VIRAL VIDEO: बिना किसी होम लोन के झंझट के अपना घर खरीदना क्या वाकई मुमकिन है? महाराष्ट्र के शहाड़ की रहने वाली एक महिला ने इसे सच कर दिखाया है. उन्होंने बिना कोई कर्ज लिए न सिर्फ 70 लाख रुपये का घर खरीदा, बल्कि उसे शानदार तरीके से सजाया भी. सोशल मीडिया पर उन्होंने अपनी 3 साल की इस अनोखी बचत यात्रा को साझा किया है. महिला ने बताया कि उनका फ्लैट 60 लाख रुपए का था, लेकिन इंटीरियर के साथ कुल खर्च करीब 70 लाख आया. उन्होंने इस पूरी रकम का भुगतान 3 साल में किया. उन्होंने पहले साल 4 लाख, दूसरे साल 5.5 लाख और तीसरे साल 9.5 लाख रुपये बचाए. इसके अलावा, उन्होंने एक लाख का इमरजेंसी फंड भी अलग रखा. उनका सीधा फॉर्मूला था, दो बैंक खाते रखें, एक 'सैलरी अकाउंट' और दूसरा 'ड्रीम अकाउंट' (सपनों का खाता). सैलरी आते ही उसका बड़ा हिस्सा ड्रीम अकाउंट में चला जाता था, जिसका कोई डेबिट या क्रेडिट कार्ड नहीं था ताकि फिजूलखर्ची न हो.
यूं बचीं होम लोन के जाल से
शुरुआत में उन्होंने लोन लेने की सोची थी, लेकिन पिता की सलाह पर उन्होंने बिल्डर से सीधे बात की. चूंकि प्रॉपर्टी बन रही थी, इसलिए उन्होंने बिल्डर को निर्माण के काम से जोड़कर किस्तों में भुगतान करने के लिए मना लिया. तय हुआ कि वह अगले 36 महीनों तक हर महीने एक लाख देंगी और बाकी बचे 8 लाख रुपए पजेशन के समय चुकाएंगी.
सेल्स की नौकरी और सूझबूझ ने दिया साथ
इस पूरे प्लान की सबसे बड़ी ताकत थी उनकी सेल्स की नौकरी. सैलरी के अलावा उन्हें हर महीने एक से 1.5 लाख रुपए तक का इंसेंटिव मिल जाता था, जिसे उन्होंने पूरी तरह बचत में लगाया. कमाल की बात यह रही कि उन्होंने अपना पुराना घर बेचा नहीं, बल्कि उसे रिनोवेट कर किराये पर चढ़ा दिया, जिससे अतिरिक्त आमदनी शुरू हो गई. उनका कहना है, "डरिए मत, बस सही प्लानिंग कीजिए और शुरुआत कीजिए."
यह भी पढ़ें | यूरोप में नौकरी के लिए बिहारी मजदूर का फर्राटेदार अंग्रेजी में इंटरव्यू, विदेशी बोला- 'मेरी तरफ से तुम पास हो'
इंटरनेट पर जमकर तारीफ कर रहे लोग
इस कहानी को सुनकर लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "प्रेरणा देने के लिए शुक्रिया." वहीं दूसरे ने कहा, "सेल्स की नौकरी में कमाल का हुनर चाहिए, आप वाकई लाजवाब हैं." एक महिला यूजर ने गर्व जताते हुए लिखा, "आप पर गर्व है, सभी महिलाओं को ऐसी ही कामयाबी मिले."
यह भी पढ़ें | गोलगप्पे वाले के सारे खर्च हटाकर महीने की 1.2 लाख कमाई, IIT ग्रेजुएट लड़की बोली- हमारी डिग्री मजाक बन गई
यह भी पढ़ें | 'इस दुकान पर औरतों का आना मना है', प्रयागराज में मालिक हुआ मजबूर, बोला- सच बहुत कड़वा है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं