सोशल मीडिया पर Uber कैब से जुड़ा एक मामला तेजी से वायरल हो रहा है. एक महिला ने आरोप लगाया है मुंबई में एक Uber राइड के दौरान कैब ड्राइवर ने उनके साथ बदसलूकी की. इतना ही नहीं, ड्राइवर ने महिला पर हाथ भी उठाया. देखते ही देखते ये वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद अब कंपनी ने इसपर सफाई दी है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, शिवानी नाम की एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वे बताती हैं, 'कुछ दिन पहले मैंने महालक्ष्मी (मुंबई) से नेरुल (नवी मुंबई) के लिए Uber कैब बुक थी. राइड पूरी होने के बाद ऐप पर किराया 501 रुपये दिख रहा था. मैंने ऑनलाइन पेमेंट की और राइड एंड हो गई. हालांकि, तभी ड्राइवर ने 40 रुपये एक्स्ट्रा देने की मांग की. यह रकम ऐप में नहीं दिखाई गई थी और राइड भी एंड हो चुकी थी इसलिए मैंने पैसे देने से मना कर दिया.'
महिला का कहना है कि उनके पैसे न देने पर ड्राइवर का व्यवहार अचानक आक्रामक हो गया. ड्राइवर ने गाड़ी अंदर से लॉक करने की कोशिश की और वह उन्हें डराने-धमकाने लगा. महिला जैसे-तैसे गाड़ी से बाहर तो निकल गईं लेकिन ड्राइवर ने फिर भी उनका रास्ता रोकने की कोशिश की.
महिला का आरोप है कि जब उन्होंने विरोध किया तो ड्राइवर उनके बेहद करीब आ गया. अपनी सुरक्षा के लिए महिला ने उसे पीछे धकेला. इसके बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर महिला को थप्पड़ मारा और उनका हाथ भी मरोड़ने लगा. घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया और मामला शांत कराने की कोशिश की. इसके बाद महिला ने अपने ऑफिस के लोगों को भी मदद के लिए बुलाया. इसके बावजूद ड्राइवर लगातार बहस करता रहा और उसे अपने व्यवहार पर कोई पछतावा नहीं था.
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उनका Uber अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया गया है.
यहां देखें वीडियो-अब, मामला वायरल होने के बाद Uber ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है. कंपनी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. Uber ने महिला के साथ हुई घटना पर दुख जताया है और कहा है कि ड्राइवर के खिलाफ कंपनी की नीतियों के अनुसार कार्रवाई की गई है. साथ ही महिला का अकाउंट दोबारा चालू कर दिया गया है और जरूरत पड़ने पर उन्हें आगे भी सहायता दी जाएगी.
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्साइस घटना के सामने आने के बाद कई लोगों ने Uber की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि अगर महिला के साथ ऐसा हुआ था तो उनका अकाउंट ब्लॉक क्यों किया गया. लोगों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें- भीषण आंधी में हाइवे पर फंसी थी फैमिली, एक कार आकर रुकी...और वायरल हो गया वीडियो
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं