विज्ञापन

दुनिया के टॉप 10 सबसे खुशहाल शहरों में आया भारत का इकलौता शहर, दिल्ली-मुंबई छूटे पीछे

ग्लोबल मैगजीन 'टाइम आउट' की दुनिया के सबसे खुशहाल शहरों की 2026 की लिस्ट में जयपुर को छठा स्थान मिला है. जानें टॉप-10 में किस-किस शहर का नाम शामिल है.

दुनिया के टॉप 10 सबसे खुशहाल शहरों में आया भारत का इकलौता शहर, दिल्ली-मुंबई छूटे पीछे
2026 में दुनिया के सबसे खुशहाल शहरों की रैंकिंग में जयपुर छठे नंबर पर आया है.
IANS

India News: ग्लोबल ट्रैवल और लाइफस्टाइल मैगजीन टाइम आउट (Time Out) की साल 2026 की दुनिया के सबसे खुशहाल शहरों की लिस्ट जारी हो गई है. इस वैश्विक रैंकिंग के टॉप-10 शहरों में राजस्थान की राजधानी जयपुर ने छठा (6th) स्थान हासिल किया है. इस लिस्ट में शामिल होने वाला जयपुर पूरे भारत का इकलौता शहर है, जिसने दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे तमाम बड़े महानगरों को पछाड़कर यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है.

कैसे तय हुई शहरों की रैंकिंग?

इस प्रतिष्ठित वार्षिक ग्लोबल सर्वे को तैयार करने के लिए दुनिया भर के लगभग 24000 स्थानीय नागरिकों से सीधे बात की गई थी. इस सर्वेक्षण में शहरों की रैंकिंग सिर्फ वहां के खान-पान या नाइटलाइफ के आधार पर तय नहीं की गई. इसके बजाय लोगों से पांच बेहद जरूरी सवाल पूछे गए, जिनमें शहर की सकारात्मकता, रोजमर्रा की जिंदगी का आनंद, समुदाय की भावना और वहां प्यार ढूंढना कितना आसान है, जैसी बातें शामिल थीं. इन सभी कड़े पैमानों पर जयपुर के निवासियों ने सबसे ज्यादा सकारात्मक जवाब दिए, जिसके दम पर पिंक सिटी ने यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है.

इन खूबियों के कारण टॉप-10 में चमका जयपुर

टाइम आउट की रिपोर्ट के अनुसार, जयपुर अपने बेहतरीन और अनोखे संतुलन के कारण लोगों को सबसे ज्यादा मानसिक शांति और खुशी देता है. यहां के हरे-भरे पार्क, पैदल चलने लायक सुरक्षित पड़ोस और बिना किसी भारी तनाव वाली सामान्य हलचल लोगों को आकर्षित करती है. इसके अलावा शहर की धीमी जीवनशैली, शानदार महल, जोहरी बाजार और बापू बाजार जैसे रंग-बिरंगे बाजार और स्वादिष्ट प्याज कचोरी व लाल मास का स्वाद इस शहर को रहने और घूमने के लिए दुनिया का सबसे बेहतरीन डेस्टिनेशन बनाता है.

लिस्ट के टॉप-5 में कौन-कौन से शहर है?

इस ग्लोबल लिस्ट के नियमों के मुताबिक, हर एक देश से केवल सबसे टॉप रैंक हासिल करने वाले एक ही शहर को अंतिम सूची में जगह दी गई थी. इस साल की रैंकिंग में पहले स्थान पर यूनाइटेड किंगडम (UK) का बाथ (Bath) शहर रहा है. इसके बाद दूसरे नंबर पर पनामा सिटी, तीसरे पर मेक्सिको की गुआदलाजारा, चौथे पर कोलंबिया का मेडेलिन और पांचवें नंबर पर पोलैंड का क्राको है, जिसके ठीक बाद छठे नंबर पर भारत के जयपुर का नाम दर्ज है.

टॉप-20 में इन शहरों ने बनाई जगह

लिस्ट के बाकी शहरों की बात करें तो अमेरिका का शिकागो शहर सातवें स्थान पर है, जिसके बाद आठवें नंबर पर साउथ अफ्रीका का केप टाउन, नौवें नंबर पर चीन का शंघाई और दसवें स्थान पर स्वीडन का गोथेनबर्ग शहर काबिज है. लिस्ट के निचले हिस्से में ग्यारहवें स्थान पर कनाडा का मॉन्ट्रियल, बारहवें पर ब्राजील का साओ पाउलो, तेरहवें पर स्पेन का वेलेंसिया, चौदहवें पर चेक रिपब्लिक का प्राग और पंद्रहवें स्थान पर ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न शहर मौजूद है. सोलहवें नंबर पर मलेशिया का कुआलालंपुर, सत्रहवें पर जर्मनी का हैम्बर्ग, अठाहरवें पर पुर्तगाल का पोर्टो, उन्नीसवें पर नेदरलैंड्स का एम्स्टर्डम और बीसवें स्थान पर थाईलैंड का चींग माई शहर शामिल है.

ये भी पढ़ें:- खुदाई में मिलीं रावण की हजारों साल पुरानी 35 दुर्लभ मूर्तियां, रामायण और महाभारत काल से कनेक्शन, मांड्या-मैसुरु में ASI ने खोला राज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jaipur, Happy City Index, Pink City, Time Out Ranking, Zara Hatke News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com