विज्ञापन

इंसानियत अभी जिंदा है, केरल के युवक ने 14 घंटे सफर कर लौटाया डेबिट कार्ड, ईमानदारी से जीत लिया लोगों का दिल

केरल में एक अमेरिकी महिला पर्यटक अपना डेबिट कार्ड एटीएम में भूल गईं. कार्ड मिलने के बाद एक स्थानीय युवक ने 14 घंटे का सफर तय कर उसे खुद पहुंचाया. सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस कहानी ने लोगों का इंसानियत पर भरोसा फिर से मजबूत कर दिया.

इंसानियत अभी जिंदा है, केरल के युवक ने 14 घंटे सफर कर लौटाया डेबिट कार्ड, ईमानदारी से जीत लिया लोगों का दिल
ईमानदारी और मदद का अनूठा संगम.
Ndtv

आज के दौर में जहां लोग छोटी-छोटी बातों पर एक-दूसरे पर भरोसा करने से कतराते हैं, वहीं केरल से सामने आई एक कहानी ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक अमेरिकी महिला पर्यटक ने बताया कि कैसे एक अनजान युवक ने उसका खोया हुआ डेबिट कार्ड लौटाने के लिए 14 घंटे का सफर तय किया. इस घटना ने न सिर्फ महिला को भावुक कर दिया, बल्कि इंटरनेट पर लोगों का भरोसा भी इंसानियत पर फिर से मजबूत कर दिया. यही वजह है कि ये कहानी तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे दिल छू लेने वाली मिसाल बता रहे हैं.

एटीएम में भूल गई थीं डेबिट कार्ड

अमेरिका की रहने वाली इंडिया विटकिन केरल में अकेले घूम रही थीं. उन्होंने बताया कि एक दिन वो एटीएम से पैसे निकालने गईं, लेकिन गलती से अपना डेबिट कार्ड मशीन में ही छोड़कर आगे निकल गईं. उन्हें कार्ड के गायब होने का पता तब चला जब वो करीब पांच घंटे दूर तिरुवनंतपुरम पहुंच चुकी थीं. महिला ने तुरंत उस डीएचएल कर्मचारी से संपर्क किया, जिससे उनकी पहले बात हुई थी. उन्होंने उम्मीद की कि शायद कार्ड वहीं मिल जाए. कुछ समय बाद कार्ड मिल भी गया, लेकिन उसे वापस पहुंचाना आसान नहीं था.

फिर हुआ कुछ ऐसा जिसने सबको चौंका दिया

महिला के मुताबिक, वो जल्द ही भारत छोड़ने वाली थीं और रविवार होने की वजह से कार्ड को कुरियर से भेजना भी संभव नहीं था. ऐसे में एक स्थानीय युवक कृष्णा ने मदद का फैसला किया. कृष्णा ने अपने दो दोस्तों के साथ टुक-टुक में करीब छह घंटे का सफर तय किया और खुद जाकर महिला को कार्ड सौंपा. आने-जाने में कुल 14 घंटे लगे. खास बात ये रही कि उन्होंने ये सब अपने छुट्टी वाले दिन किया.

पैसे देने पर भी नहीं लिए

महिला ने बताया कि जब उन्होंने कृष्णा को इस मदद के बदले पैसे देने चाहे तो उन्होंने साफ मना कर दिया. कृष्णा ने कहा कि वो जानता है कि महिला बजट में यात्रा कर रही हैं, इसलिए पैसे अपने पास ही रखें. इस घटना से प्रभावित होकर महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया. वीडियो वायरल होते ही हजारों लोगों ने प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने कहा कि केरल के लोगों की ईमानदारी और मददगार स्वभाव की ऐसी कहानियां वो पहले भी सुन चुके हैं. वहीं कुछ लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां खोई हुई चीजें अक्सर सुरक्षित वापस मिल जाती हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Video, Kerala Viral Story, Zara Hatke
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com