Trending: ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड में एक ऐसा घर है, जिसकी छत को चीरते हुए एक 25 फुट लंबी शार्क बाहर निकली हुई है. हालांकि, यह कोई असली शार्क नहीं, बल्कि फाइबरग्लास से बनी एक आर्ट है, जिसकी वजह से इस घर को दुनिया भर में शार्क हाउस (Shark House) के नाम से जाना जाता है. पिछले पांच सालों से यह घर एयरबीएनबी (Airbnb) पर पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बना हुआ था, जहां लोग छुट्टियां मनाने और खास मौके सेलिब्रेट करने आते थे. लेकिन, स्थानीय नगर निगम ने ऑक्सफोर्ड में गहराते आवास संकट का हवाला देते हुए इस घर के एयरबीएनबी पर शॉर्ट-टर्म रेंटल पर रोक लगा दी. अब घर के मालिक डॉ. मैग्नस हैनसन-हाइन ने इस बैन के खिलाफ एक नया रास्ता निकाल लिया है. उनका तर्क है कि यह कोई आम घर नहीं, बल्कि 'पब्लिक आर्ट' है, इसलिए इस पर से बैन हटना चाहिए.
'शार्क हाउस' का 40 साल पुराना विवाद
डॉ. मैग्नस के पिता, बिल हाइने ने करीब 40 साल पहले बिना किसी आधिकारिक अनुमति के इस 25 फुट लंबी शार्क को घर की छत पर स्थापित किया था. इसे बनाने में तीन महीने लगे थे. शुरुआत में काउंसिल ने इसे सुरक्षा के लिए खतरा बताकर इसका कड़ा विरोध किया था, लेकिन 6 साल चली लंबी कानूनी लड़ाई के बाद इंजीनियरों ने इसे पूरी तरह सुरक्षित माना. साल 2016 में मैग्नस ने यह घर अपने पिता से खरीदा और इसे संरक्षित रखने के लिए एयरबीएनबी पर लिस्ट कर दिया. यह जगह जल्द ही पर्यटकों की पसंदीदा बन गई. लेकिन पिछले साल मार्च में काउंसिल ने नियमों का हवाला देते हुए इस पर रोक लगा दी.
जो Airbnb के बारे में नहीं जानते, उन्हें बता दें कि यह एक ऑनलाइन ग्लोबल प्लेटफॉर्म है, जो लोगों को अपने घर या खाली कमरे किराए पर देने और यात्रियों को रुकने के लिए अनोखी जगहें ढूंढने की सुविधा देता है.
बैन हटाने के लिए मालिक ने खोजा लूपहोल
द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, पेशे से क्वांटम केमिस्ट डॉ. मैग्नस का मानना है कि शार्क हाउस को एक साधारण रेंटल प्रॉपर्टी की तरह नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने दलील दी है कि यह ऑक्सफोर्ड की सबसे मशहूर पब्लिक आर्ट में से एक है. मैग्नस के अनुसार, जब यह घर एयरबीएनबी पर था, तब लोग इसे सिर्फ ठहरने के लिए नहीं, बल्कि जन्मदिन या रीयूनियन जैसे खास मौकों को यादगार बनाने के लिए बुक करते थे. उनका कहना है कि पिछली जांच में भी यह साबित हो चुका है कि इस घर से पड़ोसियों या सड़क सुरक्षा को कभी कोई परेशानी नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें:- गुरुग्राम छोड़कर हिमालय के गांव में शिफ्ट हुए कपल ने बताया महीने का खर्च, कहा- 'हम 4BHK में रहते हैं'
क्यों लगाई गई शॉर्ट-टर्म रेंटल पर रोक?
ऑक्सफोर्ड को ब्रिटेन का सबसे महंगा शहर माना जाता है, जहां इस वक्त भारी आवास संकट है. काउंसिल का कहना है कि शहर में लगभग 3500 परिवार सोशल हाउसिंग की वेटिंग लिस्ट में हैं. ऐसे में, जब आम घरों को बिना अनुमति के एयरबीएनबी जैसे हॉलिडे रेंटल या शॉर्ट-लेट बिजनेस में बदल दिया जाता है, तो स्थानीय लोगों के लिए रहने की जगह कम हो जाती है. काउंसिल के मुताबिक, शहर में लगभग 800 संपत्तियां पूरी तरह से पर्यटकों के लिए दी जा रही हैं, जबकि शहर को इन घरों की जरूरत वहां के स्थायी निवासियों के लिए है.
1 महीने का किराया है सवा 5 लाख रुपये
शॉर्ट-टर्म रेंटल पर बैन लगने के बाद, मैग्नस ने अब इस ऐतिहासिक और अनोखे घर को लंबे समय के लिए किराए पर लिस्ट किया है. इसका किराया 4,000 पाउंड (करीब 5.16 लाख रुपये) प्रति माह रखा गया है. मैग्नस का कहना है कि यह घर सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि 'हिस्ट्री ऑफ लिविंग आर्ट' का एक हिस्सा है. इसके संरक्षण और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए वह अब पेशेवर सलाह और ग्रांट्स की तलाश कर रहे हैं. आने वाले समय में लोगों की दिलचस्पी को देखते हुए, शार्क हाउस के लिए क्राउडफंडिंग का भी सहारा लिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें:- विदेशी बहू ने बताईं भारत की वो 5 बातें जो किसी और देश में नहीं, वीडियो देख लोगों ने कहा- Thank You
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं