World News: इंटरनेट की दुनिया में प्राइवेसी सबसे बड़ा मुद्दा है, और जब बात किसी नामी हस्ती की हो, तो यह मामला और भी संवेदनशील हो जाता है. हाल ही में मलेशिया से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरी टेलीकॉम इंडस्ट्री में हड़कंप मचा दिया है. वहां के एक बेहद लोकप्रिय सोशल मीडिया स्टार का प्राइवेट डेटा सोशल मीडिया पर लीक हो गया है, जिसके बाद देश की सरकार ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है.
कैसे लीक हुई इंटरनेट स्टार की प्राइवेसी?
यह पूरा विवाद मलेशिया के मशहूर इन्फ्लुएंसर और बिजनेसमैन खैरुल अमिंग से जुड़ा है. प्राइवेसी ब्रीच का पता उस वक्त चला जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म थ्रेड पर एक अज्ञात यूजर ने खैरुल अमिंग के पर्सनल फोन बिल का स्क्रीनशॉट और मलेशियाई रिंगिट का बकाया बैलेंस सरेआम पोस्ट कर दिया. इस लीक में न सिर्फ उनका बिल बल्कि IC नंबर और प्रीपेड क्रेडिट हिस्ट्री जैसी बेहद संवेदनशील डिजिटल जानकारियां भी पब्लिक डोमेन में आ गईं, जिसके जरिए सरकारी पोर्टल पर भी उनकी प्रोफाइल एक्सेस करने की कोशिश की गई.
'डेटा लीक करने वाले की हुई पहचान'
खुद खैरुल अमिंग ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि यह बेहद डरावना है कि कोई इतनी आसानी से किसी की निजी लाइफ में तांक-झांक कर सकता है. विवाद बढ़ने पर टेलीकॉम कंपनी मैक्सिस ने आधिकारिक तौर पर माना कि यह उनके कस्टमर सेल्फ-सर्विस प्लेटफॉर्म के इंटरनल सिस्टम में Unauthorized Access का मामला था. कंपनी ने दावा किया है कि यह एक Isolated Incident थी और उन्होंने डेटा चुराने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली है, जिसके खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सरकार के रडार पर आई दिग्गज टेलीकॉम कंपनी
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, डेटा लीक का यह मामला सामने आते ही मलेशिया सरकार तुरंत एक्शन मोड में आ गई. देश के संचार मंत्रालय और रेगुलेटरी अथॉरिटी ने इस लापरवाही को बेहद गंभीरता से लिया है. शक के घेरे में वहां की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनियों में से एक, मैक्सिस (Maxis) आई है. सरकार ने इस प्राइवेसी ब्रीच को लेकर टेलीकॉम दिग्गज के खिलाफ एक हाई-लेवल जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का साफ कहना है कि किसी भी यूजर के पर्सनल डेटा के साथ ऐसा खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्राइवेसी और कड़े नियमों पर छिड़ी बहस
इस घटना ने न सिर्फ मैक्सिस कंपनी की साख पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है, बल्कि पूरी दुनिया के सामने यह उदाहरण भी सेट किया है कि बड़ी कंपनियां यूजर्स के डेटा को लेकर कितनी लापरवाह हो सकती हैं. फिलहाल सरकार इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह डेटा जानबूझकर लीक किया गया या फिर यह किसी तकनीकी खामी का नतीजा था. इस कड़े एक्शन के बाद से अन्य टेक कंपनियों के बीच भी अपने सिक्योरिटी सिस्टम को मजबूत करने की होड़ मच गई है.
कौन हैं खैरुल अमिंग?
मलेशिया के रहने वाले 30 वर्षीय खैरुल अमिंग एक मैकेनिकल इंजीनियर हैं, जो आज वहां के सबसे बड़े फूड इन्फ्लुएंसर और सांबल किंग के नाम से मशहूर हैं. महज कुछ ही सालों में करोड़ों का फूड एम्पायर खड़ा करने वाले खैरुल की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और उन्होंने टिकटॉक लाइव सेल में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े हैं. यही वजह है कि उनकी प्राइवेसी लीक होने की खबर ने पूरे देश को चौंका दिया है.
ये भी पढ़ें:- मुंह में छिपाकर लाए नकली डायमंड और उड़ा लिया 1.4 करोड़ का असली हीरा, सिंगापुर में 2 भारतीयों ने की 'फिल्मी' चोर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं