बेंगलुरु में रहने का खर्च पहले ही काफी ज्यादा माना जाता है, लेकिन हाल ही में वहां रहने वाले एक शख्स का बिजली बिल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. एक Reddit यूजर ने अपने 3BHK फ्लैट का 16,883 रुपये का बिजली बिल शेयर करते हुए पूछा- कि क्या यह बेंगलुरु के हिसाब से सामान्य है. यूजर ने BESCOM (बेंगलुरु इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड) ऐप का स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किया, जिसमें 18 फरवरी तक भुगतान की अंतिम तिथि दिखाई दे रही थी.
सामान्य उपयोग के बावजूद ज्यादा बिल
पोस्ट में यूजर ने बताया, कि उनके घर में चार लोग रहते हैं और बिजली का उपयोग सामान्य ही है. घर में केवल एक एयर कंडीशनर है, जिसे रोजाना लगभग 5-7 घंटे चलाया जाता है. इसके अलावा एक 650 वॉट का गेमिंग पीसी, एक छोटा इंडक्शन कुकर, एयर फ्रायर और दिनभर चलने वाले चार पंखे उपयोग में आते हैं. यूजर के अनुसार, इसी तरह के उपयोग के साथ उनका बिजली बिल आमतौर पर 5,000 से 9,000 रुपये के बीच आता है. लेकिन, इस बार बिल अचानक 16,883 रुपये पहुंच गया, जिसे देखकर वह हैरान हैं. उन्होंने पूछा, कि इस मामले की शिकायत कहां और कैसे की जा सकती है.

Electricity Meter
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
पोस्ट वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे असामान्य बताया. एक यूजर ने लिखा, कि उनके चार लोगों के परिवार का बिल केवल 2,000 रुपये आता है. वहीं, कुछ लोगों ने सलाह दी कि घर में बिजली के उपयोग की दोबारा जांच करें. एक यूजर ने मजाक में पूछा, क्या आप पूरी बिल्डिंग का बिल भर रहे हैं? जबकि कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि पिछले महीने के बिल से तुलना करें और मीटर रीडिंग की जांच कराएं. यह मामला एक बार फिर बड़े शहरों में बढ़ती बिजली लागत और बिलिंग से जुड़ी पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: स्टार्टअप में मचा हड़कंप! यूजर ने अपलोड कर दिया 500 से ज्यादा अश्लील कंटेंट, CEO का Video वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं