विज्ञापन

फ्रांस में पर्यटकों की छोटे बच्चे जेब कर देते थे साफ, रोज की कमाई 27 लाख रुपये, सरगना को 8 साल कैद की सजा

माना जाता है कि गिरोह का सरगना हामिडोविच और उनकी पत्नी ने लगभग €2 मिलियन जमा किए थे, जिसमें से ज्यादातर पैसा विदेश में छिपाया गया है. यह जोड़ा अपना कुछ समय क्रोएशिया के एड्रियाटिक समुद्र तटीय रिजार्ट में बिताता था.

फ्रांस में पर्यटकों की छोटे बच्चे जेब कर देते थे साफ,  रोज की कमाई 27 लाख रुपये, सरगना को 8 साल कैद की सजा
फांस की डिज्नीलैंड भी इन पॉकेटमारों का अड्डा था.
  • पेरिस में बच्चों की जेबकतरी गैंग का सरगना रॉबर्टो हामिडोविच मानव तस्करी के आरोप में जेल भेजा गया
  • हामिडोविच परिवार आलीशान जीवन जीते थे जबकि बच्चों को सस्ते और अवैध ठिकानों में रखा जाता था
  • गिरोह के सात सदस्यों पर मानव तस्करी, संगठित चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप लगाए गए थे

यदि आपको लगता है कि एशियाई देशों में ही जेबकतरी होती है तो आप गलत हैं. फ्रांस की राजधानी पेरिस मेट्रो और डिज़्नीलैंड पेरिस जैसी मशहूर जगहों पर पर्यटकों को निशाना बनाने के लिए बच्चों की जेबकतरी गैंग भेजने वाले एक गिरोह के सरगना को मानव तस्करी के आरोप में जेल भेज दिया गया है. पुलिस के मुताबिक, 48 साल के रॉबर्टो हामिडोविच ने बच्चों (ज्यादातर लड़कियां, जिनमें से कुछ की उम्र सिर्फ 10 साल थी) का एक चोर गिरोह बनाया हुआ था. ये बच्चे रोज़ाना औसतन €25,000 (£21,500) कमाकर लाते थे. भारतीय रुपये में करीब 27 लाख रुपये से भी ज्यादा प्रतिदिन.

पेरिस की अदालत को बताया गया कि अगर डरे-सहमे बच्चे काफी पैसे नहीं ला पाते थे, तो उन्हें पीटा जाता था, जलाया जाता था या उनका यौन शोषण किया जाता था. वहीं गिरोह के सरगना बोस्नियाई मूल के रोमा परिवार के मुखिया हामिडोविच और परिवार के वयस्क सदस्य शानदार जिंदगी जीते थे. वे डिजाइनर कपड़े पहनते थे, फाइव-स्टार होटलों और महंगे रेस्तरां में जाते थे, महंगी कारें इस्तेमाल करते थे और कसीनो में पैसे उड़ाते थे, जबकि लड़कियों को सस्ते होटलों या जर्जर और अवैध ठिकानों पर रखा जाता था.

जांचकर्ताओं के अनुसार, 'हामिदोविच गिरोह' के सात सदस्यों (चार पुरुष और तीन महिलाओं) पर मानव तस्करी, संगठित चोरी, नाबालिगों को अपराध के लिए उकसाने, मनी लॉन्ड्रिंग और आपराधिक गिरोह का हिस्सा होने के आरोप में मुकदमा चलाया गया. जांचकर्ताओं का कहना है कि यह गिरोह कई यूरोपीय देशों में फैला हुआ एक अंतरराष्ट्रीय जेबकतरा नेटवर्क है. हालांकि, इन सभी ने आरोपों से इनकार किया. अदालत ने हामिदोविच को अधिकतम आठ साल की जेल और €500,000 (£430,000) का जुर्माना लगाया; उनकी पत्नी लेजला को छह साल की जेल और €300,000 का जुर्माना हुआ. इस जोड़े के दो बेटों, एक भतीजे और दो महिला रिश्तेदारों को पांच से सात साल की जेल और जुर्माने की सजा सुनाई गई. सभी को बताया गया कि रिहाई के बाद उन्हें देश से निकाल दिया जाएगा और फ्रांस में उनके प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा.

पूरा परिवार ही ऐसा ही

दशकों से हामिदोविच नेटवर्क की जांच कर रहे जांचकर्ताओं को पुरानी घटनाओं की याद ताजा हो आई. 2010 में, फ्रांसीसी पुलिस ने बताया कि रॉबर्टो हामिदोविच के चाचा फेहमी (58) को ऑस्ट्रिया में मानव तस्करी के लिए पहले ही दोषी ठहराया जा चुका था. रॉबर्टो हामिदोविच को रोम के पास उनके दो बेटों और गिरोह के एक दर्जन अन्य सदस्यों के साथ फ्रांस के दक्षिण और इटली में गिरफ्तार किया था. उस समय, पेरिस की न्यायिक पुलिस के प्रमुख क्रिश्चियन फ्लैश ने कहा था: "ऐसा लगता है जैसे हमने मध्ययुगीन काल के किसी ढांचे को तोड़ दिया हो." 2013 में फेहमी हामिडोविच को दोषी ठहराए जाने और सात साल की जेल की सजा मिलने के बाद, उसके भतीजे रॉबर्टो ने गिरोह की कमान संभाल ली. माना जाता है कि यह गिरोह पेरिस मेट्रो में होने वाली 75% तक चोरियों के लिए जिम्मेदार था. हालांकि, अदालत में रॉबर्टो हामिडोविच ने दावा किया कि वह पुरानी कार बेचने का काम करता है और महीने में €2,000 से €5,000 तक कमाता है.

विदेशी पर्यटक निशाने पर

जांचकर्ताओं ने बताया कि हर दिन छह से नौ युवाओं के समूहों को डिज्नीलैंड पेरिस, चार्ल्स डी गॉल एयरपोर्ट और मेट्रो में भेजा जाता था और उन्हें विदेशी पर्यटकों को निशाना बनाने के लिए कहा जाता था. डिज्नीलैंड में वे शाम की परेड के लिए जमा हुई भीड़ में घुल-मिल जाते थे. वे बैंक के कैश मशीनों के आस-पास घूमते थे, ग्राहकों के पिन नंबर डालने का इंतजार करते थे, फिर उन्हें घेरकर पैसे और उनके वॉलेट चुरा लेते थे. माना जाता है कि हामिडोविच और उनकी पत्नी ने लगभग €2 मिलियन जमा किए थे, जिसमें से ज्यादातर पैसा विदेश में छिपाया गया है. यह जोड़ा अपना कुछ समय क्रोएशिया के एड्रियाटिक समुद्र तटीय रिजार्ट में बिताता था.

यह भी पढ़ें-

UN मानवाधिकार परिषद में पाकिस्तान को भारत के इस अधिकारी ने रुला दिया, जानिए हुआ क्या

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
France, Theif, Theif Gang Exposed
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com