रूस और यूक्रेन के बीच की जंग को शुरू हुए करीब 4 साल होने वाले हैं लेकिन शांति की उम्मीद नजर नहीं आ रही है. बातचीत और समझौते की हर कोशिश पर हमलों की जमीनी सच्चाई भारी पड़ रही है. यूक्रेन ने कहा कि देश के पूर्वी भाग में खादान में काम करने वाले कामगारों को ले जा रही बस पर रूस ने ड्रोन हमला किया. हमले में 12 कामगार मारे गए हैं और कम से कम 15 लोग घायल हो गए हैं. दूसरी तरफ ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने चेतावनी दी है कि उनके देश पर कोई भी हमला क्षेत्रीय संघर्ष को जन्म देगा. उनका यह बयान उस समय आया है जब अमेरिका खाड़ी में अपनी सेना तैनाती बढ़ाते जा रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी दबाव कम नहीं कर रहे हैं.
हम आपके लिए लेकर आए हैं दुनिया की खबरों का यह लाइव ब्लॉग जहां आपको पूरी दुनिया में क्या कुछ हो रहा है, इसकी खबर एक साथ देंगे, तुरंत देंगे. पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से लेकर दूर देश अमेरिका तक, हर बड़ी ब्रेकिंग खबर और उसकी एनालिसिस पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहे.
World News Live Updates Today 2nd February 2026
Live World News Updates: हिज्बुल्लाह आतंकी दाऊद अमिच को इजरायल ने लेबनान में मार गिराया
इजरायल रक्षा बल ने पुष्टि की कि उसने रविवार, 2 फरवरी को हिज़्बुल्लाह आतंकवादी अली दाऊद अमिच पर हमला किया और उसे मार डाला, जो हिज़्बुल्लाह इंजीनियरिंग विभाग में एक शाखा के प्रमुख के रूप में काम करता था.
Live World News Updates: अमेरिका एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए क्यूबा के नेतृत्व के साथ बात कर रहा- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिका एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए क्यूबा के नेतृत्व के साथ बातचीत कर रहा है. इससे कुछ दिन पहले ही उन्होंने क्यूबा की संकटग्रस्त अर्थव्यवस्था को एक तेल नाकाबंदी की धमकी दी थी. ट्रंप ने फ्लोरिडा के पाम बीच में अपने मार-ए-लागो एस्टेट में मीडिया से बात करते हुए कहा, "क्यूबा एक असफल राष्ट्र है. यह लंबे समय से है, लेकिन अब इसे सहारा देने के लिए वेनेजुएला नहीं है. इसलिए हम क्यूबा के लोगों, क्यूबा के सर्वोच्च लोगों से बात कर रहे हैं कि क्या होता है.मुझे लगता है कि हम क्यूबा के साथ एक समझौता करने जा रहे हैं." हालांकि ट्रंप ने कोई संकेत नहीं दिया कि इस तरह के समझौते में क्या शामिल हो सकता है.
Live World News Updates: यूक्रेन में बस पर रूस का ड्रोन हमला, 12 कामगारों की मौत
यूक्रेन के मध्य-पूर्वी निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र में खदान श्रमिकों को ले जा रही एक बस पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम 12 लोग मारे गए हैं. पुलिस के अनुसार, बस फ्रंट लाइन से लगभग 65 किमी दूर चल रही थी. यूक्रेन की इमरजेंसी सर्विस ने हमले के बाद की तस्वीर जारी की है, जिसमें एक बुरी तरह से जली हुई बस दिखाई दे रही थी, उसकी साइड की खिड़कियां टूटी हुई थीं और सामने की ओर विंडस्क्रीन लटकी हुई थी.