कई बार बच्चों की कही एक छोटी सी बात बड़े-बड़ों को सोचने पर मजबूर कर देती है. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसी ही कहानी लोगों का ध्यान खींच रही है. एक मां ने अपने बेटे के साथ हुई बातचीत शेयर की, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह बात हजारों लोगों के दिल को छू जाएगी. मामला सिर्फ एक ग्रीटिंग कार्ड बनाने के वादे का था, लेकिन शाम होते-होते बातचीत ऐसे मोड़ पर पहुंच गई कि मां खुद भी चौंक गई. बच्चे ने जो सवाल पूछा, उसने सिर्फ अपनी मां ही नहीं, बल्कि उन तमाम माता-पिता को सोचने पर मजबूर कर दिया जो रोज काम और परिवार के बीच बैलेंस बनाने की कोशिश करते हैं.
एक वादा, जो पूरा नहीं हो पाया
महिला के मुताबिक, सुबह स्कूल जाने से पहले उसके 7 साल के बेटे ने पूछा कि क्या शाम को लौटने के बाद दोनों मिलकर एक ग्रीटिंग कार्ड बना सकते हैं. मां ने इसके लिए हामी भर दी. लेकिन दिन भर काम में व्यस्त रहने के कारण वह समय पर घर नहीं पहुंच सकी. ऑफिस से निकलने, बेटे को लेने और घर पहुंचने में काफी देर हो गई. घर पहुंचने पर मां ने देखा कि बेटा कुछ उदास है. जब उसने वजह पूछी तो बच्चे ने ऐसा सवाल कर दिया जिसकी उसे उम्मीद नहीं थी. बेटे ने पूछा, "आपके लिए ज्यादा जरूरी कौन है, मैं या आपका ऑफिस?"
मां ने तुरंत जवाब दिया कि उसके लिए दुनिया में सबसे ज्यादा अहम उसका बेटा है. उसने यह भी पूछा कि क्या उसे पहले से यह बात पता नहीं थी. लेकिन बेटे का सवाल उसके मन में लंबे समय तक घूमता रहा.
रात में हुई दिल छू लेने वाली बातचीत
महिला ने बताया कि रात को बेटे के सोने से पहले वह उसके पास बैठी और उसे समझाने की कोशिश की कि कई बार काम की वजह से देर हो जाती है. उसने बेटे से कहा कि काम का दबाव और जिम्मेदारियां कभी-कभी समय छीन लेती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसकी अहमियत कम हो गई है. मां ने बेटे को भरोसा दिलाया कि वह उसकी जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा है और हमेशा रहेगा.
सोशल मीडिया पर शुरू हुआ डिस्कशन
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर रिएक्शन्स दिए. कई लोगों ने कहा कि वे भी ऐसी सिचुएशन से गुजर चुके हैं और बच्चों को समय न दे पाने का गिल्ट अक्सर महसूस करते हैं. वहीं कुछ लोगों ने मां की तारीफ करते हुए कहा कि बच्चों से खुलकर बात करना और उन्हें चीजें समझाना बेहद जरूरी है. कुल मिलाकर एक छोटे से सवाल ने सोशल मीडिया पर पैरेंटिंग, परिवार और कामकाजी जिंदगी को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है और कई लोगों को गहराई से सोचने पर मजबूर कर दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं