाबा रामदेव द्वारा राष्ट्रीय राजधानी स्थित रामलीला मैदान में अनशन शुरू किए जाने के साथ ही योगासनों और भजनों का दौर भी शुरू हो गया है। अनशन स्थल के बाहर सैकड़ों की तादाद में लोग कतार लगाए खड़े हैं। रामदेव अपने समर्थकों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सुबह करीब 4 बजकर 50 मिनट पर मंचासीन हुए। उन्होंने सुबह 5 से 7 बजे के बीच समर्थकों को योगासन सिखाया। योगगुरु अपने अनशन के साथ ही रामलीला मैदान पर अष्टांग योग शिविर भी चला रहे हैं। उन्होंने सुबह 7 बजे अपना अनशन शुरू किया और इसी के साथ भारत माता की जय और भ्रष्टाचार मिटाएंगे, देश बचाएंगे जैसे नारे लगने की भी शुरुआत हो गई। सुबह 7 बजे के बाद से ही रामलीला मैदान पर भजन गाने का सिलसिला भी चल रहा है। भजन गाने के लिए मंच पर सभी साज़ भी मौजूद हैं। रामदेव अपने करीबी लोगों के साथ 12 फुट की ऊंचाई पर बनाए गए 1,200 वर्गफुट के मंच पर बैठे हैं।रामलीला मैदान के बाहर लोगों की करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लगी है और लोग बेसब्री से मैदान के अंदर प्रवेश पाने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, प्रवेश करने से पहले रामदेव के समर्थकों को कड़ी सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ रहा है। सैकड़ों की संख्या में बड़ी तेजी से जुट रहे लोगों की भीड़ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। दिल्ली पुलिस के पुलिसकर्मियों के साथ ही कमांडो भी मोर्चा संभाले हुए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर रामलीला मैदान में प्रवेश के लिए एक ही द्वार रखा गया है, जहां मेटल डिटेक्टर वाले दरवाजे लगाये गए हैं और लोगों की दो-दो बार तलाशी भी ली जा रही है। पतंजलि योगपीठ और भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के पदाधिकारियों का दावा है कि रामलीला मैदान पर 50,000 से अधिक लोग जुट चुके हैं। इनमें से अधिकतर हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब से आए हैं। रामदेव ने अनशन शुरू करने से पहले अपने समर्थकों से कहा, कुछ भी असंभव नहीं है। सब कुछ संभव है। हम नहीं हारेंगे। रामलीला मैदान में सुबह से ही मीडियाकर्मियों का हुजूम उमड़ा हुआ है। शहर में जगह-जगह पर स्वयंसेवक रामलीला मैदान जाने वालों को रास्ते बताने के लिए मौजूद हैं। वे बाबा के समर्थकों को अनशन स्थल तक जाने का रास्ता बता रहे हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
बाबा रामदेव, सत्याग्रह, अनशन, रामलीला मैदान