विज्ञापन
This Article is From May 10, 2014

पुतिन के क्रीमिया दौरे से अमेरिका, यूरोपीय संघ नाराज

पुतिन के क्रीमिया दौरे से अमेरिका, यूरोपीय संघ नाराज
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
कीव:

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के क्रीमिया दौरे ने अमेरिका और यूरोपीय संघ को नाराज कर दिया है। अमेरिका ने जहां इसे 'भड़काऊ और अनावश्यक' करार दिया है, वहीं यूरोपीय संघ ने इसकी निंदा करते हुए इसे तनाव बढ़ाने वाला कदम बताया है। इस बीच, यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में रूसी समर्थकों और यूक्रेन के सुरक्षा बलों के बीच झड़प की खबर भी है।

'बीबीसी' के अनुसार, अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता जेनिफर साकी ने संवाददाताओं से कहा, हमारी नजर में यह दौरा भड़काऊ और अनावश्यक है। क्रीमिया यूक्रेन का हिस्सा है और यह यूक्रेन की संप्रभुता का उल्लंघन है। हम निश्चित तौर पर इस संबंध में रूस की ओर से उठाए जाने वाले गैर-कानूनी एवं अवैध कदमों को मान्यता नहीं देते।

अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता लॉरा मैग्नुसन ने इसे तनाव बढ़ाने वाला करार दिया। यूरोपीय संघ की विदेश नीति की प्रमुख कैथरीन एश्टन की प्रवक्ता माजा कोशिजानसिक ने क्रीमिया के सेवास्तोपोल में सैन्य परेड के दौरान पुतिन की उपस्थिति पर दुख जताया।

पुतिन शुक्रवार को क्रीमिया के सेवास्तोपोल शहर पहुंचे, जहां उन्होंने दूसरे विश्वयुद्ध में जर्मनी पर रूस की जीत की 69वीं वर्षगांठ और नाजियों से सेवास्तोपोल की मुक्ति के 70 वर्ष पूरे हो जाने के मौके पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया।

रूस के क्रीमिया पहुंचने के तुरंत बाद यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि इससे रूस तथा यूक्रेन के रिश्तों में तनाव बढ़ेगा। उधर, पुतिन की क्रीमिया यात्रा के बाद यूक्रेन के दक्षिणी-पूर्वी हिस्से में ताजा झड़प हुई है।

यूक्रेन के आंतरिक मामलों के मंत्री आर्सेन अवाकोव ने कहा कि मारियूपोल में हुई ताजा झड़प में 20 रूसी समर्थक और यूक्रेन के एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई। यूक्रेन की सरकार का कहना है कि रूसी समर्थकों ने एक पुलिस मुख्यालय में उत्पात मचाने की कोशिश की, जिसे नियंत्रित करने के लिए यूक्रेन के सुरक्षा बलों ने गोली चलाई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का हालांकि कहना है कि सुरक्षा बलों ने निहत्थे लोगों पर गोली चलाई, जो पुलिस मुख्यालय के भीतर प्रदर्शन कर रहे थे।

गौरतलब है कि क्रीमिया की संसद ने 17 मार्च को यूक्रेन से खुद को स्वतंत्र घोषित कर लिया। बाद में हुए एक जनमत संग्रह में क्रीमिया ने रूसी संघ में शामिल होने के पक्ष में मतदान किया। रूस और क्रीमिया ने 18 मार्च को क्रीमिया व सेवास्तोपोल गणराज्य को रूस में शामिल करने की संधि पर हस्ताक्षर किए। यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने हालांकि इस जनमत संग्रह को अवैध करार दिया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com