कॉलेज के छात्रों को प्रदर्शन करते हुए आपने कई बार देखा होगा, जिसमें छात्र नेता जोरदार भाषण भी देते हैं, लेकिन क्या आपने कभी किसी स्कूल में छात्रों का प्रदर्शन देखा है? राजस्थान के जालौर में कुछ ऐसा ही नजारा दिखा, जहां टीचर्स की कमी के चलते छात्रों ने खुद अपनी आवाज उठाई और स्कूल पर ताला तक जड़ दिया. इस दौरान एक लड़की जोरदार तरीके से अपनी आवाज उठाती दिख रही है और बता रही है कि तमाम छात्र किस समस्या से जूझ रहे हैं. इस लड़की का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल भी हो रहा है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल जालौर जिले के सायला उपखंड के मेंगलवा स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों ने खुद आवाज उठानी शुरू कर दी. दो दिन पहले छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया और करीब चार घंटे तक स्कूल के मेन गेट पर ताला जड़कर और मुख्य बाजार मार्ग पर धरना देकर नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की.
आश्वासन के बाद खुलवाया गया ताला
प्रदर्शन की सूचना पर सायला तहसीलदार, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नेमाराम चौधरी और एएसआई राजाराम मौके पर पहुंचे. काफी देर तक चली समझाइश के बाद प्रशासन और छात्रों के बीच सहमति बनी. प्रशासन ने तत्काल चार शिक्षकों की व्यवस्था करने और बाकी तीन शिक्षकों को 10 दिनों के भीतर लगाने का आश्वासन दिया. इसके बाद छात्राओं ने अपना धरना खत्म कर दिया और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में स्कूल का ताला खुलवाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ.
स्कूली बच्ची का कॉन्फिडेंस देख हर कोई हैरान
राजस्थान के जालौर के इस स्कूल में प्रदर्शन कर रही एक स्कूली बच्ची का कॉन्फिडेंस देख हर कोई हैरान रह गया. ये बच्ची अपनी मांगों को इस तरह से उठा रही थी, मानो किसी यूनिवर्सिटी की छात्र नेता हो. बच्ची को साफ चेतावनी देते हुए सुना जा सकता है कि अगर टीचर्स की व्यवस्था नहीं हुई और मांगे नहीं मानी गईं तो सड़क पर प्रदर्शन होगा.
छात्रों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर 10 दिनों के भीतर बाकी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो वे फिर से स्कूल पर ताला लगाकर आंदोलन शुरू करेंगे. सोशल मीडिया पर लोग इन छात्राओं की खूब तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि इस उम्र से ही ये अपनी हक की आवाज उठाना सीख चुकी हैं.
ये भी पढ़ें - बिहार के सीवान की श्रेया को अमेरिका में मिली 3 करोड़ की स्कॉलरशिप, मुफ्त में होगी पढ़ाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं