विज्ञापन

130 से ज्यादा पक्षियों की आवाजें निकालता है यह 12 साल का बच्चा, 'बर्ड ऐप' भी खा जाता है धोखा

सैमुअल सिर्फ आवाज की नकल ही नहीं करता, बल्कि लाफिंग गुल, हेरिंग गुल जैसे अलग-अलग प्रजातियों के पक्षियों के बीच का फर्क भी आसानी से समझा देता है.

130 से ज्यादा पक्षियों की आवाजें निकालता है यह 12 साल का बच्चा, 'बर्ड ऐप' भी खा जाता है धोखा
ये बच्चा 130 पक्षियों की आवाज निकालने में माहिर है.
instagram@lorisamuelsmom

Viral Video: अमेरिका के ओक्लाहोमा में रहने वाला 12 साल का सैमुअल हेंडरसन इन दिनों अपनी एक अनोखी कला की वजह से इंटरनेट पर छाया हुआ है. सैमुअल पक्षियों की ऐसी सटीक आवाजें निकालता है कि इंसान तो क्या, चिड़िया की आवाज पहचानने वाला मोबाइल ऐप भी धोखा खा जाता है. ऑटिज्म से पीड़ित यह बच्चा अब तक 130 से भी ज्यादा पक्षियों की बोलियों की नकल कर सकता है.

चिड़ियाघर की घटना से शुरू हुआ सफर

सैमुअल की मां लोरी हेंडरसन बताती हैं कि वह बचपन में बोलना सीखने से पहले ही अपने आसपास की आवाजों की नकल करने लगा था. एक बार ओक्लाहोमा सिटी चिड़ियाघर में उसने एक डस्टबिन पर बैठी 'ग्रेट-टेल्ड ग्रैकल' चिड़िया की आवाज सुनी और उसकी नकल उतारी. यह उसके जीवन की पहली पक्षी कॉल थी. इसके बाद से उसने पक्षियों के रंग-रूप, रहने की जगह और उनके व्यवहार का गहराई से स्टडी करना शुरू कर दिया.

स्कूल टैलेंट शो ने बना दिया स्टार

मई 2024 में 10 साल की उम्र में सैमुअल ने अपने स्कूल के टैलेंट शो में हिस्सा लिया. ऑटिस्टिक होने की वजह से शुरुआत में उसके माता-पिता थोड़ा झिझक रहे थे, लेकिन स्टेज पर जाते ही उसने सबको हैरान कर दिया. सैमुअल ने खिलौनों की मदद से ग्रेट हॉर्न्ड उल्लू, वाइल्ड टर्की, कनाडा गूज और रेड-टेल्ड हॉक की असली जैसी आवाजें निकालीं. शो के बाद उसके क्लासमेट्स ने उसे बधाइयां दीं और जब उसकी मां ने यह वीडियो टिकटॉक पर डाला, तो वह रातों-रात वायरल हो गया.

बड़े होकर बनना है ऑर्निथोलॉजिस्ट

सैमुअल के इस हुनर को देखते हुए कॉर्नेल लैब ऑफ ऑर्निथोलॉजी ने भी उसे अपने यहां आने का न्योता दिया है. सैमुअल का कहना है, 'मैं बड़ा होकर पक्षी विज्ञानी बनना चाहता हूं और पक्षियों पर स्टडी करना चाहता हूं.'

सोशल मीडिया पर लोगों को आया पसंद

इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल किया जा रहा है और लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं.

एक यूजर ने लिखा, 'यह सच में बहुत कमाल की बात है. एक प्रोफेशनल डॉग वॉकर के तौर पर मैं 25 सालों से ज्यादा समय से बाहर रहा हूं और मैंने तरह-तरह के पक्षियों की आवाजें सुनी हैं. मुझे उसे कार्डिनल पक्षी की आवाज निकालते हुए सुनना बहुत अच्छा लगेगा, क्योंकि वह मेरा पसंदीदा पक्षी है.'

दूसरे यूजर ने कहा, 'आवाजें निकालना एक बात है, लेकिन माइक पर इतना अच्छा होना बिल्कुल अलग बात है. वह लोगों के हंसने और तालियां बजाने का इंतजार करता है, उसकी लय बहुत बढ़िया है. यह सच में जबरदस्त है.'

तीसरे यूजर ने लिखा, 'जब वो आखिर में तालियों की तेज आवाज की वजह से अपने कान ढकता है. यह देखकर मेरा दिल पसीज जाता है.'

चौथे यूजर ने कहा, 'रेड-टेल्ड हॉक जबरदस्त है, एकदम कमाल का, सुपरह्यूमन.'

ये भी पढ़ें:- ⁠3 साल की बच्ची ने वो कर दिखाया जिसे करने में लोगों की उम्र बीत जाती है, गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम

ये भी पढ़ें:- ⁠23 साल की उम्र में बचपन का सपना पूरा करना वाले Gen Z ने बताया पहाड़ों में रहने का खर्च, कहा- 'मैं 0 रेंट देता हूं'

यह VIDEO भी देखें:-

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Video, Bird, Mimicry, Viral Kid, Trending News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com