विज्ञापन

जॉब इंटरव्यू में Gen Z कैंडिडेट बोला- 'शनिवार को काम नहीं करूंगा', दिल्ली के बिजनेसमैन ने फिर भी दे दी नौकरी

दिल्ली के एक एंटरप्रेन्योर ने 25 साल के उस जेन जी लड़के को नौकरी पर रख लिया जिसने इंटरव्यू के दौरान वर्क लाइफ बैलेंस के लिए शनिवार को काम करने से साफ इनकार कर दिया था. जानिए क्या थी वजह?

जॉब इंटरव्यू में Gen Z कैंडिडेट बोला- 'शनिवार को काम नहीं करूंगा', दिल्ली के बिजनेसमैन ने फिर भी दे दी नौकरी
Gen Z कैंडिडेट की साफ बातचीत ने इंटरव्यूअर को प्रभावित किया जिसकी वजह से शनिवार को काम न करने की शर्त के बाद भी उसे नौकरी मिल गई. (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Viral News: दिल्ली में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने आए एक 25 साल के जेन जी कैंडिडेट की कहानी उस वक्त वायरल हो गई, जब उसने साफ-साफ इंटरव्यूअर से कह दिया कि वो शनिवार को काम नहीं कर सकता. यह सुनकर इंटरव्यू लेने वाले पैनल ने उसे 'आलसी' कहा, जिसका बुरा माने बिना उसने जवाब दिया, 'सर, ऑफिस के बाहर भी मेरी अपनी जिंदगी है. मैं हर शनिवार को क्रिकेट खेलता हूं. 14 साल की उम्र से गिटार बजा रहा हूं. मेरा परिवार भी है जिसके लिए समय की जरूरत है.' तब इंटरव्यूअर ने कहा कि यह सब शाम 7 बजे ऑफिस खत्म होने के बाद वो मैनेज कर ले. उसके पास संडे भी रहेगा.

कैंडिडेट का सुनकर सब रह गए हैरान

दिल्ली में रहने वाले एंटरप्रेन्योर और पर्सनल ब्रांडिंग एक्सपर्ट अभिषेक अग्रवाल लिंक्डइन पर बताते हैं कि फिर लड़के ने जो जवाब दिया, उसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. उसने कहा, 'सर, मेरे बड़े भाई अमेरिका में काम करते हैं. मैं उनसे दो बार मिल चुका हूं. वहां हर कोई सोमवार से शुक्रवार तक काम करता है. वे दुनिया के सबसे कॉम्पिटिटिव और डेवलप्ड देश हैं. अगर वे हफ्ते के 5 दिनों में काम करके इतने सफल हो सकते हैं, तो हम क्यों नहीं?'

कॉर्पोरेट में तेजी से बढ़ रहा हसल कल्चर

यह सुनकर इंटरव्यू पैनल के सभी लोग हैरान रह गया और एक दूसरे की तरफ देखने लगे. क्योंकि, आमतौर पर जो उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए आते हैं, वे उनकी हर बात मान लेते हैं. वे खुद को पैशनेट बताते हुए अपना बेस्ट देने का वादा करते हैं. वे वीकेंड पर काम करने के लिए भी तैयार रहते हैं. लेकिन 8-9 महीने में उनका जोश ठंडा हो जाता है और फिर वो नौकरी छोड़ने की सोचने लगते हैं. इसे हसल कल्चर (Hustle Culture) कहते हैं जो आजकल कॉर्पोरेट वर्ल्ड में तेजी से बढ़ रहा है. लेकिन ये कैंडिटेड उन जैसा नहीं था. वो एक साफ सोच वाला और अपनी बात को खुलकर कह सकने वाला शख्स था, जिसे सिर्फ एक मौके की तलाश थी.

वीकेंड पर काम को 'No' बोलने के बाद भी मिली नौकरी

अभिषेक बताते हैं कि वे खुद उस इंटरव्यू पैनल का हिस्सा थे और उस जेन जी लड़के की साफ-सुथरी बातचीत से काफी प्रभावित हुए थे. क्योंकि वह किसी को खुश करने के लिए वहां नहीं था, वह एक मिसाल कायम करने के लिए आया था. इसी के कारण उन्होंने उसे सेल्स रोल के लिए हायर कर लिया था. 

'जिसे आलसी कहा था, वही निकला सबसे काबिल'

अभिषेक आगे बताते हैं, 'मेरा उस लड़के को हायर करने का फैसला एकदम सही साबित हुआ. उसने लगातार 2 क्वार्टर तक टीम में सबसे अच्छा परफॉर्म किया है. उसने कभी किसी क्लाइंट से झूठ नहीं बोला. उसने प्रोडक्ट की सारी खूबियां और कमियां बताईं. उसने क्लाइंट को चुनने और फैसला करने दिया. क्लाइंट्स को उसकी ईमानदारी पसंद आई. वह अब भी शनिवार को क्रिकेट खेलता है. वह अब भी गिटार बजाता है. वह अब भी अपने परिवार को समय देता है. मैंने उसे आलसी कहा था. पता चला, वह उस पूरे साल में इंटरव्यू किए गए लोगों में सबसे साफ सोच वाला इंसान था.

पोस्ट पढ़कर लोगों ने क्या कहा?

इस पोस्ट के कमेंट बॉक्स में एक यूजर ने कहा, 'शुरुआत से ही साफ उम्मीदें तय करना, हर बात पर 'हां' कहने और बाद में पछताने से कहीं बेहतर है.' 

वहीं, एक और यूजर ने कहा, 'ऐसा तभी होता है जब HR का नजरिया परिपक्व हो और वे बातों को ईगो पर लेने या भीड़-चाल चलने के बजाय सामने वाले का नजरिया समझें.'

एक तीसरे यूजर ने लिखा, 'इस बात ने मेरे दिल को छू लिया. कई बेहतरीन परफॉर्म करने वालों के साथ काम करने के बाद मैंने पाया है कि लंबे समय तक वही लोग सफल रहते हैं जो काम के साथ-साथ काम के बाहर की ज़रूरी चीजो का भी उतना ही ध्यान रखते हैं.'

चौथे यूजर ने लिखा, 'ईमानदारी और उम्मीदें तय करने वाली आपकी बात से मैं पूरी तरह सहमत हूं. किसी भी कर्मचारी के लिए स्पष्ट सीमाएं तय करना वास्तव में अच्छा होता है, और जब कोई इस बारे में खुलकर बात करता है तो यह बहुत अच्छा लगता है.'

ये भी पढ़ें:- 97 की उम्र में महिला ने किया अक्षय कुमार जैसा खतरनाक स्टंट, हवा में उड़ते प्लेन पर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gen Z Workforce, Work Life Balance, Saturday Work Refusal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com