विज्ञापन

नागालैंड में गरीब किसान का भरोसा नहीं तोड़ता ग्राहक, बिना दुकानदार की दुकान पर खुद देकर जाता है पैसा

सड़क किनारे सजी छोटी सी दुकान, ताजा सामान और पास में रखा एक छोटा सा गल्ला. नागालैंड के किसानों की इस अनोखी पहल ने साबित कर दिया है कि आज भी दुनिया में भरोसा और ईमानदारी जिंदा है.

नागालैंड में गरीब किसान का भरोसा नहीं तोड़ता ग्राहक, बिना दुकानदार की दुकान पर खुद देकर जाता है पैसा
ग्राहक के ईमान पर बिकता है सारा सामान.
@AlongImna

VIRAL POST: क्या कोई ऐसी दुकान हो सकती है जहां न तो कोई सामान बेचने वाला हो और न ही चोरी रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगा हो? शायद देश के बाकी हिस्सों में ऐसा सोचना भी मुश्किल है, लेकिन पूर्वोत्तर राज्य नागालैंड में यह हकीकत है. नागालैंड के पर्यटन मंत्री तेमजेन इम्ना अलॉन्ग ने सोशल मीडिया पर इन अनोखी 'ऑनेस्टी शॉप्स' (ईमानदारी की दुकानों) की कुछ तस्वीरें साझा की हैं. यह दुकानें किसी आधुनिक तकनीक से नहीं, बल्कि सिर्फ और सिर्फ आपसी भरोसे और ईमानदारी की नींव पर चल रही हैं.

कैसे काम करता है यह अनोखा बाजार?

पहाड़ी रास्तों के किनारे बनी इन छोटी-छोटी दुकानों या स्टालों पर ताजी सब्जियां, मौसमी फल, घर के बने अचार और जूस करीने से सजाकर रख दिए जाते हैं. हर सामान के साथ उसकी कीमत लिखी होती है. ग्राहक वहां रुकते हैं, अपनी पसंद का सामान उठाते हैं, लिखी हुई कीमत देखते हैं और पास में रखे गल्ले (कैश बॉक्स) में पैसे डाल देते हैं. कमाल की बात यह है कि बदलते वक्त के साथ अब यहां ऑनलाइन भुगतान के लिए यूपीआई (UPI) क्यूआर कोड भी लगे हुए हैं.   

खेत में किसान, दुकान पर सिर्फ भरोसा

दरअसल, इन दुकानों को चलाने वाले स्थानीय किसान हैं. वे सुबह-सुबह अपने खेतों का ताजा उत्पाद यहां रख देते हैं और खुद खेतों में काम करने या अपने दूसरे कामों में व्यस्त हो जाते हैं. उन्हें पूरा यकीन होता है कि उनकी गैरमौजूदगी में भी कोई उनका हक नहीं मारेगा. नागालैंड के पफुत्सेरो इलाके में महिला किसान ऐसी करीब 20 दुकानें संभाल रही हैं.

यह भी पढ़ें | Gen Z दादी ने आज के मां-बाप को बताया समाज का असल चेहरा, कहा- बुढ़ापे में सोसायटी से ही सेवा करवा लेना

व्यापार सिर्फ लेन-देन नहीं, संस्कृति है

मंत्री तेमजेन इम्ना अलॉन्ग ने बिल्कुल सही बात कही है कि व्यापार सिर्फ पैसों के लेन-देन का नाम नहीं है. यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि हम रोजमर्रा की आम जिंदगी में एक-दूसरे के प्रति कितने ईमानदार हैं. यह दुकानें नागालैंड की समृद्ध संस्कृति और वहां के लोगों के ऊंचे नैतिक मूल्यों का जीता-जागता सबूत हैं.

यह भी पढ़ें | मनाली शिफ्ट हुई ट्रैवल इन्फ्लुएंसर को लौटना पड़ा दिल्ली, बोली- वहां 2 चीजों का नुकसान हो रहा था

यह भी पढ़ें | मनाली में बार-बार पूछने पर भी कमाई छिपा रहे थे, मैगी वाले भैया ने समझाया हर दिन 14 हजार कमाने का पूरा गणित

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shops Without Shopkeepers, Temjen Imna Along Viral Video, Temjen Imna Along Post, Khabar Zara Hatke 
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com