Dubai Crown Prince self driving car: दुबई एक बार फिर भविष्य की झलक दिखाने में सबसे आगे नजर आया है. दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बिना ड्राइवर की सेल्फ-ड्राइविंग कार में सफर करते दिख रहे हैं. इस वीडियो ने न सिर्फ उनके फैंस को चौंकाया, बल्कि तकनीक और नेतृत्व को लेकर भी चर्चा छेड़ दी है.
शेख हमदान ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो में आप देख सकते हैं कि वह एक ऑटोनॉमस कार के अंदर बैठे दिखाई देते हैं और उनके हाथ किसी भी कंट्रोल पर नहीं होते. उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है- हैंड्स ऑफ, फ्यूचर ऑन. यह लाइन देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
वीडियो में एक दिलचस्प पल भी सामने आता है. कार के अंदर एक आवाज़ सुनाई देती है, हाइनेस, क्या मैं आपके साथ एक सेल्फी ले सकता हूं? इस पर शेख हमदान मुस्कुराते हुए तुरंत जवाब देते हैं- हां, जरूर. यह आवाज़ लियांग झांग, जो कि Baidu की Apollo Go सर्विस के यूरोप और MENA क्षेत्र के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, उनकी बताई जा रही है.
देखें Video:
दुबई की सड़कों पर ड्राइवरलेस कारों की टेस्टिंग
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई की Roads and Transport Authority (RTA) ने Baidu की Apollo Go को सार्वजनिक सड़कों पर पूरी तरह ऑटोनॉमस वाहनों की टेस्टिंग का पहला लाइसेंस दिया है, जिसमें किसी सेफ्टी ड्राइवर की जरूरत नहीं होगी. यह ट्रायल कुछ चुनिंदा इलाकों- जुमैरा, ज़ाबील में किया जा रहा है. इसके अलावा कंपनी ने दुबई साइंस पार्क में अपना ऑटोनॉमस व्हीकल ऑपरेशन और कंट्रोल सेंटर भी शुरू किया है.
चीन के बाहर पहली बार ऑपरेशन
Baidu की Apollo Go सर्विस के लिए यह एक ऐतिहासिक कदम है, क्योंकि यह पहली बार है जब कंपनी की सेल्फ-ड्राइविंग सेवा चीन के बाहर संचालित हो रही है. वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. एक यूज़र ने लिखा, भविष्य के लिए तैयार नेतृत्व. दूसरे ने कहा, यह भविष्य है. किसी ने लिखा, यह दुबई का भविष्य है. कई यूज़र्स ने दिल वाले इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी.
कौन हैं शेख हमदान?
शेख हमदान सिर्फ दुबई के क्राउन प्रिंस ही नहीं, बल्कि यूएई के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर, रक्षा मंत्री, और Dubai Executive Council के चेयरमैन भी हैं. उन्होंने अपनी पढ़ाई London School of Economics (LSE) और Mohammed Bin Rashid School of Government से की है. साथ ही, वह Royal Military Academy Sandhurst का भी हिस्सा रह चुके हैं.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: हाईवे पर प्लॉट, सोना, लाखों कैश... पहले जन्मदिन पर बच्चे को मिले ऐसे तोहफे, जो कमाने में लग जाए पूरी जिंदगी
समुद्र की गहराई में दिखा स्कूल बस जितना रहस्यमयी जीव, दुर्लभ Video देख वैज्ञानिक भी चौंके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं