विज्ञापन

QR कोड से मेन्यू देखना पड़ा भारी! रातभर मैसेज करता रहा वेटर, महिला ने सोशल मीडिया पर सुनाई आपबीती

आजकल ज्यादातर रेस्टोरेंट्स में QR कोड स्कैन करके मेन्यू देखना आम बात हो गई है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये QR कोड आपकी प्राइवेसी के लिए खतरा भी बन सकता है? इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही मामला सुर्खियों में बना हुआ है.

QR कोड से मेन्यू देखना पड़ा भारी! रातभर मैसेज करता रहा वेटर, महिला ने सोशल मीडिया पर सुनाई आपबीती
रेस्टोरेंट में खाना खाने गई महिला, रात में आने लगे अनजान मैसेज

Viral News: आजकल रेस्टोरेंट्स और कैफे में QR कोड स्कैन करके मेन्यू देखना एक आम बात हो गई है. लोग टेबल पर रखा QR कोड स्कैन करते हैं, मोबाइल पर मेन्यू खुल जाता है और कुछ ही मिनटों में खाना ऑर्डर हो जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह तरीका जितना आसान और मॉडर्न लगता है, उतना ही खतरनाक भी साबित हो सकता है? पुणे से सामने आया एक ऐसा ही मामला अब लोगों की प्राइवेसी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.

दरअसल, पुणे की रहने वाली ऋषिका दत्ता नाम की एक महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपनी आपबीती बताई है. ऋषिका के मुताबिक, वह 28 अप्रैल को एक मशहूर रेस्टोरेंट में डिनर करने गई थीं. वहां उन्होंने बाकी ग्राहकों की तरह QR कोड स्कैन कर मेन्यू देखा, खाना ऑर्डर किया और फिर घर लौट आईं.

आधी रात को आया 'Hi'

रात में अचानक ऋषिका के फोन पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया- 'Hi'. पहले उन्हें लगा कि शायद किसी ने गलती से मैसेज कर दिया होगा. उन्होंने सिर्फ '?' भेजकर पूछा कि कौन है. इसके बाद वह फोन बंद करके सो गईं.

हालांकि, जैसे ही सुबह उन्होंने अपना फोन वापस चैक किया, तो पता चला कि मैसेज भेजने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसी रेस्टोरेंट का एक वेटर था. महिला के अनुसार, वेटर ने उनसे दोस्ती करने की बात कही और फिर लगातार निजी सवाल पूछने लगा. यह देखकर ऋषिका हैरान रह गईं. उनके मन में सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर उस कर्मचारी के पास उनका नंबर पहुंचा कैसे? उन्हें शक हुआ कि उनका मोबाइल नंबर QR मेन्यू सिस्टम के जरिए लिया गया है.

सोशल मीडिया पर शेयर किए स्क्रीनशॉट

रिशिका ने मैसेज के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिसके बाद देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गई और लोगों ने इस पर अपनी चिंता जतानी शुरू कर दी. जबकि कुछ महिलाओं ने दावा किया कि उनके साथ भी पहले ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. कुछ यूजर्स ने तो यहां तक कह दिया कि अब वे ऐसे रेस्टोरेंट्स में जाना पसंद नहीं करेंगे, जहां सिर्फ QR कोड के जरिए मेन्यू दिया जाता है.

शिकायत के बाद रेस्टोरेंट ने उठाया कदम

महिला ने इस मामले की शिकायत रेस्टोरेंट मैनेजमेंट से की. उनका कहना है कि शिकायत मिलने के बाद रेस्टोरेंट ने आरोपी कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया. हालांकि महिला ने यह भी कहा कि उन्हें इस कार्रवाई का कोई लिखित सबूत नहीं दिया गया और न ही रेस्टोरेंट की तरफ से औपचारिक माफी मांगी गई.

बहरहाल इस घटना के बाद कई लोगों ने QR कोड मेन्यू सिस्टम पर सवाल उठाए हैं. लोगों को कहना है कि QR कोड, ऑनलाइन पेमेंट और डिजिटल मेन्यू जैसी सुविधाएं तेजी से लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं, लेकिन इनके साथ डेटा सुरक्षा का मुद्दा भी उतना ही जरूरी हो गया है.

(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)

यह भी पढ़ें- चीन के स्कूल का अजीब 'पैरेंटिंग टेस्ट' वायरल, शरारती छात्रों को पूरे हफ्ते उठानी पड़ी 'बेबी डॉल', जानें पूरा मामला
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral News, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com