एक सदी से भी ज्यादा समय पहले जिनके पूर्वज इटली से अमेरिका गए थे, अब उसी परिवार का एक सदस्य अपनी जड़ों की ओर लौट आया है. अमेरिकी वकील वीटो एंड्रिया रैकानेली ने अपने परिवार के साथ अमेरिका के डेनवर से इटली के ग्रामीण इलाके टस्कनी में बसने का फैसला किया और करीब 10 लाख डॉलर (लगभग 8 करोड़ रुपये) में एक ऐतिहासिक फार्महाउस खरीद लिया.
सस्ते घर की जगह चुना इतिहास
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, जहां कई विदेशी खरीदार इटली में सस्ते घरों की तलाश करते हैं, वहीं रैकानेली ने कुछ अलग सोचा. उन्होंने सिएना के पास छोटे से गांव रेडिकोंडोली में एक पुरानी शाही संपत्ति खरीदी. उनका मकसद सस्ते सौदे की बजाय खुली जगह, ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता को पाना था. यह संपत्ति 1750 के आसपास की मानी जाती है और पहले एक स्वावलंबी ग्रामीण बस्ती (बोर्गो) का हिस्सा थी. फार्महाउस ‘पोदेरे डोग्लियो' नाम से जाना जाता है और इसमें स्विमिंग पूल के साथ करीब 5 हेक्टेयर जमीन भी शामिल है. यह एक बड़े नेचर रिजर्व के पास स्थित है.
परिवार के साथ नई जिंदगी की शुरुआत
रैकानेली अगस्त 2024 में अपनी पत्नी लिन और बच्चों वीटो (16) और कार्मेन (13) के साथ इटली शिफ्ट हो गए थे. फिलहाल, परिवार घर के एक हिस्से में रह रहा है, जबकि बाकी हिस्सों में मरम्मत और रिकंस्ट्रक्शन का काम जारी है. इस फैसले के पीछे उनकी इच्छा एक सुरक्षित और ज्यादा अच्छी लाइफस्टाइल अपनाने की थी. परिवार पहले भी कई बार इटली घूमने आया था और यहां के प्राकृतिक नज़ारों, वास्तुकला और लोगों की गर्मजोशी से प्रभावित था.
जड़ों से जुड़ने का अवसर
कोलोराडो में अपना घर बेचने के बाद रैकानेली ने अपनी दादी के माध्यम से इटैलियन नागरिकता हासिल की, जिनका संबंध दक्षिणी इटली के मोलिसे क्षेत्र से था. केवल 8 महीनों के भीतर परिवार ने अपनी पूरी जिंदगी समेटकर टस्कनी में नई शुरुआत कर दी. हालांकि, उनके पारिवारिक संबंध दक्षिणी इटली से थे, लेकिन उन्होंने रेडिकोंडोली को इसकी लोकेशन और वहां के समुदाय की अपनत्व भरी भावना के कारण चुना. गांव के लोगों के सहयोग और माहौल ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने उसी दिन इस संपत्ति को खरीदने का फैसला कर लिया. रैकानेली परिवार के लिए यह सिर्फ एक प्रॉपर्टी खरीदना नहीं, बल्कि अपनी विरासत से जुड़ने और प्रकृति के बीच शांत, संतुलित जीवन जीने की नई शुरुआत है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: 145 साल में पहली बार! दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे को मिली पहली महिला TTE
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं