- यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने G20 समिट में रूस के पुतिन से युद्ध खत्म करने के लिए मिलने की इच्छा जताई है
- क्रेमलिन ने स्पष्ट किया कि पुतिन केवल मॉस्को में जेलेंस्की से मिलने के लिए तैयार हैं, किसी अन्य जगह पर नहीं
- रूस के विदेश मंत्री लावरोव ने जेलेंस्की की लगातार यात्राओं की आलोचना करते हुए मॉस्को आने का सुझाव दिया है
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि वे युद्ध खत्म करने पर बातचीत के लिए मियामी में होने वाले G20 समिट में रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन से मिलने को तैयार हैं. हालांकि, रूस के राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने तुरंत ही इस संभावना को खारिज कर दिया.
रूस का क्लियर जवाब
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने शनिवार को नई दिल्ली में कहा, "यह असंभव है." उन्होंने मॉस्को की इस मांग को दोहराया कि बैठक केवल रूसी राजधानी में ही हो सकती है. जी 20 सम्मेलन 14-15 दिसंबर को होना है और अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि पुतिन इसमें शामिल होंगे या नहीं. जब उनसे पूछा गया कि क्या क्रेमलिन ज़ेलेंस्की के साथ बैठक के लिए किसी वैकल्पिक जगह पर विचार कर रहा है, तो पेस्कोव ने जवाब दिया, "उनसे मॉस्को में मिलने की तैयारी है."
पुतिन ने जेलेंस्की के साथ आमने-सामने की बैठक के प्रस्तावों को बार-बार ठुकराया है. इन बैठकों का मकसद चार साल से ज्यादा समय से चल रहे युद्ध को खत्म करना था, जिसमें हजारों लोग मारे गए हैं और दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं.
'जेलेंस्की की तरह खाली नहीं'
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भी मियामी में G20 समिट के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के जेलेंस्की के प्रस्ताव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि व्लादिमीर जेलेंस्की लगातार यात्राएं करते रहते हैं, जबकि रूसी नेतृत्व को देश में जरूरी कामों पर ध्यान देना होता है. उन्होंने कहा, "जेलेंस्की यात्राएं करते रहते हैं, वे कभी घर पर नहीं होते, जबकि हमें देश में कुछ काम करने होते हैं." लावरोव ने आगे कहा कि अगर जेलेंस्की मिलना चाहते हैं, तो वे बातचीत के लिए मॉस्को आ सकते हैं.
हालांकि, रूसी मीडिया के अनुसार, क्रेमलिन ने रविवार को कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद यूरोप के सबसे बुरे संघर्ष को खत्म करने के लिए यूक्रेन और अमेरिका के साथ तीन-तरफा बातचीत अक्टूबर में हो सकती है. रूस की रिया और तास समाचार एजेंसियों के हवाले से क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पत्रकारों से कहा, "हम ऐसी संभावना से इनकार नहीं करते; हम निकट भविष्य की बात कर रहे हैं." कुल मिलाकर इससे ये पता चलता है कि पुतिन बगैर किसी ठोस कागजी कार्यवाही के जेलेंस्की से नहीं मिलेंगी.
यह भी पढ़ें-
इजरायल ने अपने प्रधानमंत्रियों के हेयरकट और मेकअप पर 4,49,00,000 रुपये खर्च किए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं