यह ख़बर 09 जुलाई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

सात साल बाद प्रशंसकों के बीच वापस आया हैरी पॉटर...

लंदन:

लेखिका जेके रोलिंग (JK Rowling) दुनिया के 'सबसे मशहूर जादूगर' हैरी पॉटर (Harry Potter) को सात साल के अंतराल के बाद वापस लेकर आई हैं, हालांकि सिर्फ एक लघुकथा के रूप में। पॉटरमोर.कॉम (pottermore.com) पर पोस्ट की गई इस शॉर्ट स्टोरी के जरिये जेके रोलिंग ने लगभग 34 साल के हो चुके हैरी पॉटर की झलक चाहने वालों को दिखाई है, जो अब पहले की तुलना में न सिर्फ ज़्यादा रहस्यमयी हो गया है, बल्कि शादीशुदा भी है, और उसके बालों में सफेदी भी आने लगी है।

वर्ष 2007 में प्रकाशित 'हैरी पॉटर एंड द डेथली हॉलोज़' (Harry Potter and the Deathly Hallows) के बाद यह हैरी पॉटर से जुड़ा पहला अपडेट है, लेकिन साथ ही जेके रोलिंग के प्रवक्ता मार्क हचिन्सन ने स्पष्ट किया है कि हैरी पॉटर को लेकर किसी नए उपन्यास की कोई योजना नहीं है।

लगभग डेढ़ हज़ार शब्दों में लिखी गई यह कहानी हैरी पॉटर शृंखला के उपन्यासों में वर्णित जादूगरों की दुनिया के अख़बार 'डेली प्रॉफेट' (Daily Prophet) की रिपोर्टर रीटा स्कीटर (Reeta Skeeter) के गॉसिप कॉलम (गपशप कॉलम) के तौर पर लिखी गई है, जो जादूगरों के पसंदीदा खेल क्विडिच (Quiddich) वर्ल्डकप के फाइनल की रिपोर्टिंग कर रही है। यह रिपोर्ट न सिर्फ हैरी और उसकी पत्नी जिनी वीज़ली (Ginny Weasley) के बीच मौजूदा संबंधों के बारे में बताती है, बल्कि हैरी के सबसे करीबी मित्रों रॉन वीज़ली (Ronald Weasley) और हरमायनी ग्रेंजर (Hermione Granger), जो अब पति-पत्नी हैं, से भी मुलाकात करवाती है।

इस कहानी को गॉसिप कॉलम के रूप लिखकर जेके रोलिंग ने टैबलॉयड प्रेस का मज़ाक उड़ाया है, जिस पर वह वास्तविक ज़िन्दगी में उनकी और उनके परिजनों की निजी ज़िन्दगी में ताकझांक का आरोप लगाती रही हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, हैरी पॉटर के बालों में अब सफेदी झलकने लगी है, और उसके गाल पर कटने का एक रहस्यमयी निशान है, जो ऑरर (शैतान जादूगरों को पकड़ने का काम) के रूप में उसके 'टॉप सीक्रेट' काम की देन है। रीटा स्कीटर की रिपोर्ट के अनुसार हैरी पॉटर और उसके मित्र 'अब मासूम चेहरों वाले किशोर बच्चे नहीं रहे हैं, जैसे वे अपने मशहूरी के दिनों में थे'। रीटा ने इस गॉसिप रिपोर्ट में हैरी पॉटर और जिनी वीज़ली के वैवाहिक रिश्ते पर भी अटकलबाजी की है।

रीटा के मुताबिक, रॉन वीज़ली के लाल बाल अब झड़ते हुए महसूस होते हैं, और वह खासतौर पर लिखती है, हैरी पॉटर अब भी अलग से पहचाना जाने वाला गोल फ्रेम का चश्मा पहनता है, जो कुछ लोगों के मुताबिक एक ऐसे 12-वर्षीय बच्चे के चेहरे पर ही जंच सकता है, जिसे स्टाइल की समझ न हो।

रिपोर्ट से जानकारी मिलती है कि रॉन वीज़ली अब पारिवारिक जोक शॉप चलाता है, जबकि हरमायनी उच्चपदस्थ सरकारी अधिकारी - जादुई कानून क्रियानवयन विभाग की उप-प्रमुख - है। रिपोर्ट में डम्बलडोर्'स आर्मी (Dumbledore's Army) के अन्य सदस्यों लूना लवगुड (Luna Lovegood) और नेविल लॉन्गबॉटम (Neville Longbottom) आदि के बारे में भी अपडेट तो दिए ही गए हैं, यह भी बताया गया है कि जादूगरों की नई पीढ़ी, जो अब किशोरावस्था में हैं - कैसी है। इस पीढ़ी के जादूगरों में रीटा स्कीटर ने हैरी पॉटर के दोनों बेटों - जेम्स और एल्बस (James and Albus) - के अलावा रॉन व हरमायनी के बेटे और बेटी का भी ज़िक्र किया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हालांकि जेके रोलिंग लम्बे अरसे से कहती रही हैं कि 'हैरी पॉटर एंड द डेथली हॉलोज़' इस शृंखला का अंतिम उपन्यास होगा, लेकिन वह हैरी पॉटर से जुड़ी अन्य सामग्री प्रकाशित करती रही हैं, जिनमें 'द टेल्स ऑफ बीटल द बार्ड' (The Tales of Beedle the Bard) शीर्षकयुक्त कहानी संग्रह शामिल है। वैसे, इसके अलावा रोलिंग ने इस दौरान वयस्कों के लिए एक उपन्यास 'द कैज़ुअल वैकेन्सी' (The Casual Vacancy) भी लिखा है, तथा छद्मनाम 'रॉबर्ट गैलब्रेथ' (Robert Galbraith) से दो जासूसी थ्रिलर भी लिखे हैं।