आजकल सोशल मीडिया पर एक अनोखी शादी की कहानी काफी चर्चा में है. एक मैचमेकिंग सर्विस की फाउंडर ने खुलासा किया कि उन्हें एक महिला क्लाइंट को अपनी सर्विस से बैन करना पड़ा, क्योंकि उसकी और उसके परिवार की डिमांड काफी अजीब थी. यह मामला तब सामने आया जब मैचमेकिंग प्लेटफॉर्म The Date Crew की फाउंडर ओएंद्रिला कपूर ने इस पूरी घटना के बारे में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. वीडियो सामने आते ही यह कहानी इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई.
करोड़पति दूल्हे की चाह
ओएंद्रिला कपूर के अनुसार, उनकी सर्विस में आई 28 साल की एक महिला क्लाइंट सालाना करीब 11 लाख रुपये कमाती थी. लेकिन, वह और उसका परिवार दूल्हे के लिए ऐसी शर्त रख रहे थे, जो काफी असामान्य थी. परिवार चाहता था कि लड़का उसी जाति का हो, खासतौर पर ब्राह्मण हो और उसकी सालाना कमाई कम से कम 1 करोड़ रुपये हो. शुरुआत में परिवार ने सिर्फ इतना कहा था कि उन्हें अच्छे परिवार का पढ़ा-लिखा लड़का चाहिए. लेकिन, जब मैचमेकिंग टीम ने 25 लाख से 50 लाख रुपये सालाना कमाने वाले लड़कों के प्रोफाइल दिखाए, तो हर बार उन्हें ठुकरा दिया गया. परिवार का जवाब होता था कि उन्हें उस प्रोफाइल से वाइब नहीं आ रही.
जब सच सामने आया तो टीम भी रह गई हैरान
लगातार मना किए जाने के बाद मैचमेकिंग टीम ने परिवार से पूछा, कि उन्हें किस तरह के प्रोफाइल पसंद हैं. इसके बाद परिवार ने अलग-अलग मैट्रिमोनियल ऐप्स से करीब 15–20 प्रोफाइल भेजे. जब टीम ने इन प्रोफाइल को देखा तो वे चौंक गए. सभी प्रोफाइल में एक चीज कॉमन थी, हर लड़का 1 करोड़ से ज्यादा कमाने वाला था और सभी ब्राह्मण जाति के थे. जब टीम ने सीधे पूछा कि क्या 1 करोड़ से ज्यादा सैलरी उनकी शर्त है, तो लड़की ने कहा कि यह शर्त नहीं है, बल्कि वह ऐसे प्रोफाइल की ओर शारीरिक रूप से आकर्षित होती है.
देखें Video:
किसी भी करोड़पति लड़के ने नहीं दिखाई दिलचस्पी
ओएंद्रिला कपूर ने बताया कि टीम ने ऐसे हाई-इनकम प्रोफाइल से भी संपर्क किया, लेकिन किसी भी लड़के ने लड़की के प्रोफाइल में रुचि नहीं दिखाई. कपूर के अनुसार, अक्सर बहुत ज्यादा कमाने वाले लोग जल्दी समझ जाते हैं कि सामने वाले की अपेक्षाएं अवास्तविक हैं या परिवार बहुत ज्यादा हस्तक्षेप कर रहा है. ऐसी स्थिति में वे बातचीत शुरू होने से पहले ही पीछे हट जाते हैं.
इस वजह से किया गया बैन
मैचमेकर ने कहा, कि किसी को अपनी पसंद रखने का पूरा अधिकार है. लेकिन, समस्या तब होती है जब अपनी असली अपेक्षाएं छिपाई जाती हैं और बार-बार शर्तें बदलती रहती हैं. इसी वजह से उनकी टीम ने उस क्लाइंट को सर्विस से बैन कर दिया. उनका कहना था कि टीम से ऐसी उम्मीद की जा रही थी जो केवल समाज के टॉप 1 प्रतिशत लोगों पर लागू होती है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने भी दी प्रतिक्रिया
यह वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग भी इस मामले पर खुलकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि शादी में सिर्फ पैसा ही सब कुछ नहीं होता. एक यूजर ने लिखा, कि इतनी अव्यावहारिक उम्मीदों के साथ सही साथी मिलना मुश्किल हो जाता है. वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि रिश्ते में समझदारी, सम्मान और तालमेल सबसे ज्यादा जरूरी होता है, सिर्फ सैलरी से खुशहाल शादी नहीं बनती.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: नन्ही बच्ची ने स्टेज पर नानू-दादू के साथ किया इतना जबरदस्त डांस, इंटरनेट पर छा गया Video, मिले 82 लाख व्यूज
बिल्ली को खाना खिलाकर कमा लिए 20 लाख रुपये! चीन के शख्स की कमाई ने चौंकाया, जानिए कैसे
सहारा रेगिस्तान में मिला 10 करोड़ साल पुराना विशाल डायनासोर! नई खोज ने बदल दी इतिहास की किताब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं