विज्ञापन

हाथ में गुलाब लेकर DM ऑफिस पहुंचीं स्कूली छात्राएं, मासूमियत में पूछा एक सवाल- मैडम आप IAS कैसे बनीं?

डीएम ऑफिस का यह दौरा इन बच्चियों के लिए सिर्फ एक ट्रिप नहीं था, बल्कि बड़े सपने देखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की एक नई प्रेरणा बन गया.

हाथ में गुलाब लेकर DM ऑफिस पहुंचीं स्कूली छात्राएं, मासूमियत में पूछा एक सवाल- मैडम आप IAS कैसे बनीं?
Success Story: नालंदा की डीएम उदिता सिंह ने बच्चों को सुनाई अपने IAS बनने की कहानी.
NDTV Reporter

Bihar News: आमतौर पर नालंदा के डीएम ऑफिस में फाइलों की आवाजाही और सरकारी बैठकों का शोर होता है. लेकिन इस बार माहौल बिल्कुल अलग था. हाथों में गुलाब, आंखों में बड़े सपने और चेहरे पर मासूमियत लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (बिहारशरीफ) की छात्राएं शनिवार को जब डीएम ऑफिस पहुंचीं, तो वहां का पूरा माहौल ही बदल गया. मौका था 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत एक एजुकेशनल टूर का, जो इन बच्चियों के लिए एक ऐसा दिन बन गया जिसे वे शायद ही कभी भूल पाएं.

जब बच्ची ने पूछा- 'मैडम, आप IAS कैसे बनीं?'

नालंदा की डीएम उदिता सिंह ने इन बच्चियों से किसी सख्त अफसर की तरह नहीं, बल्कि एक दोस्त और गाइड की तरह बात की. बातचीत के दौरान जब एक बच्ची ने बड़ी ही मासूमियत से पूछ लिया कि, मैडम! आप आईएएस कैसे बनीं? तो डीएम साहिबा ने भी पूरी ईमानदारी से अपनी संघर्ष की कहानी उनके सामने रख दी.

Nalanda DM Meets School Girls

दफ्तर में मिलने आई बच्ची ने डीएम मैडम से पूछ लिया कि वे आईएएस कैसे बनीं.
Photo Credit: NDTV Reporter

'इंजीनियर बनने का सपना छोड़कर IAS बनी'

उन्होंने बताया, 'मेरा पहला सपना इंजीनियर बनने का था. आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद मैंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की. इस दौरान कई बार ऐसा लगा कि मेरे साथी मुझसे आगे निकल गए हैं. लेकिन मैंने धैर्य नहीं छोड़ा, लगातार मेहनत की और आखिरकार मेरा आईएएस बनने का सपना सच हो गया.'

डीएम साहिबा के दिए 3 शानदार मंत्र

Nalanda DM Udita Singh IAS Success Story School Girl Visit

डीएम उदिता सिंह ने बच्चियों को दिए 3 सक्सेस मंत्र.
Photo Credit: NDTV Reporter

बच्चियों का हौसला बढ़ाते हुए डीएम उदिता सिंह ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के कुछ ऐसे मंत्र दिए, जो सीधे उनके दिलों में उतर गए. उन्होंने बच्चियों को समझाया कि संघर्ष कभी बोझ नहीं होता. यह हमें अंदर से मजबूत बनाता है. सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसलिए कठिनाइयों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करना चाहिए. 

निडर बनने की सीख देते हुए डीएम ने कहा कि अपनी बात खुलकर रखना सीखें. जब तक आप अपनी परेशानी बताएंगी नहीं, किसी को पता कैसे चलेगा? उन्होंने छात्राओं को सशक्त बनने के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और इमरजेंसी सेवा 112 के बारे में भी जागरूक किया.

बच्चियों ने की मांग, डीएम ने तुरंत दिया आदेश

इस खुले माहौल में बच्चियों ने भी बिना डरे अपनी बात रखी. उन्होंने स्कूल में सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी एंड वेलनेस, डांस और म्यूजिक की रेगुलर क्लासेज शुरू करवाने की मांग की. डीएम ने बच्चियों की इस मांग पर तुरंत एक्शन लिया और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द ये वोकेशनल ट्रेनिंग शुरू करवाने के निर्देश दे दिए, ताकि बेटियां न सिर्फ पढ़ाई में बल्कि हुनर में भी आत्मनिर्भर बन सकें.

सिर्फ टूर नहीं, आसमान छूने की उड़ान

Nalanda DM Udita Singh IAS Success Story School Girl Visit

कंट्रोल रूम का दौरा करते हुए छात्राओं की तस्वीर.
Photo Credit: NDTV Reporter

डीएम से इस शानदार मुलाकात के बाद बच्चियों ने पुलिस कंट्रोल रूम, कोर्ट, वन स्टॉप सेंटर और कई सरकारी दफ्तरों का भी दौरा किया और वहां के कामकाज को करीब से देखा. कार्यक्रम के अंत में इन बेटियों ने संकल्प लिया कि वे पढ़-लिखकर अपने माता-पिता, नालंदा और देश का नाम रोशन करेंगी.

ये भी पढ़ें:- 'जिसको इतना प्यार किया, उसने ही छोड़ दिया', पॉडकास्ट में फूट-फूटकर रोईं महाकुंभ की वायरल गर्ल हर्षा रिछारिया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story, Bihar News, Nalanda, Kasturba Gandhi Balika Vidyalaya, UPSC Success Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com